SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले लगा हार्ट अटैक है, फिर पता चला गोली लगी है... टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के बिल्कुल पास खड़े थे उमेश चव्हाण; सुनाई वो खौफनाक आपबीती

मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग में घायल हुए ऑटो ड्राइवर उमेश चव्हाण इस वक्त अस्पताल में भर्ती हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी खौफनाक दास्तां सुनाई है. जब उनको गोली लगी थी तब उनको ये अहसास नहीं था कि वे घायल हो गए हैं उनको लगा हार्ट अटैक आया है और वे लोगों से मदद की गुहार लगा रहे थे.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 21, 2026, 08:39 AM IST | Updated: Oct 21, 2026, 09:32 AM IST
Image Credit: टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग में घायल हुए ऑटो ड्राइवर उमेश चव्हाण
Join

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने हर किसी को हिलाकर रख दिया. इस खौफनाक हादसे में घायल हुए ऑटो ड्राइवर उमेश चव्हाण ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए अपनी आपबीती सुनाई, जो इस वक्त अस्पताल में भर्ती हैं. इस हमले में उनको भी गोली लगी है. IANS से बात करते हुए उमेश ने बताया कि घटना वाले दिन शाम के करीब 7 बजे टाइगर फुटबॉल खेलकर वहां से बाहर निकल रहे थे और उमेश उनकी कार की खिड़की के बिल्कुल पास खड़े थे और एक्टर का वीडियो बना रहे थे.

अचानक एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और उनके सीने में तेज दर्द उठने लगा. उमेश के मुताबिक, आवाज सुनकर उन्हें एक पल के लिए लगा कि शायद कार का टायर फटा है, लेकिन अगले ही पल उनका दम घुटने लगा और सीने में जलन होने लगी. दर्द इतना भयानक था कि वे जमीन पर गिर पड़े और जोर-जोर से मदद के लिए चीखने लगे. उन्हें जरा सा भी अंदाजा नहीं था कि उनको गोली लगी है. उमेश उस वक्त बदहवास हालत में लोगों से रोते हुए कह रहे थे, ‘मेरे सीने में बहुत तेज दर्द हो रहा है. कोई प्लीज मेरा सीना जोर से दबाओ, मुझसे सांस नहीं ली जा रही है’.

अस्पताल पहुंचकर हुआ गोली लगने का खुलासा

वहां मौजूद लोग तुरंत उमेश को नजदीकी कूपर अस्पताल लेकर भागे. डॉक्टरों ने जब जांच शुरू की, तब जाकर इस बात का पता चला कि उनके सीने में गोली लगी है. शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल में शिफ्ट कर दिया. उमेश पेशे से ऑटो ड्राइवर हैं और वे उस शाम सिर्फ अपने चहेते स्टार टाइगर श्रॉफ को देखने और उनके साथ एक अच्छी फोटो खिंचवाने के लिए वहां पहुंचे थे. एक आम फैन के तौर पर वहां जाना उनके लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दर्दनाक हादसा बन गया और उनकी जिंदगी खतरे में पड़ गई.

निशाना कोई, शिकार कोई: टाइगर से पहले शूटर्स ने की थी सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी, भारी सिक्योरिटी देख बदला प्लान

परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़

अस्पताल के बिस्तर पर पड़े उमेश इस समय अपने शरीर के दर्द से ज्यादा अपने परिवार के भविष्य को लेकर डरे हुए हैं. उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने की वजह से उनकी पूरी कमाई बंद हो गई है और आर्थिक तंगी आ गई है. उमेश की पत्नी इस समय प्रेग्नेंट हैं और घर में एक छोटा सा बच्चा भी है. घर में पत्नी और बच्चे की देखरेख करने वाला दूसरा कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है. उमेश दिन-रात दो-दो जगह काम करके बड़ी मुश्किल से अपने परिवार का पेट पालते थे. अब इस गोलीबारी ने उनके परिवार को सड़क पर ला खड़ा किया है. 

दूसरा सेलिब्रिटी था शूटरों का असली निशाना

इस सनसनीखेज मामले में मुंबई पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है कि उनका पहला टारगेट टाइगर श्रॉफ नहीं थे. जांच एजेंसियों को शक है कि शूटर बॉलीवुड के किसी दूसरे बहुत बड़े सेलिब्रिटी को अपना निशाना बनाने आए थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके टारगेट पर सलमान खान थे, जिसके घर की वे कई बार रेकी कर चुके थे, लेकिन भारी सिक्योरिटी को देखते हुए उन्होंने अपना प्लान चेंज कर दिया और टाइगर को अपना शिकार बनाया.

सोशल मीडिया से जुटाई सुरक्षा की जानकारी

बताया जा रहा है कि जब तीनों शूटर अपने मैन टारगेट तक पहुंचने में नाकाम रहे, तब उन्होंने टाइगर को अपने शिकार के तौर पर चुना. हमलावरों ने सोशल मीडिया पर टाइगर के फैंस द्वारा पोस्ट की जाने वाली इंस्टाग्राम रील्स को खंगालना शुरू किया. इन वीडियोज को देखकर शूटरों को समझ आ गया कि टाइगर जब जिम या खेल के मैदान में जाते हैं, तो उनके साथ कोई भारी पुलिस सिक्योरिटी या गार्ड्स का सख्त पहरा नहीं रहता. इसके बाद उन्होंने टाइगर को ही अपना अगला टारगेट बनाने का पक्का फैसला कर लिया और उनकी हर एक्टिविटी पर नजर रखने लगे.

इंटरनेट पर वीडियो देखकर की थी रेकी

जांच अधिकारियों को जांच के दौरान पुख्ता जानकारी मिली है कि शूटरों ने टाइगर श्रॉफ के आने-जाने के रास्तों और समय का पूरा ब्योरा सोशल मीडिया से निकाला था. आरोपियों ने एक्टर के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट और उनके फैंस क्लब के वीडियोज का इस्तेमाल डिजिटल रेकी के लिए किया था. शूटर लगातार ये ट्रैक कर रहे थे कि टाइगर किस समय जुहू आते हैं, कब निकलते हैं और कार में किस तरफ बैठते हैं. इस पूरी डिजिटल प्लानिंग के जरिए आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने का खौफनाक जाल बिछाया था, जिसकी चपेट में एक निर्दोष ऑटो ड्राइवर आ गया.

पूरी फिल्म इंडस्ट्री में खौफ फैलाना था मकसद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटरों का मैन मकसद सिर्फ गोली चलाना नहीं था, बल्कि टाइगर श्रॉफ की हत्या करके पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपने नाम का खौफ पैदा करना था. वे फिल्म जगत में दहशत का ऐसा माहौल बनाना चाहते थे, जिससे बड़े सितारों में डर बैठ जाए. हालांकि, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इन दावों की पूरी और आधिकारिक पुष्टि पूरी जांच होने के बाद ही की जाएगी. फिलहाल जुहू पुलिस हर पहलू, एंगल और कॉल रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस पूरी साजिश के पीछे छिपे बड़े चेहरों को बेनकाब किया जा सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES