App

एक मैच और दर्दनाक मोड़! आखिर बार्सिलोना में शरद कपूर के साथ क्या हुआ?

बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि कैसे उन्हें बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय लगी चोट लगी. इसके साथ ही उन्होंने ओटीटी और फिल्मों में दोबारा काम करने की इच्छा जताई है.

एक मैच और दर्दनाक मोड़! आखिर बार्सिलोना में शरद कपूर के साथ क्या हुआ?
Image Credit: शरद कपूर

बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ और काम से जुड़ी परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें वो अपने चार प्यारे कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजने की बात करते नजर आए. इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों ने चिंता जताई थी. अब एक्टर ने खुद सामने आकर अपने खराब हालातों के बारे में विस्तार से बताया है. उन्होंने साफ किया कि वो फिलहाल अच्छे काम की तलाश में हैं और दोबारा अपने करियर को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं.

शुक्रवार को एक एनिमल वेलफेयर NGO ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शरद कपूर का एक नया वीडियो शेयर किया. इसमें एक्टर कैमरे के सामने अपनी फीलिंग्स को जाहिर करते हुए बताते हैं कि उन्हें अपने चार कुत्तों को बेहतर देखभाल के लिए सेंटर भेजना पड़ा है. इस फैसले से वो काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं.

आसपास के लोगों ने मांगा सपोर्ट

इस वीडियो में शरद ने कहा, 'मैं आज थोड़ा दुखी हूं क्योंकि मेरे 4 बच्चों को अच्छी जगह भेज दिया गया है. लेकिन मैं सेंटर से अपील करना चाहता हूं कि मैं बस अच्छा काम ढूंढ रहा हूं और मुझे आपके सपोर्ट की जरूरत है और मुझे पता है कि आपने हमेशा अपने आस-पास के लोगों को सपोर्ट किया है. इसलिए अगर आप मुझे सपोर्ट कर सकते हैं तो मैं आपका बहुत-बहुत शुक्रगुजार रहूंगा.' इसके साथ ही एक्टर ने ये भी बताया कि उन्हें फिलहाल आर्थिक मदद से ज्यादा लोगों के प्रोत्साहन और साथ की जरूरत है.

काम पर लौटने का इंतजार कर रहे शरद कपूर

शरद कपूर ने अपने काम और फ्यूचर प्लानिंग को लेकर भी खुलकर बात की है. उनका कहना है कि वो दोबारा एक्टिंग की दुनिया में एक्टिव होना चाहते हैं और किसी अच्छे प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने अपने कॉन्फिडेंस को जाहिर करते हुए कहा, 'मेरे लिए थोड़ा सा मोरल सपोर्ट भी काफी है. मैं एक शानदार एक्टर हूं और आप ये जानते हैं. सच में, पैसा कोई मुद्दा नहीं है. मुद्दा बस इतना है कि मैं बस फिर से काम शुरू करने का इंतजार कर रहा था. शायद जनवरी से मैं फिर से काम शुरू कर दूंगा.' एक्टर की इस बात से साफ है कि वो मुश्किल दौर के बावजूद अपने एक्टिंग करियर को लेकर पॉजिटिव सोच बनाए हुए हैं.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

खुद को मेस्सी समझना पड़ा भारी

वीडियो के दौरान, जब शरद कपूर से उनकी सेहत के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने बार्सिलोना में हुए उस हादसे का जिक्र किया, जिसकी वजह से उन्हें चोट लगी थी. 'जोश' एक्टर ने बताया कि वो वहां फुटबॉल खेलने पहुंचे थे. खेल के दौरान टीम में कई एक्सपीरियंस और बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद थे. खुद को भी काफी जोशीला खिलाड़ी समझते हुए वो पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतरे.

लेकिन खेल के दौरान एक खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया. इस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने बेवकूफों की तरह गया था. टीम में बड़े प्लेयर्स थे. मुझे लगा कि मैं भी एक इंटेंस प्लेयर हूं. अचानक मैं खुद को मेस्सी समझने लगा. एक आदमी, गेम के दौरान उसका पैर मेरे पैर से छू गया.जैसे ही उसका पैर मेरे पैर से छू गया, मैं समझ गया कि ये एक गहरी चोट होगी'. इस चोट के कारण उनके काम पर भी असर पड़ा और वो लंबे समय से वापसी की कोशिश कर रहे हैं.

OTT प्लेटफॉर्म पर काम करने की जताई इच्छा

शरद कपूर ने बातचीत में डिजिटल एंटरटेनमेंट की बढ़ती पॉपुलैरिटी और OTT प्लेटफॉर्म पर काम करने की इच्छा जाहिर की है. उनका मानना है कि आज कलाकारों के लिए वेब सीरीज और डिजिटल फिल्मों के जरिए ऑडियंस तक पहुंचने के कई नए रास्ते खुले हैं. उन्होंने कहा, 'ये सबके लिए एक बढ़िया प्लेटफॉर्म है.आज के समय में, इंडिया में 140 करोड़ से ज्यादा लोग हैं और ये दुनिया भर में है.

sharad

एक्टर ने बताया कि नेटफ्लिक्स कम से कम 5 से 7 बिलियन लोगों को सर्विस देता है.तो ये एक बड़ा मौका है. इसलिए अगर उन्हें OTT में काम करने का मौका मिलता है, तो वो बहुत खुश होंगे और उनका बहुत शुक्रगुजार रहेंगे. एक्टर ने आगे कहा,' भगवान सबका भला करे जय हिंद!'. उनके इस बयान से जाहिर है कि वो फिल्मों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नई शुरुआत करने के लिए तैयार हैं और एक अच्छे प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं. 

इन फिल्मों से मिली थी पहचान

इससे पहले शरद कपूर के वीडियो में उनकी स्थिति देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने चिंता जताई थी. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'उन्हें इस तरह देखकर शॉक लगा… भगवान आपका भला करे सर'. वहीं दूसरे यूजर ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा, 'काम मांगने में कोई शर्म या झिझक नहीं है. आपको और ताकत मिले.'

kargil

हालांकि, एक्टर के नए वीडियो और उनकी सफाई के बाद फैंस को उनकी परिस्थितियों के बारे में बेहतर जानकारी मिली है. शरद कपूर हिंदी सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा हैं. उन्होंने अपने करियर में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की हिट फिल्म 'जोश', 'एलओसी: कारगिल', 'लक्ष्य', 'जैस्मीन' और 'दस्तक' जैसी फिल्मों में काम किया है. खास तौर पर फिल्म 'जोश' में उनकी एक्टिंग को काफी नोटिस किया गया था. अब फैंस को उम्मीद है कि एक्टर जल्द ही स्वस्थ होकर पर्दे पर वापसी करेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More