हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे और बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग मामले में अब एक बेहद चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है. जांच से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शूटर्स का असली टारगेट असल में टाइगर थे ही नहीं. शूटर्स तो बॉलीवुड के किसी और बड़े सुपरस्टार को निशाना बनाने की फिराक में मुंबई पहुंचे थे. जब जांच एजेंसियों ने पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तब जाकर इस पूरी साजिश की परतें खुलीं. सूत्रों के मुताबिक हमलावरों की रडार पर कोई और नहीं, बल्कि सलमान खान थे.
मुंबई पहुंचने के बाद तीनों हमलावरों ने सबसे पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास अच्छी तरह रेकी की थी. मगर वहां का नजारा देखकर उनके पसीने छूट गए. गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हर तरफ भारी तादाद में पुलिस बल और कमांडो तैनात थे. इतनी भारी सिक्योरिटी को भेद पाना हमलावरों को नामुमकिन लग रहा था. इसी वजह से शूटर्स ने तुरंत अपना प्लान बदला, जिसके बाद शूटर्स का ध्यान टाइगर की ओर गया और उन्होंने उन्हें निशाना बनाया. 18 अक्टूबर को टाइगर की गाड़ी पर अचानक पांच राउंड गोलियां दाग दी गईं.

टाइगर श्रॉफ पर हुए इस सनसनीखेज हमले की पूरी जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. जांच में सामने आया है कि लॉरेंस गैंग को टाइगर का सलमान खान के साथ काम करना बिल्कुल रास नहीं आया. इसी खुन्नस में उन्होंने टाइगर को अपना शिकार बनाया. सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की ये दुश्मनी सालों पुरानी है. ये पूरा मामला काले हिरण के शिकार से जुड़ा हैं, जिसको आज तक थमा नहीं. लॉरेंस की लगातार यही मांग रही है कि सलमान खान पूरे बिश्नोई समाज के मंदिर जाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, तभी ये मामला शांत होगा.
लॉरेंस और उसका साथी गोल्डी बराड़ कई बार सलमान खान को निशाना बनाने का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर चुके हैं. इसके लिए दबंग खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट से लेकर उनके पनवेल वाले फार्महाउस तक की कई दिनों तक लगातार रेकी करवाई गई थी. सलमान के फैंस को सबसे बड़ा झटका तब लगा था, जब 14 अप्रैल 2026 की सुबह गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सरेआम गोलियां चली थीं. दो बाइक सवार बदमाशों ने बालकनी और दीवारों पर दनादन फायरिंग की थी. उस वक्त भी हमले की जिम्मेदारी इसी गैंग ने ली थी, जिसके बाद सिक्योरिटी सख्त कर दी गई.

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई जेल की सलाखों के पीछे बंद होने के बावजूद वहीं से बैठकर सलमान खान को लगातार डराने और धमकाने का काम कर रहा है. अब सीधे सलमान तक पहुंचना मुश्किल हुआ, तो एक्टर से जुड़े लोगों को एक-एक करके निशाना बनाया जाने लगा. टाइगर श्रॉफ से पहले भी इस गैंग ने कई नामी चेहरों को डराने की कोशिश की, जिसमें मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा, सिंगर एपी ढिल्लों और फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के ठिकानों पर फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं. गैंग लगातार बॉलीवुड से जुड़े लोगों में अपना डर बैठाने की साजिश रच रहा है.
इस पूरे खौफनाक सिलसिले में सबसे दर्दनाक और दुखद मामला राजनेता बाबा सिद्दीकी का सामने आया. साल 2024 में सलमान खान के सबसे करीबी और पुराने दोस्त बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस मर्डर ने पूरे देश और बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया था. बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सलमान खान के घर और उनके आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का पहरा 24 घंटे बेहद सख्त रखा जा रहा है, ताकि कोई अनहोनी न हो सके.