'सलमान खान से पंगा नहीं लिया होता तो करियर बन जाता...' सिंपैथी देने वालों को सोना महापात्रा का मुंहतोड़ जवाब, सुनाई 10 साल पुरानी आपबीती
मशहूर सिंगर सोना महापात्रा ने एक नया वीडियो शेयर कर सलमान खान के लेटेस्ट गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' पर तंज कसा है. इसके साथ ही उन्होंने 2016 और 2019 में सलमान से हुए विवाद और मिली धमकियों को भी याद किया है.
बॉलीवुड की बेबाक सिंगर सोना महापात्रा कभी भी अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटती हैं. म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने 20 साल पूरे होने पर सोना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. इस वीडियो में उन्होंने न सिर्फ सलमान खान की आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' के नए गाने का मजाक उड़ाया है, बल्कि 10 साल पुराने उस विवाद को भी याद किया है, जब सलमान के खिलाफ बोलने पर उन्हें भयानक धमकियां मिली थीं.
सलमान के नए गाने पर सोना का करारा तंज
सोना महापात्रा ने अपने एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि दिवाली के मौके पर वह केरल में अपने परिवार के साथ थीं और वहां के पारंपरिक कला रूप 'ओट्टम थुल्लल' का आनंद ले रही थीं. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो के मुताबिक, सोना ने कहा कि मुंबई लौटते ही जब उन्होंने इंस्टाग्राम खोला तो एल्गोरिदम ने उन्हें सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का नया गाना 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' दिखाया.
सोना ने तंज कसते हुए कहा कि यह फिल्म हमारे जवानों की शहादत पर आधारित बताई जा रही है और इसमें हमारे सुपरस्टार दो पेग लगाकर हवाई जहाज बनने की बात गा रहे हैं. उन्होंने चुटकी लेते हुए आगे कहा कि इसी आर्टिस्टिक यूनिवर्स को मिस करने के लिए लोग मुझसे अफसोस जताते हैं. अगर मैं यहां 10 गाने और गा लेती, तो शायद मेरा जीवन सफल हो जाता. पिछले 10 सालों को देखें तो समझ नहीं आता कि असल में किसके करियर को सहानुभूति की जरूरत है.
2016 के विवाद और मिली धमकियों को किया याद
अपनी बात रखते हुए सोना महापात्रा ने साल 2016 के उस वाकये का भी जिक्र किया, जब उन्होंने सलमान खान के एक बयान की आलोचना की थी. वीडियो में सोना ने बताया कि दस साल पहले जब सलमान ने अपनी फिल्म की शूटिंग की थकान की तुलना एक रेप पीड़िता के दर्द से की थी, तब मैंने इसके खिलाफ आवाज उठाई थी. इसके बाद मुझे गैंग रेप की धमकियां मिलीं, मेरी अश्लील मॉर्फ्ड तस्वीरें वायरल की गईं और मेरी मां व परिवार को भी गंदी-गंदी गालियां दी गईं. हालात इतने खराब हो गए थे कि मुझे पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी थी. बाद में तत्कालीन महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया था और ऑनलाइन गाली-गलौज के खिलाफ मुहिम शुरू की थी.
प्रियंका और कैटरीना वाले मामले पर भी बोलीं सोना
सोना यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने साल 2019 के विवाद को भी फिर से ताजा कर दिया. सोना ने कहा कि 2019 में जब सलमान खान ने प्रियंका चोपड़ा के अपनी फिल्म छोड़कर निक जोनस से शादी करने के फैसले का मजाक उड़ाया था और पास बैठीं कैटरीना कैफ को भी नजरअंदाज किया था, तब भी मैंने उस बुलिंग के खिलाफ बोला था. सलमान पर सीधा निशाना साधते हुए सोना ने कहा कि शर्ट उतारकर खुद को बड़ा हीरो दिखाने की कोशिश मुझे बिल्कुल इम्प्रेस नहीं करती है.
देखें वीडियो-
'मेरी फिक्र मत करो, मैं अपनी दुनिया बना रही हूं'
अक्सर लोग सोना महापात्रा से कहते हैं कि अगर उन्होंने सलमान खान से पंगा न लिया होता, तो आज उनका बॉलीवुड करियर कहीं ज्यादा बड़ा होता. इस पर जवाब देते हुए सोना ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि लोग ताकतवर लोगों के आसपास रहने को ही सफलता क्यों मान बैठते हैं, जैसे किसी दूसरे के साम्राज्य में एंट्री मिलना अपना खुद का साम्राज्य बनाने से बड़ी बात हो. वीडियो के आखिर में उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मेरे बर्बाद हुए बॉलीवुड करियर का शोक मनाने वालों को मेरी फिक्र करने की जरूरत नहीं है, मैं अपनी शर्तों पर बेहतरीन जिंदगी जी रही हूं और आगे भी सच बोलती रहूंगी. बता दें कि सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'हर भारतीय के खून में राम हैं...' जावेद अख्तर के बयान पर छिड़ा घमासान, मुस्लिम नेता बोले- नाम बदलकर 'राम पाल' रख लो