दर्द के बीच तमाशा: पहले पैसे दिए, फिर वापस मांग लिए! शरद कपूर का चौंकाने वाला खुलासा, कैमरा बंद होते ही पलट गए लोग
बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर की लाचारी का सोशल मीडिया पर तमाशा बनाया गया. वीडियो शूट कर जबरन पैसे देने वाले लोग कैमरा बंद होते ही कैश वापस ले गए. इस असंवेदनशील और फर्जीवाड़े पर दोस्त हेमा चौधरी और 'बेजुबान ट्रस्ट' ने अपनी नाराजगी जाहिर की है.
जिंदगी के मुश्किल दौर और टूटती सेहत के बीच जब किसी को सहारे की उम्मीद होती है, तो उसके अपने ही आंसू पोंछने के बजाए कैमरे का लेंस लेकर सामने आ खड़े होते हैं, इससे बड़ा क्रूर मजाक और क्या हो सकता है? कुछ ऐसा ही हुआ बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर के साथ, जो कुछ समय पहले अपनी खराब सेहत और तंगी के चलते आर्थिक मदद की गुहार लगाते हुए नजर आए थे. लेकिन सोशल मीडिया की लाइक्स और व्यूज की अंधी दौड़ ने इंसानियत को किस हद तक गिरा दिया है, इसका उदाहरण इस पूरे वाकये में साफ नजर आता है जहां मदद के नाम पर सिर्फ तमाशा बनाया गया.
मंगलवार, 17 नवंबर, 2026 को सामने आए एक नए वीडियो में शरद कपूर का दर्द साफ छलक उठा. उन्होंने उन लोगों के खिलाफ खुलकर अपनी आवाज बुलंद की जो उनकी लाचारी और कमजोरी को सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाकर पेश कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने उन तमाम चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का तहेदिल से शुक्रिया अदा किया जिन्होंने मुश्किल वक्त में उन्हें सच्चा समर्थन दिया.
कैमरे के सामने की मदद, बंद होते वापस लिए पैसे
शरद कपूर ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा,'मैं फिल्म इंडस्ट्री, अपने फैंस और उन लोगों का शुक्रगुजार हूं जो सच में मेरी परवाह करते हैं.मैं आपका बहुत शुक्रगुजार हूं. आप लोगों ने इतना प्यार दिया है आप सोच भी नहीं सकते.लेकिन सोशल मीडिया पर बहुत सारी गलत चीजें दिखाई जा रही हैं… हाथ में पैसे दिए… पता ही नहीं चल रहा है कौन क्या कर रहा है. समझ ही नहीं आ रहा है'.
मदद का मुखौटा और कैमरे के पीछे का कड़वा सच
एक्टर ने बहुत ही गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ लोग उनके पास केवल वीडियो बनाने की नीयत से आए थे. उन्होंने बिना उनकी सहमति या जानकारी के उनके हाथों में जबरन नकदी थमाई, उस पूरे लेन-देन को अपने कैमरों में कैद किया और जैसे ही शूटिंग खत्म हुई, वो पैसे चुपचाप वापस ले गए. यानी कैमरे के सामने दरियादिली का नाटक करने वाले लोग पर्दे के पीछे से सिर्फ दिखावा कर रहे थे. इस मानसिक प्रताड़ना और धोखे से दुखी होकर अब शरद ने साफ कर दिया है कि वो फ्यूचर में ऐसे किसी भी अनजान विजिटर से नहीं मिलेंगे.
दोस्त हेमा चौधरी का छलका गुस्सा
शरद कपूर की ये हालत सबसे पहले दुनिया के सामने लाने वाली उनकी दोस्त और बेजुबान ट्रस्ट से जुड़ीं हेमा चौधरी ने भी इस घटिया मानसिकता पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उनका कहना है कि शरद की मानसिक स्थिति इस वक्त बिल्कुल ठीक नहीं है और उन्हें इस तरह बार-बार कैमरे के सामने लाकर उनके जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है.
लोगों के तीखे ट्रोलिंग का सामना करते हुए हेमा ने गुस्से में कहा, 'मैं चाह रही थी पब्लिक में ज्यादा एक्सपोज न हो शरद की हालत क्योंकि उनकी तबीयत खराब है. वो क्या बात करते हैं उनको नहीं पता है. उस दिन मैंने हेल्प की अपील की, लोगों ने मुझे ही ट्रोल किया.
'मैंने एनिमल्स के लिए वीडियो डाला कि एनिमल्स को हेल्प मिले, वो सब बुरे हाल में थे. मैं एनिमल वेलफेयर को रिप्रेजेंट करती हूं. आप शरद कपूर के बुरे हाल का तमाशा कर रहे हो. वो ट्रॉमा में है, वो स्टेबल नहीं है. आप आकर जबरदस्ती उनकी बाइट ले रहे हो. उसे डिस्टर्ब मत करो, हैरेस मत करो. हमने आपसे पैसे नहीं मांगे. उसको मेडिकल अटेंशन की जरूरत है, जो हम अरेंज कर रहे हैं.'
एक मैच और दर्दनाक मोड़! आखिर बार्सिलोना में शरद कपूर के साथ क्या हुआ?
फर्जी फंडरेजिंग के नाम पर हो रहे खेल से तौबा
हेमा ने आगे खुलासा किया कि जब उन्होंने खुद शरद से उस शख्स के बारे में पूछा जो उन्हें पैसे देने का दावा कर रहा था, तो शरद ने बताया कि उस व्यक्ति ने जबरदस्ती कैश देकर वीडियो बनाया और फिर उसे वापस ले लिया. इस तरह की ओछी हरकतों से परेशान होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल अपील शेयर करते हुए लिखा, 'प्लीज, प्लीज उसे भी उसकी जिदगी के लिए छोड़ दो... डोनेशन रील बनाना बंद करो.' ये साफ बताता है कि कैसे कुछ लोग किसी की बीमारी और लाचारी को भी कंटेंट और कमाई का जरिया बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं.
बेजुबान ट्रस्ट की कड़ी चेतावनी
इस पूरे ड्रामे के बीच पैसों की हेराफेरी और ऑनलाइन ठगी का खतरा भी बढ़ गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 'बेजुबान ट्रस्ट' ने इंस्टाग्राम पर एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है. संस्था ने साफ शब्दों में लोगों को चेताया है कि वो ऐसे किसी भी फ्रॉड फंडरेजिंग अकाउंट के झांसे में न आएं. बयान में कहा गया, 'हम शरद कपूर के किसी भी अकाउंट से जुड़े नहीं हैं...सभी फेक हैं. अगर कोई डोनेशन की अपील करता है तो उस पर विश्वास न करें या डोनेट न करें.'