)
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच तेज हो गई है. मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है, जिसके बाद एजेंसी के हाथ कई पुख्ता सबूत और अहम सुराग लगे हैं. इन्हीं खुलासों के आधार पर अब विदेश में छिपे सिंडिकेट के बाकी चेहरों पर शिकंजा कसने की कवायद तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क के सरगना रवि उप्पल और शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए ईडी की एक विशेष टीम दुबई पहुंच चुकी है.
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर इस पूरे ऑपरेशन का खाका तैयार किया गया है. भारतीय एजेंसियों द्वारा दोनों भगोड़े आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और कानूनी रिकॉर्ड आधिकारिक तौर पर दुबई प्रशासन के सामने पेश किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके. जांच अधिकारियों का मानना है कि रवि उप्पल और सुब्बू की गिरफ्तारी के बाद न केवल हवाला के जरिए विदेश भेजे गए करोड़ों रुपये का हिसाब खुलेगा, बल्कि इस सिंडिकेट को संरक्षण देने वाले कई रसूखदार नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के चेहरों से भी नकाब उतरेगा.
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन दोनों आरोपियों को भारत लाकर पूछताछ करने से महादेव सट्टा सिंडिकेट और छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के बीच जुड़े फाइनेंसियल और आपराधिक नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं. नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. ED की जांच सिर्फ सट्टा कारोबार चलाने और पैसों के लेन-देन तक सीमित नहीं है. एजेंसी यह भी जानना चाहती है कि इस पूरे कथित सिंडिकेट को किन लोगों का प्रोटेक्शन हासिल था और इसे चलाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की कथित भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है. एजेंसी यह जानने की कोशिश करेगी कि किस लेवल के अधिकारियों ने महादेब बैटिंग एप्प ने पैसा दिया गया, किसने नेटवर्क को मदद पहुंचाई और हवाला तथा दूसरे माध्यमों से पैसों का लेन-देन किन लोगों तक पहुंचा.
सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के बाद अब रवि उप्पल से पूछताछ को जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है. रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के प्रमुख आरोपियों में शामिल है. उससे विदेशों में फैले नेटवर्क, सट्टे से होने वाली कमाई, हवाला के जरिए पैसों के ट्रांसफर और कथित तौर पर जुड़े प्रभावशाली लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश होगी. वहीं, विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में कथित फाइनेंशिल ट्रांजेक्शन, दूसरे आरोपियों से संपर्क और पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा सकती है. फिलहाल ED, CBI और विदेश मंत्रालय के समन्वय से दोनों आरोपियों को भारत लाने की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं. सूत्रों का दावा है कि अगले कुछ दिनों में जांच एजेंसी दोनों आरोपियों को वापस लाने में कामयाब हो जाएगी.