)
बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने अपने दिवंगत दोस्त और फेमस डायरेक्टर संजय गुप्ता को श्रद्धांजलि दी है. डायरेक्टर का 59 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया, जिसके बाद से इंडस्ट्री के सितारों और आम लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. इस दौरान संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता के साथ एक पुरानी फोटो शेयर की और उनकी बरसों पुरानी दोस्ती को याद किया. संजय दत्त और संजय गुप्ता करीब तीन दशकों से दोस्त हैं.
एक्टर संजय दत्त ने संजय गुप्ता के साथ अपनी बरसों पुरानी दोस्ती को याद करते हुए उन्हें परिवार का हिस्सा बताया और उनकी फिल्म 'कांटे 2' बनाने के सपने को पूरा करने का वादा किया. फिल्म निर्माता हंसल मेहता और मिलाप जवेरी, एक्ट्रेस दीया मिर्जा, सेलिना जेटली और एक्टर अनुपम खेर ने भी उनके निधन पर दुख जताया है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात मुंबई स्थित अपने घर की रसोई में गिरने से गुप्ता के सिर में चोट लग गई थी. अगली सुबह वे अचेत अवस्था में मिले और बाद में उनका निधन हो गया.
इसी बीच संजय दत्त ने इंस्टाग्राम पोस्ट में संजय गुप्ता के साथ अपने रिश्ते के बारे में लिखा. उन्होंने लिखा, 'गुप्ता, मेरे भाई. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए हो. हमने साथ में बहुत कुछ शेयर किया है, इतनी सारी यादें और दोस्ती के इतने सारे साल. तुम हमेशा मेरे लिए परिवार की तरह रहे हो और यह बात कभी नहीं बदलेगी. मैं तुम्हें, हमारी बातचीत को और हमारे साथ बिताए गए हर पल को बहुत याद करूंगा.'
संजय दत्त ने पोस्ट में आगे लिखा, 'अभी कुछ समय पहले ही हम 'कांटे 2' के बारे में बात कर रहे थे. मेरे भाई, तुम्हारी याद में मैं 'कांटे 2' को तुम्हारा सपना बना दूंगा. तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा. तुमसे हमेशा प्यार करता रहूंगा. तुम्हारे बिना जिंदगी अब वैसी नहीं रहेगी, भाई. ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे.'
संजय गुप्ता और संजय दत्त के बीच काफी गहरी दोस्ती थी. इन दोनों की पहली मुलाकात राज सिप्पी की फिल्म 'थानेदार' (1990) के सेट पर हुई थी, जिसमें संजय गुप्ता असिस्टेंट डायरेक्टर थे और संजय दत्त लीड किरदार में थे. इसके बाद संजय दत्त ने संजय गुप्ता की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म 'आतिश: फील द फायर' (1994) में काम किया. इसके बाद दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें 'खौफ', 'जंग', 'कांटे', 'मुसाफिर', 'प्लान', 'जिंदा' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' शामिल हैं. उनकी इस प्रोफेशनल पार्टनरशिप में 'दस कहानियां' भी शामिल थी.
हालांकि, बताया जाता है कि 2007 में 'शूटआउट एट लोखंडवाला' की शूटिंग के दौरान कुछ मतभेदों की वजह से उनकी दोस्ती में खटास आ गई थी. 2013 में 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' के साथ एक बातचीत में संजय गुप्ता ने माना था कि वे दोनों तीन साल तक एक-दूसरे से नहीं बोले थे. आखिरकार, 2012 में अमिताभ बच्चन की 70वीं जन्मदिन की पार्टी में उन्होंने अपना विवाद खत्म कर लिया.