)
90 की दशक का एक ऐसा एक्टर, जिसने ना सिर्फ बड़े सितारों के साथ काम किया. बल्कि, अपनी अलग पहचान भी बनाई. लेकिन फिर धीरे-धीरे फिर निजी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते पर्दे से दूर हो गया. अब अचानक चर्चा में है. इस बार कोई फिल्म या कहानी नहीं है. इस बार चर्चा में रहने कि वजह उसकी हालत है. कभी शाहरुख खान की 'जोश' से छाने वाले एक्टर को लंबे समय तक काम नहीं मिला. फिर पैर की चोट, पालतू कुत्तों को अस्थायी देखभाल के लिए सौंपने का फैसला और अब अहमद खान की फिल्म से वापसी की तैयारी. ये सफर के कई ऐसे पड़ाव हैं, जिन्हें समझने के लिए अफवाहों से ज्यादा उनके अपने बयानों और भरोसेमंद रिपोर्ट्स पर ध्यान देना जरूरी है. इसके लिए हम आपको बताने जा रहे हैं उनके जीवन के पहलुओं के बारे में.
हम जिस एक्टर की बात कर रहे हैं, वो है शरद कपूर. शरद कपूर ने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई, लेकिन वक्त के साथ पर्दे से दूर होते चले गए. अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और निगेटिव किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया. लेकिन करियर में मिली पहचान के बाद उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया कि वह धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया से दूर हो गए.
हाल ही में सामने आए उनके वीडियो ने एक बार फिर लोगों का ध्यान उनकी ओर खींचा. इस दौरान उनके चार पालतू कुत्तों को लेकर भी काफी चर्चा हुई. मुश्किल वक्त में सोनू सूद समेत फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया. अब शरद कपूर एक बार फिर अपने पैरों पर खड़े होकर अभिनय की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं. आखिर कौन हैं शरद कपूर, कैसा रहा उनका फिल्मी सफर और किन हालात ने उन्हें इस मोड़ पर ला खड़ा किया? आइए जानते हैं उनकी जिंदगी की पूरी कहानी...

शरद कपूर का जन्म 13 फरवरी 1976 को कोलकाता में हुआ था. उनके पिता आर्किटेक्ट थे. शरद का बचपन कोलकाता में ही बीता और शुरुआती पढ़ाई भी उन्होंने वहीं की. बाद में उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज से पढ़ाई की. परिवार और शहर से जुड़ाव उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है. आज भी उनके परिवार के कई सदस्य कोलकाता में रहते हैं. कम उम्र में ही शरद ने अभिनेता बनने का सपना देख लिया था. एक्टिंग में करियर बनाने के लिए वो मुंबई आ गए थे.साल 1993 में वह मुंबई पहुंचे. उनके पास सिर्फ 300 रुपये थे. इतनी सी रकम उस शहर में नई जिंदगी शुरू करने के लिए बहुत छोटी थी, जहां हर दिन सैकड़ों लोग अभिनेता बनने का सपना लेकर पहुंचते हैं.
साल 2005 में 'द टेलीग्राफ' को दिए इंटरव्यू में शरद ने खुद बताया था कि वह 300 रुपये लेकर फिल्मों में किस्मत आजमाने घर से निकले थे. उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि बॉलीवुड में अपनी जगह बनाना आसान नहीं रहा. हालांकि काम की तलाश में उन्हें करीब 6 महीने तक रोज इधर-उधर जाना पड़ता था. वो 'माया नगरी' में फिल्ममेकर्स के दफ्तर के चक्कर काटते रहते थे और उनकी ये मेहनत रंग भी लाई. एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह काफी शर्मीले स्वभाव के थे. उन्हें लगता था कि सीधे किसी निर्देशक या निर्माता के पास जाकर काम मांगना आसान नहीं होगा.ऐसे में उन्होंने सहायक निर्देशक के तौर पर काम करने का फैसला किया.
यही सोच उन्हें 1991 की फिल्म 'लक्ष्मणरेखा' के सेट तक ले गई. इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, नसीरुद्दीन शाह, डिंपल कपाड़िया और शिल्पा शिरोडकर जैसे कलाकार थे. अपन इसी काम के बीच उन्हें फिल्मी दुनिया के लोगों से मिलने का मौका भी मिला. यह उनके लिए एक तरह से पहला ऑडिशन था, जहां कोई कैमरा नहीं था, लेकिन हर मुलाकात उनके लिए एक नए मौके की तरह थी.
शरद कपूर ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की. 90 के दशक में टेलीविजन भारतीय दर्शकों के घरों में तेजी से अपनी जगह बना रहा था. इसी दौर में शरद को एक्टिंग का मौका मिला. महेश भट्ट के चर्चित टेलीविजन सीरियल 'स्वाभिमान' में उन्होंने काम किया. इस शो में उनका किरदार ग्रोवर था. 'इस सीरियल से उनकी घर-घर पहचान हुई. लेकिन उनकी मंजिल सिर्फ टेलीविजन तक सीमित नहीं थी. वह बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाना चाहते थे. जल्द ही उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका भी मिला.
साल 1994 में आई फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' को उनके एक्टिंग करियर के लिए अहम माना जाता है. दरअसल, 1996 में महेश भट्ट की फिल्म 'दस्तक' में उन्हें काम करने का मौका मिला. यह फिल्म सुष्मिता सेन की डेब्यू फिल्म थी. फिल्म में शरद ने शरद सुले का किरदार निभाया.
'दस्तक' उनके करियर के लिहाज से इसलिए भी खास थी, क्योंकि इसमें उन्हें एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण कहानी का हिस्सा बनने का मौका मिला. इसके बाद 1997 में वह महेश भट्ट की एक और फिल्म 'तमन्ना' में दिखे. इसमें उनके साथ परेश रावल, पूजा भट्ट और मनोज बाजपेयी जैसे कलाकार भी थे.
'दस्तक' और 'तमन्ना' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने 'आंखों में तुम हो', 'इसकी टोपी उसके सर' और 'त्रिशक्ति' जैसी फिल्मों में काम किया. इन सभी फिल्मों में अगर उनके रोल पर गौर करें तो किसी भी फिल्म में शरद का किरदार एक जैसा नहीं था. उन्होंने लगातार अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम करने की कोशिश की. इसमें थ्रिलर से लेकर एक्शन, रोमांस और ड्रामा जैसी कई तरह की फिल्में शामिल हैं.
हालांकि, उस समय तक उन्हें ऐसी पहचान नहीं मिली थी, जिसके लिए दर्शक किसी फिल्म को खास तौर पर उनके नाम से याद रखें. उन्हें एक बड़ी भूमिका और एक ऐसा किरदार चाहिए था, जो उनके अभिनय को लोगों की यादों में दर्ज कर दे. यह मौका साल 2000 में आया. फिल्म का नाम था 'जोश'.

साल 2000 में आई फिल्म 'जोश' में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन लीड रोल में नजर आए थे. गोवा की बैकग्राउंड पर बनी इस फिल्म की कहानी दो गैंग के बीच की दुश्मनी इर्द-गिर्द घुमती है. इस फिल्म में शाहरुख मैक्स और शरद कपूर प्रकाश शर्मा के रोल में दिखे थे.
बता दें कि प्रकाश शर्मा का किरदार नेगेटिव था. और वो कोई साधारण विलेन नहीं, बल्कि अपने इलाके में दबदबा रखने वाला गैंग लीडर था. यूं तो किंग खान के सामने पहचान बनाना इतना आसान नहीं था. लेकिन फिर भी फिल्म में शरद कपूर के एक्टिंग ने खूब चर्चा बटोरी. फैंस को उनका ये अंदाज काफी पसंद आया था. इसी फिल्म को लेकर आज भी उनके करियर की चर्चा होती है. इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट विलेन की श्रेणी में नामांकन भी मिला था.
'जोश' फिल्म की सफलता के बाद शरद को एक्शन और नेगेटिव रोल के लिए जाना जाने लगा. इसकेबाद वह संजय दत्त और मनीषा कोईराला की फिल्म 'खौफ' में इंस्पेक्टर अर्जुन के रोल में दिखे. फिर साल 2000 में ही उनकी फिल्म 'आगाज' आई. इसके बाद 'क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता', 'हद: लाइफ ऑन द एज ऑफ डेथ' और 'सेंसर' जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया. ऐसे में कहा जा सकता है कि साल 2002 का उनके लिए व्यस्त रहा. इस दौरान वह 'हथियार', 'ये है जलवा', 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी', 'कुछ तुम कहो कुछ हम कहें' और 'लाल सलाम' जैसी फिल्मों में नजर आए. इसके बाद 2003 में जेपी दत्ता की फिल्म 'एलओसी कारगिल' में वह मेजर विजय भास्कर के रोल में दिखे. यह फिल्म कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी थी.
फिर साल 2004 में फरहान अख्तर की फिल्म 'लक्ष्य' आई. इसमें ऋतिक रोशन के साथ अमिताभ बच्चन, प्रीति जिंटा और बोमन ईरानी जैसे स्टार्स के साथ शरद दिखे. फिल्म में वह मेजर बिनोद सेनगुप्ता के रोल में नजर आए. इसके बाद के सालों में वह 'चोट', 'प्लान', 'जानी दुश्मन', 'हथियार', 'एक खिलाड़ी एक हसीना', 'चाहत एक नशा' और कई दूसरी फिल्मों में नजर आए. इसके बाद 2010 में वह सलमान खान की फिल्म 'वांटेड' में सीबीआई अधिकारी सलीम के किरदार में नजर आए. 2014 में सलमान की ही फिल्म 'जय हो' में उन्होंने इंस्पेक्टर सिद्दीकी की भूमिका निभाई. अगर उनके पूरे करियर पर गौर करें तो शरद, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और सलमान खान जैसे सितारों के साथ काम किया. लेकिन जो पहचान उन्हें 'जोश' से मिली. वो आज तक बरकरार है.

क्या आप जानते हैं कि शरद कपूर का कोलकाता के एक पूर्व मुख्यमंत्री से कनेक्शन रहा है? दरअसल, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु के साथ उनके पुराने प्रेम संबंध भी शामिल हैं. कोलकाता में जन्मे और पले-बढ़े शरद की मुलाकात कथित तौर पर 2006 में शहर के 'द ओबेरॉय' होटल में कोयल से हुई थी, जहां वह काम करती थीं.
इस कपल की सगाई दिसंबर 2006 में हुई थी और 2008 में शादी करने से पहले वे कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करते रहे. यह भी बताया जाता है कि कोयल से शादी करने से पहले शरद ने मुख्यमंत्री ज्योति बसु से औपचारिक रूप से मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था. कहा जाता है कि इस जोड़े का एक बच्चा भी है, लेकिन उनके बच्चे के बारे में ऑनलाइन कोई और जानकारी उपलब्ध नहीं है.
अपने हालिया इंटरव्यू में शरद ने बताया कि वह 33 साल की एक महिला के साथ रिलेशनशिप में हैं. हालांकि, उन्होंने महिला का नाम नहीं बताया, लेकिन एक्टर ने शेयर किया कि वे चार साल पहले मिले थे और पिछले दो सालों से साथ रह रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि अक्टूबर 2026 में उनके यहां एक बच्चा हुआ. उन्होंने अपने रिश्ते को खुशहाल बताया. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टनर उन्हें कितना सपोर्ट करती हैं. फिलहाल, एक्टर अपनी गर्लफ्रेंड और बच्चे के साथ रहते हैं, जिनके लिए घर में एक अलग हिस्सा है.
बता दें कि शरद के दो भाई कोलकाता में रहते हैं. अभिनेता ने हालिया बातचीत में कहा कि वह दोनों भाइयों और उनके परिवारों के संपर्क में रहते हैं. मुश्किल समय में उन्होंने अपनी क्षमता के मुताबिक मदद भी की. यह जानकारी उस धारणा से अलग है, जिसमें उनके परिवार से पूरी तरह दूरी की बात कही जा रही थी.

किसी भी स्टार के करियर में सबसे मुश्किल दौर वह होता है, जब उसे काम मिलना बंद हो जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर के साथ. फिल्मों में काम करने के बावजूद वह धीरे-धीरे बड़े पर्दे से दूर होते गए. आपको बता दें कि 2000 के दशक में उन्होंने कई फिल्में की है. लेकिन आज घर की कुछ मजबूरियों के चलते उन्हें अपने चार पैरों वाले दोस्त (पालतू कुत्ते) से दूर होना पड़ा. इस दौरान वे इतने भावुक हो गए कि उनकी बातें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गईं, जिससे उनके प्रशंसक उनकी खैरियत को लेकर चिंतित हो गए.
दरअसल, शरद पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं. इसके अलावा, उनके घर में एक छोटा बच्चा भी है, जिसे उन्हें संक्रमण (इंफेक्शन) से बचाना है. घर में कुत्ता होने और उसकी देखभाल करने वाला कोई और न होने की वजह से उन्हें लगा कि यह एक अतिरिक्त जिम्मेदारी बन गई है और इससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी हो सकता है.
इसलिए, इन हालात को देखते हुए परिवार ने कुत्तों को कुछ समय के लिए 'योडा मुंबई' (YODA Mumbai) भेजने का फैसला किया. यह जानवरों के कल्याण के लिए काम करने वाला एक रजिस्टर्ड गैर-लाभकारी (NGO) संगठन है, जहाँ उन्हें जरूरी देखभाल और ध्यान मिल सकेगा. यह व्यवस्था तब तक जारी रहने की उम्मीद है, जब तक कि अभिनेता और उनके परिवार के लिए हालात थोड़े आसान नहीं हो जाते.
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में शरद ने कहा, 'मैं बीते सात साल से न्यूयॉर्क में रह रहा था. मैं सिर्फ एक साल पहले ही वापस आया हूं. वीडियो बनाने का मकसद अपने साथियों की बुराई करना नहीं था. मेरी इंडस्ट्री में मेरे अपने लोग भरे हुए हैं. वे मेरे परिवार की तरह हैं. मुझे पैसों की मदद की जरूरत नहीं है और मैंने कभी इस वजह से भी प्रोजेक्ट्स नहीं चुने हैं.'
2024 में मुंबई पुलिस में दर्ज हुए यौन उत्पीड़न के मामले का भी शरद ने जिक्र किया. बता दें कि एक्टर पर 32 साल की एक एक्टर और प्रोड्यूसर ने सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस लगाया था. इस मामले के बाद वह डिप्रेशन में चले गए थे और लोगों से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया था. इस बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया, 'जब कोई आप पर किसी ऐसी चीज का आरोप लगाता है, जो आपने की ही नहीं है, तो जाहिर है आपको दुख होता है. मैं डिप्रेशन में चला गया था. मेरा काम करने या किसी से मिलने का मन नहीं करता था. लेकिन अब मैंने फैसला कर लिया है. मैं फिल्म इंडस्ट्री से अपील करता हूं, प्लीज मेरी मदद कीजिए. मुझे आर्थिक संकट से निकलने के लिए काम करना है. मैं काम करना चाहता हूं और काम करके इस स्थिति से बाहर निकलना चाहता हूं.'
वहीं, शरद के वीडियो वायरल होने के बाद एक्ट्रेस जया भट्टाचार्या उनसे मिलने गई थीं. जया ने सोशल मीडिया पर शरद का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने काम मांगा और साथ ही बताया कि पैर में चोट लगने से वो कई महीनों से चल नहीं पा रहे हैं. इस वायरल वीडियो में एक्टर बेहद कमजोर हालत में दिखे. उन्हें चलने के लिए वॉकर का सहारा लेते देखा गया. इतना ही नहीं, उनके घर की हालत को लेकर भी सवाल उठे. इसके अलावा वीडियो में उनके साथ चार पालतू कुत्ते नजर आए, जिन्हें एक पशु कल्याण संस्था की देखरेख में भेजने की बात सामने आई.
इस पूरे मामले की शुरुआत शरद के अपनी पुरानी दोस्त हेमा चौधरी से संपर्क करने के बाद हुई. हेमा पहले फिल्म इंडस्ट्री में सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुकी हैं और अब पशु कल्याण से जुड़ी संस्था चलाती हैं. शरद ने उनसे अपने चार कुत्तों की अस्थायी देखभाल करने की अपील की थी. वीडियो में शरद की हालत देखकर कई लोग परेशान हो गए. हालांकि, शरद ने अलग-अलग इंटरव्यू में अपनी स्थिति को लेकर कुछ बातें साफ कीं.
वहीं, 15 नवंबर को 'बॉम्बे टाइम्स' से बातचीत में शरद ने बताया था कि उन्हें पैसों की नहीं, बल्कि अच्छे काम की जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपना मौजूदा घर बेचकर दूसरी जगह जाने की प्लानिंग कर रहे हैं. शरद ने कहा कि उन्होंने अपनी कारें बेच दी थीं, क्योंकि अब उन्हें उनकी जरूरत नहीं थी. इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि क्रिप्टोकरेंसी बेचने से जुड़े पैसों के स्रोत को लेकर आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद उनका बैंक खाता फ्रीज हो गया था.
बाद के एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया कि मुश्किल दौर में कुछ दिन ऐसे भी रहे, जब उन्होंने खाना नहीं खाया. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसा इसलिए नहीं था कि उनके पास खाने के लिए पैसे या खाना नहीं था, बल्कि कई बार उनका मन ही नहीं करता था.
चैप्टर 6: जब मदद के लिए आगे आया बॉलीवुड

हाल ही में शरद कपूर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील करते नजर आए थे. उन्होंने कहा था कि वह दोबारा अपना करियर शुरू करना चाहते हैं और काम करके अपनी परेशानियों से बाहर निकलना चाहते हैं. साथ ही शरद की अपील के बाद फिल्म इंडस्ट्री से मदद के लिए लोग आगे आए हैं. ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सलमान खान शरद कपूर की आर्थिक मदद कर रहे हैं. एसोसिएशन ने सलमान का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में किसी कलाकार का साथ देना दूसरों के लिए भी उम्मीद पैदा करता है. इससे उन कलाकारों को हिम्मत मिलती है, जो अपने बुरे वक्त में खुद को अकेला महसूस करते हैं.
सलमान खान के अलावा सोनू सूद की ओर से भी मदद की खबर सामने आई. दरअसल, शरद ने बाद में बताया कि सलमान की टीम की ओर से भी उनसे संपर्क किया गया था. इसके अलावा शाहरुख खान का नाम इसलिए खास चर्चा में है, क्योंकि 'जोश' में दोनों ने साथ काम किया था. वहीं, शरद ने हालिया बातचीत में बताया कि शाहरुख ने उन्हें फोन किया और मदद की पेशकश की. शरद ने फिल्म के दिनों को याद करते हुए कहा कि शाहरुख के साथ काम करने की उनकी कई अच्छी यादें हैं.
जबकि अमिताभ बच्चन ने भी शरद से संपर्क किया. दोनों ने फिल्म 'लक्ष्य' में साथ काम किया था. शरद ने बताया कि अमिताभ बच्चन का फोन भी उनके पास आया था. इसके अलावा संजय दत्त ने उन्हें हिम्मत रखने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी. शरद कपूर ने बताया कि संजय ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर का जिक्र करते हुए उन्हें समझाया कि परेशानियों के बावजूद आगे बढ़ना जरूरी है.
इतना ही नहीं खुद पैसे को लेकर चर्चा में रहने वाले राजपाल यादव भी उनकी मदद के लिय आगे आए हैं. जावेद अख्तर समेत इंडस्ट्री के दूसरे लोगों ने भी उनसे संपर्क किया. शरद ने अपने दोस्त अरमान कोहली और कुछ पत्रकार मित्रों का भी जिक्र किया, जिन्होंने जरूरत पड़ने पर अस्पताल में इलाज की व्यवस्था कराने में मदद की पेशकश की. फिल्मी जगत के साथ-साथ राजनीति गलियारे से कई मदद के हाथ सामने आए हैं. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से भी फोन आने की बात शरद ने बताई. जया भट्टाचार्य और कुनिका सदानंद ने भी मुश्किल समय में उनका साथ दिया.

हालांकि, अब जल्द ही शरद कपूर के दिन फिर बदलने वाले हैं. दरअसल, बीते काफी समय से पर्दे से दूर रहे एक्टर अब कमबैक करने की तैयारी में हैं. इस बात की जानकारी एक्टर ने खुद दी. साथ ही उन्होंने बताया कि वह दोबारा अभिनय की दुनिया में लौटना चाहते हैं और इस बार किसी खास तरह के किरदार तक खुद को सीमित नहीं रखना चाहते.
हाल ही में एनबीटी को दिए इंटरव्यू में शरद ने बताया था कि वह डायरेक्टर अहमद खान की एक फिल्म से कमबैक करने जा रहे हैं. इस फिल्म में उनका किरदार नेगेटिव होगा. इस बातचीत के दौरान शरद ने कहा, 'अब कमबैक कर रहा हूं. मैंने दो-तीन फिल्में साइन की हैं. अभी शुरुआती दौर है, इसलिए उनके बारे में बाद में अनाउंसमेंट करूंगा. फिलहाल अहमद खान की फिल्म से कमबैक करने जा रहा हूं, जिसमें मेरा नेगेटिव रोल होगा. भविष्य में जो भी किरदार मुझे अपील करेगा, मैं जरूर करूंगा. अब मैं काफी हद तक ठीक हूं. मुझे आर्थिक मदद की जरूरत है और कई लोग मदद के लिए आगे भी आए हैं. मैं उन सभी का स्वागत करता हूं.'
साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह दो-तीन फिल्मों पर काम कर रहे हैं और कुछ प्रोजेक्ट साइन कर चुके हैं. हालांकि, इन फिल्मों के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. साथ ही उन्होंने निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ काम करने की इच्छा भी जताई है. शरद ने यह भी कहा कि वह अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे सितारों के साथ काम करने में सहज हैं. उनका कहना है कि वह अब किसी खास शर्त के साथ काम नहीं करना चाहते. जो किरदार उन्हें पसंद आएगा, वह उसे निभाने के लिए तैयार रहेंगे.
ऐसे में शरद के लिए उनकी वापसी सिर्फ दोबारा कैमरे के सामने खड़े होने का मौका नहीं है. यह उस पहचान को फिर से हासिल करने की कोशिश भी है, जिसे उन्होंने 'स्वाभिमान', 'दस्तक', 'तमन्ना' और 'जोश' जैसी फिल्मों और धारावाहिकों के जरिए बनाया था. कभी 'जोश' में प्रकाश शर्मा बनकर दर्शकों के सामने आए शरद कपूर अब एक बार फिर उसी एनर्जी के साथ काम करना चाहते हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार उनके पास जिंदगी के कई ऐसे अनुभव हैं, जिन्होंने उन्हें पहले से ज्यादा मजबूत और सतर्क बनाया है.