App

'हर भारतीय के खून में राम हैं...' जावेद अख्तर के बयान पर छिड़ा घमासान, मुस्लिम नेता बोले- नाम बदलकर 'राम पाल' रख लो

मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने भगवान राम को हर भारतीय के खून में बताया है. इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी भड़क गए और उन्हें नाम बदलकर 'राम पाल' रखने की सलाह दे डाली. पढ़ें पूरा विवाद.

'हर भारतीय के खून में राम हैं...' जावेद अख्तर के बयान पर छिड़ा घमासान, मुस्लिम नेता बोले- नाम बदलकर 'राम पाल' रख लो
Image Credit: जावेद अख्तर के 'राम' वाले बयान पर मुस्लिम धर्मगुरु का तीखा तंज (AI Image)

बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं. इस बार उन्होंने भगवान राम को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जिस पर नई बहस छिड़ गई है. जावेद अख्तर ने राम को हर भारतीय के खून में बताया, तो ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने उन पर तीखा हमला बोल दिया. मौलाना ने उन्हें अपना नाम बदलकर 'राम पाल' रखने तक की सलाह दे डाली है.

क्या कहा था जावेद अख्तर ने?

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान जावेद अख्तर फिल्म 'रामायण' और शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेस' के अपने लिखे मशहूर गाने 'पल पल है भारी' का जिक्र कर रहे थे. इस गाने की लाइन 'मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में है' पर बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि राम का विचार किसी एक धर्म की पहचान से कहीं ऊपर है. उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि राम एक नैतिकता और जीने का तरीका हैं. जावेद अख्तर ने अपनी बात पर जोर देते हुए आगे कहा कि इंसान चाहे किसी भी धर्म को मानता हो, राम हर भारतीय के खून में हैं और वह हमारी जीवनशैली का हिस्सा हैं.

 

 

मौलाना साजिद रशीदी का तीखा पलटवार

जावेद अख्तर की यह बात ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIAA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी को बिल्कुल रास नहीं आई. समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के अनुसार, मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर की नीयत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह यह सब सिर्फ अपने फायदे और कमाई के लिए कह रहे हैं. मौलाना ने कहा कि जावेद अख्तर एक बिजनेसमैन हैं और बॉलीवुड में गाने बिकते हैं. अगर वह ऐसे बयान नहीं देंगे, तो उनके गाने कौन खरीदेगा.

'नाम बदलकर राम पाल रख लें'

मौलाना रशीदी यहीं नहीं रुके. उन्होंने जावेद अख्तर के खुद को नास्तिक बताने वाले पुराने बयानों की भी याद दिलाई. रशीदी ने तंज कसते हुए कहा कि जावेद अख्तर कई मंचों पर खुद को नास्तिक बता चुके हैं और कहते हैं कि वह किसी धर्म को नहीं मानते. लेकिन आज वही नास्तिक इंसान राम में इतनी आस्था दिखा रहा है. मौलाना ने आगे कहा कि मेरी उन्हें एक सलाह है कि वह अपना नाम जावेद अख्तर से बदलकर 'राम पाल' रख लें. यह उन पर ज्यादा जंचेगा और देश की 80 प्रतिशत हिंदू आबादी भी उन्हें पूरा मान-सम्मान देगी.

 

 

'दो नावों की सवारी ठीक नहीं'

मुस्लिम धर्मगुरु ने जावेद अख्तर के परिवार के फिल्मी बैकग्राउंड पर भी निशाना साधा. मौलाना रशीदी ने कहा कि जावेद अख्तर का पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री में लेखन, गीत और प्रोडक्शन के काम से जुड़ा है. अगर वे एक-दूसरे के काम की तारीफ नहीं करेंगे और ऐसा माहौल नहीं बनाएंगे, तो उनका धंधा कैसे चलेगा. खुद को एक गर्वित मुसलमान बताते हुए मौलाना ने कहा कि जावेद अख्तर को एक साफ स्टैंड लेना चाहिए. दो अलग-अलग विचारधाराओं के खेमे में पैर रखना और एक साथ दो नावों की सवारी करना सही नहीं है.

 

सियासी गलियारों से भी आई प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं. दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने इस मुद्दे पर काफी संभलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि रामायण हम हिंदुओं के लिए एक बेहद पवित्र ग्रंथ है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि किसी भी ग्रंथ की बातों को लेकर अलग-अलग लोगों की अपनी समझ और नजरिया हो सकता है. राजीव राय ने कहा कि हर किसी को अपनी बात रखने और सोचने का पूरा अधिकार है, ऐसे में वह इस विवाद पर भला क्या टिप्पणी कर सकते हैं.

कांग्रेस नेता उदित राज का बयान 

इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता उदित राज की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जावेद अख्तर के बयान पर बात करते हुए उदित राज ने कहा कि यह उनका अपना दृष्टिकोण हो सकता है और बिल्कुल ठीक है, क्योंकि हर इंसान अपने नजरिए से धार्मिक ग्रंथों को देखता है. कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि यह बात जावेद अख्तर ही बेहतर जानते हैं और यह पूरी तरह से उनका अपना व्यक्तिगत नजरिया है.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More