)
साल 2013 में GTA V आने के बाद से ही दुनिया भर के गेमर्स टकटकी लगाए बैठे थे कि रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) अगला धमाका कब करेगा. अब यह इंतजार खत्म होने जा रहा है. गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को Grand Theft Auto VI यानी GTA 6 आधिकारिक तौर पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
सोशल मीडिया से लेकर गेमिंग कम्युनिटी तक, हर जगह बस इसी एक गेम की चर्चा है. आलम यह है कि गेम लॉन्च होने से पहले ही इसने कमाई और प्री-ऑर्डर्स के ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड बना डाले हैं, जिनके बारे में सोचना भी मुश्किल था. अगर आप भी उन गेमर्स में से हैं जो कॉफी का मग लेकर रात भर जागने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि भारत में यह गेम ठीक कितने बजे अनलॉक होगा और बाकी देशों के मुकाबले हमें कितना फायदा मिलने वाला है.
भारत में कितने बजे से खेल पाएंगे GTA 6?
रॉकस्टार गेम्स ने कन्फर्म किया है कि GTA 6 का ग्लोबल रोलआउट लोकल टाइम के हिसाब से आधी रात (12 AM) को होगा. इसका सीधा मतलब यह है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में टाइम जोन के हिसाब से गेम अलग-अलग वक्त पर खुलेगा. भारत के गेमर्स के लिए खुशखबरी यह है कि हमें अमेरिका और यूरोप के खिलाड़ियों से पहले ही गेम खेलने का मौका मिल जाएगा.
भारत में GTA 6 गुरुवार, 19 नवंबर की रात ठीक 12 बजे (12 AM IST) अनलॉक हो जाएगा. यानी जैसे ही आज रात घड़ी की सुई 12 पर पहुंचेगी, भारतीय गेमर्स वाइस सिटी की सड़कों पर उतर सकेंगे. हालांकि, एशिया-पैसिफिक के कुछ देश ऐसे भी हैं जहां भारतीय समय के मुताबिक आज शाम से ही गेम शुरू हो जाएगा.
दुनिया के देशों में क्या रहेगी रिलीज टाइमिंग?

प्री-ऑर्डर्स ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, रिलीज से पहले ही 1.45 बिलियन डॉलर की कमाई
GTA 6 को लेकर दीवानगी किस कदर सिर चढ़कर बोल रही है, इसका अंदाजा इसके प्री-ऑर्डर आंकड़ों से लगाया जा सकता है. थर्ड-पार्टी ट्रैकिंग फर्म सेंसर टावर (Sensor Tower) के अनुमान के मुताबिक, 16 नवंबर तक PlayStation 5 और Xbox Series X|S पर इस गेम के करीब 14.94 मिलियन (लगभग 1.5 करोड़) प्री-ऑर्डर हो चुके हैं. इन प्री-ऑर्डर्स से कंपनी ने लॉन्च से पहले ही करीब 1.45 बिलियन डॉलर की भारी-भरकम कमाई कर ली है.
अगर प्लेटफॉर्म के हिसाब से देखें, तो प्लेस्टेशन यूजर्स ने इसमें बाजी मारी है. कुल प्री-ऑर्डर्स में से करीब 11.13 मिलियन कॉपी यानी 75 फीसदी हिस्सा अकेले PS5 का है, जबकि बाकी 25 फीसदी यानी करीब 3.81 मिलियन कॉपी Xbox पर बुक हुई हैं. हालांकि रॉकस्टार गेम्स या उसकी पेरेंट कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव ने अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है, लेकिन ये अनुमान गेम की जबरदस्त लोकप्रियता की गवाही देने के लिए काफी हैं.
अमेरिका-यूरोप में सबसे ज्यादा खर्च, कंसोल की बिक्री भी उछली
एनालिटिक्स फर्म न्यूज (Newzoo) की रिपोर्ट बताती है कि प्री-ऑर्डर शुरू होने के पहले ही हफ्ते में दुनिया भर में करीब 260 मिलियन डॉलर खर्च किए गए थे. इसमें से करीब 70 फीसदी यानी 180 मिलियन डॉलर सिर्फ अमेरिका और पांच बड़े यूरोपीय देशों (UK, फ्रांस, जर्मनी, इटली और स्पेन) से आए थे. न्यूज ने इसे अपने डेटासेट की अब तक की सबसे तगड़ी प्री-ऑर्डर ओपनिंग करार दिया है.
इस गेम का असर सिर्फ डिजिटल स्टोर तक सीमित नहीं है, बल्कि हार्डवेयर बाजार में भी आग लगी हुई है. सितंबर में जब नेटफ्लिक्स पर गेम का एक्सटेंडेड प्रिव्यू दिखाया गया था, तो उसके ठीक अगले हफ्ते ब्रिटेन (UK) में गेमिंग कंसोल की बिक्री आसमान छूने लगी थी. Nielsen IQ के डेटा के मुताबिक, उस एक हफ्ते में PS5 की बिक्री में 33 फीसदी और Xbox Series X|S की बिक्री में 34 फीसदी का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया था. लोग सिर्फ इस एक गेम को खेलने के लिए नए कंसोल खरीद रहे हैं.
भारत में कितनी है GTA 6 की कीमत और किस प्लेटफॉर्म पर चलेगा?
अगर आप भारत में इस गेम को खरीदने की सोच रहे हैं, तो प्लेस्टेशन स्टोर पर इसके दो वेरिएंट लिस्ट किए गए हैं. इसके स्टैंडर्ड एडिशन (Standard Edition) की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है, जबकि अल्टीमेट एडिशन (Ultimate Edition) के लिए आपको 7,499 रुपये खर्च करने होंगे. दिलचस्प बात यह है कि दुनिया के बाकी बड़े बाजारों के मुकाबले भारत और जापान में इसकी कीमत थोड़ी कम रखी गई है.
यहां एक बहुत ही जरूरी बात ध्यान में रखने वाली है. 19 नवंबर को यह गेम सिर्फ PlayStation 5 और Xbox Series X|S कंसोल पर ही रिलीज हो रहा है. अगर आप PC गेमर हैं, तो फिलहाल आपको थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि इस लॉन्च में PC वर्जन को शामिल नहीं किया गया है.
पहले ही हफ्ते में बन सकता है 5 बिलियन डॉलर का इतिहास
प्री-लॉन्च डिमांड को देखते हुए मार्केट एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं. Newzoo का अनुमान है कि लॉन्च के पहले हफ्ते के खत्म होने तक GTA 6 की 37 मिलियन से लेकर 51 मिलियन (करीब 3.7 करोड़ से 5.1 करोड़) कॉपियां बिक सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो महज सात दिनों में यह गेम 3.25 बिलियन डॉलर से 5.2 बिलियन डॉलर तक का कारोबार कर लेगा.