App

पत्नी से अलग होकर भी नहीं भूले प्यार, 7 साल बाद फिर किया प्रपोज; आखिरी इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने सुनाया था किस्सा

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर संजय गुप्ता का शनिवार को अचानक निधन हो गया. अपनी मौत से करीब एक महीने पहले उन्होंने आखिरी इंटरव्यू में पहली पत्नी से अलग होने और फिर उनके साथ दोबारा जुड़ने के बारे में बात की थी. इस दौरान संजय गुप्ता ने बताया था कि 7 साल पत्नी से अलग रहने के बाद उन्होंने पत्नी को प्रपोज किया था.

पत्नी से अलग होकर भी नहीं भूले प्यार, 7 साल बाद फिर किया प्रपोज; आखिरी इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने सुनाया था किस्सा
Image Credit: डायरेक्टर संजय गुप्ता लव स्टोरी

फिल्म निर्माता संजय गुप्ता का शनिवार को 57 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने 'कांटे' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी चर्चित गैंगस्टर फिल्मों का निर्देशन किया था, जिनके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा. उनकी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में तो लोग जानते ही हैं, लेकिन वे पर्सनल लाइफ में भी काफी रोमांटिक थे और इस बात को बहुत कम लोग जानते थे. अपनी मृत्यु से एक महीने पहले दिए गए अपने आखिरी इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पहली पत्नी अनुराधा गुप्ता से अलग होने और सात साल की दूरी के बाद उनसे दोबारा शादी करने के बारे में खुलकर बात की थी.

कपल ने फाइल कर दी थी तलाक की अर्जी

डायरेक्टर संजय गुप्ता ने 'हुसैन जैदी फाइल्स' को दिए एक पॉडकास्ट में बताया था कि कैसे शादी के सात साल बाद उनके रिश्ते में आई दिक्कतों की वजह से वे और अनुराधा अलग हो गए थे. दोनों ने तलाक के लिए अर्जी दी और अगले सात साल एक-दूसरे से दूर बिताए. हालांकि, उनका संपर्क कभी पूरी तरह से नहीं टूटा, क्योंकि उनके परिवार और पालतू जानवर उन्हें किसी न किसी तरह एक-दूसरे के करीब लाते रहे.

कभी पूरी तरह से नहीं हुए अलग

उन्होंने आगे बताया कि आखिर अलग रहने के दौरान भी वे कैसे एक-दूसरे से जुड़े रहे थे. संजय ने बताया, 'जब हम अलग थे, तब मेरे कुछ और रिश्ते भी रहे, लेकिन उस दौरान हमारे बीच एक कॉमन चीज थी. हमारे दो पालतू जानवर, जो मेरे साथ रहते थे. इसी वजह से उनसे मिलने के लिए वह हफ्ते में एक या दो बार आ जाती थीं. इस दौरान हमारी भी मुलाकात हो जाती थी. हमारे बीच एक मजबूत जुड़ाव यह भी था कि वह मेरी मां से बहुत ज्यादा जुड़ी हुई थीं और मैं उनके परिवार से बहुत जुड़ा हुआ था. इसलिए, हर जन्मदिन, शादी, दिवाली जैसे खास त्योहार हम सब एक साथ मनाते थे. इस तरह हम कभी पूरी तरह से एक-दूसरे से अलग ही नहीं हुए.'

Director Sanjay Gupta first divorced his wife Anuradha and then remarried  after 6 years -Hindi Filmibeat

सात साल अलग रहने के बाद फिर पत्नी को किया था प्रपोज

आखिरकार उन्होंने अनुराधा को फिर से प्रपोज करने का फैसला किया, क्योंकि उन्हें एहसास हुआ कि वे दोनों ही अपनी जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाए थे. उस पल को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं उससे अलग तो हो गया था, लेकिन मेरे दिल में उसके लिए प्यार कभी कम नहीं हुआ. फिर एक दिन, मैं उसके पास गया और उसे प्रपोज करते हुए कहा कि इस तरह जीने का क्या फायदा? तुम भी आगे नहीं बढ़ पाई हो और मेरे साथ भी यही हाल है, तो क्यों न हम एक और मौका लें? मैं किस्मत वाला था कि उसने 'हां' कह दिया.' जिसके बाद यह जोड़ी फिर से एक साथ आ गई और संजय गुप्ता के निधन तक साथ रही. कपल के दो बच्चे हैं, बेटा शिवांश गुप्ता और बेटी दलाई गुप्ता.

Mumbai Saga Director Sanjay Gupta Has Start Preparing For His Upcoming Film  The Based On Graphic Four Part Book Rakshak - Entertainment News: Amar  Ujala - मुंबई सागा के अटकते ही संजय

57 साल की उम्र में हुआ डायरेक्टर का निधन

संजय गुप्ता का शनिवार (31 अक्टूबर) को 57 साल की उम्र में निधन हो गया. शुक्रवार देर रात वे वर्सोवा स्थित अपने घर में गिर गए थे. पुलिस के मुताबिक, उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी. अगली सुबह उनके परिवार वालों ने उन्हें देखा और तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kajol Gupta

Kajol Gupta

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More