)
राजनेता और लेखक शशि थरूर अब राजनीति के बाद टीवी की दुनिया में कदम रखने को तैयार हैं. अब वह पहली बार टीवी होस्ट के रूप में नजर आएंगे. थरूर चार एपिसोड की डॉक्यूसीरीज सीरीज 'इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स' को होस्ट करते नजर आएंगे. इसका प्रीमियर 7 दिसंबर को होगा.
हाल ही में मेकर्स ने सीरीज का प्रोमो भी जारी किया है, इसमें दर्शकों को पहली झलक देखने को मिल रही है. इस सीरीज के जरिए रामायण की उस यात्रा को दिखाया जाएगा, जो सदियों में भारत से निकलकर एशिया के कई देशों तक पहुंची. इसमें भगवान राम, सीता, हनुमान और रावण जैसे प्रमुख किरदारों के जरिए महाकाव्य के अलग-अलग सांस्कृतिक रूपों को समझने की कोशिश की जाएगी.
अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर शशि थरूर ने कहा, ''अपने धार्मिक महत्व के अलावा रामायण हमेशा से साहित्य के लिहाज से भी मेरी दिलचस्पी का विषय रही है. यह ऐसी कहानी है, जो सदियों और अलग-अलग संस्कृतियों से होकर गुजरी है. मैंने कई साल तक रामायण के अलग-अलग रूपों को पढ़ा और उनके बारे में जाना है. हर रूप उस समाज के बारे में कुछ नया बताता है, जहां उसे गढ़ा गया और लोगों ने उसे अपनाया.''
शशि थरूर ने कहा, ''जब डिस्कवरी ने मुझसे इस महाकाव्य की एशिया के अलग-अलग देशों तक की यात्रा पर आधारित सीरीज को होस्ट करने के लिए संपर्क किया, तो मेरे लिए यह फैसला आसान था. मेरा हमेशा से मानना रहा है कि रामायण की समृद्धि और अलग-अलग संस्कृतियों तक उसकी पहुंच को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए. डिस्कवरी इतिहास और संस्कृति को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की खास क्षमता रखता है. मुझे खुशी है कि मैं इस सीरीज से जुड़ रहा हूं, जो रामायण की यात्रा को देशों की सीमाओं से आगे ले जाएगी.''
I’ve often thought of myself an anchor over the years — anchoring my office, my team, my family, my mother… but being a television anchor is a new experience for me! Delighted to be anchoring a four-part TV series on DiscoveryIN, telling the many stories of the #Ramayana abroad. Do watch, starting soon!
चार एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज में दिखाया जाएगा कि रामायण की कहानी कंबोडिया, श्रीलंका और थाईलैंड से होते हुए फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया तक कैसे पहुंची. सीरीज में इन देशों में रामायण से जुड़ी मान्यताओं, कहानियों और सांस्कृतिक प्रभाव को सामने लाया जाएगा.
'इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स' का सह-निर्देशन सुजाता कुलश्रेष्ठ और अभिमन्यु तिवारी ने किया है. इसका निर्माण वाइड एंगल फिल्म्स ने किया है. शशि थरूर के होस्ट के तौर पर टीवी पर इस नए सफर को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है.
यह सीरीज 7 दिसंबर 2026 को रात 9 बजे डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस पर प्रसारित होगी. इसके चारों एपिसोड हर हफ्ते एक-एक करके दिखाए जाएंगे. दर्शक इसे हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, मलयालम और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में देख सकेंगे.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)