थिएटर्स में उमड़ा जनसैलाब, गूंजा जय श्री राम: रणबीर कपूर की Ramayana देख रो पड़े दर्शक, यश के रावण अवतार ने उड़ाए होश; मिले शानदार रिव्यू
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज होते ही सिनेमाघरों में छा गई है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अभिनय ने सबका दिल जीत लिया है. देश से लेकर विदेशों तक थिएटर्स में ‘जय श्री राम’ के नारे गूंज रहे हैं. लोग सोशल मीडिया पर अपने-अपने रिव्यू दे रहे हैं. चलिए जानते हैं पब्लिक को ये फिल्म कैसी लगी?
फिल्म देखने के शौकीनों और आस्था रखने वाले लोगों का लंबा इंतजार आज आखिरकार खत्म हो गया. डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट और मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ आज सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. भगवान राम की इस पावन कथा को बड़े पर्दे पर काफी शानदार ढंग से दिखाया गया है. पहले ही दिन इस मूवी ने लोगों का दिल जीत लिया. सुबह के पहले शो से ही सिनेमा हॉल्स में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है और चारों तरफ ‘जय श्री राम’ के नारे सुनाई दे रहे हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं.
फिल्म रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. क्रिटिक्स से लेकर आम जनता तक, हर कोई इस शानदार फिल्म को देखकर बहुत खुश है. म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान और हॉलीवुड के हैंस जिमर का बैकग्राउंड म्यूजिक फिल्म को बिल्कुल अलग लेवल पर ले गया. वहीं, DNEG के VFX ने हर एक सीन को देखने में बेहद खूबसूरत बना दिया. सिनेमाघरों से बाहर आ रहे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है. इंटरनेट पर फिल्म की कहानी, एक्टर्स की एक्टिंग और कमाल के विजुअल्स की खूब तारीफ हो रही है. लोग इसे बड़े पर्दे पर देखने का अलग ही मजा बता रहे हैं.
लेट्स सिनेमा ने बताया शानदार एक्सपीरियंस
मूवी पोर्टल ‘लेट्स सिनेमा’ ने इस फिल्म की दिल खोलकर तारीफ की है. उनका कहना है कि इसे देखकर एक अलग ही लेवल का मजा मिलता है. ये ऐसी फिल्म है जिसे सिर्फ थिएटर में बड़े पर्दे पर ही देखा जाना चाहिए, तभी इसकी असली खूबसूरती समझ आती है. मेकर्स ने जिस सोच और भारी-भरकम बजट के साथ इसे तैयार किया है, उसका असर साफ झलकता है. कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं जो सीधे दिल को छू लेते हैं और दर्शक को उस अनोखी दुनिया में खींच ले जाते हैं. स्क्रीन पर दिखने वाला हर एक सीन इतना असली लगता है कि इंसान सब कुछ भूलकर बस उसी में खो जाता है. 6 बार हुआ रिजेक्ट: फिर 7वीं बार ऐसे मिली Ramayana में कुमार विश्वास के लिखे गाने ‘जुड़ी जोड़ी’ को मंजूरी; 6 दिन में बटोरे 11 मिलियन व्यूज
जोगिंदर टुटेजा ने दिए 4 स्टार
जाने-माने फिल्म क्रिटिक जोगिंदर टुटेजा ने इस फिल्म को 4 स्टार दिए हैं. फिल्म को लेकर उनका साफ कहना है कि इसे मोबाइल या टीवी पर देखने के बजाय सिनेमा हॉल के बड़े पर्दे पर ही देखना चाहिए, तभी इसका असली मजा और जादू महसूस होता है. उन्होंने फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और रकुल प्रीत सिंह की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है. इसके अलावा प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी की सोच और मेहनत को भी खूब सराहा है. टुटेजा का मानना है कि जो अहसास और भव्यता थिएटर के अंदर मिलती है, वो घर पर बैठकर कभी नहीं मिल सकती.
पेरिस के सिनेमाहॉल में गूंजे ‘जय श्री राम’ के नारे
इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर ‘एनीहिलेटर’ नाम के एक यूजर ने विदेश का दिल छू लेने वाला किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि जब फ्रांस की राजधानी पेरिस के एक थिएटर में हनुमान जी का सीन आया, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. वहां मौजूद लोगों ने पूरे जोश में एक साथ ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए. सबसे दिलचस्प बात ये रही कि उस हॉल में ज्यादातर विदेशी ऑडियंस बैठी थी, जो इस सीन को देखकर काफी इमोशनल हो गए. यूजर का मानना है कि ये तो बस शुरुआत है, अब दुनिया भर में अपने भारतीय सिनेमा का डंका साफ बजने लगा है.
‘रामायण’ को लेकर आया मेकर्स का रिएक्शन
साउथ की जानी-मानी फिल्म कंपनी श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स ने इस फिल्म को आंखों को ठंडक देने वाला बताया है. उनके मुताबिक भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर और माता सीता के रोल में साई पल्लवी का काम दिल छू लेने वाला है. दोनों ने बहुत ही सादगी और ठहराव के साथ अपना किरदार निभाया है. दूसरी तरफ रावण के रोल में यश की एंट्री पर्दे पर अलग ही जान फूंक देती है. इसके साथ ही फिल्म के कमाल के सीन, एआर रहमान और हैंस जिमर का बनाया म्यूजिक सीधे दिल में उतर जाता है. पूरी टीम की लगन की वजह से ही हर एक सीन और किरदार एकदम असली लगता है.
फिल्म देखकर हैरान रह गईं प्रज्ञा जायसवाल
फिल्म देखने के बाद एक्ट्रेस प्रज्ञा जायसवाल का कहना है कि इसका स्केल और भव्यता देखकर वे सच में दंग रह गईं. उनकी मानें तो इस शानदार काम की तारीफ करने के लिए उनके पास अल्फाज कम हैं. प्रज्ञा का मानना है कि ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर बनने जा रही है. उन्होंने शेयर किया कि वे अब तक इस फिल्म के हैंगओवर से बाहर नहीं निकल पाई हैं और इसके गाने उनके दिमाग में बार-बार बज रहे हैं. फिल्म के हर एक कलाकार ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से सबको चौंका दिया है और अपने किरदार को दिल से जिया है. सच में हर एक्टर का काम देखने लायक है.
फेमस फिल्म क्रिटिक ने दिए पूरे 5 स्टार
फिल्म क्रिटिक हरमिंदर को ये फिल्म बेहद पसंद आई है और उन्होंने इसे पूरे 5 स्टार दिए हैं. उनका कहना है कि डायरेक्टर नितेश तिवारी ने इस महान महाकाव्य को स्क्रीन पर लाकर कमाल कर दिया है और अपनी काबलियत साबित की है. फिल्म की हर एक चीज ऑडियंस को बांधकर रखती है. हैंस जिमर और एआर रहमान का म्यूजिक दिल छू लेता है, वहीं डीएनईजी के वीएफएक्स और विजुअल्स भी गजब के हैं. एक्टिंग के मामले में रणबीर कपूर सबसे आगे निकल गए हैं. उन्होंने भगवान राम के शांत और सरल रूप को पर्दे पर जिस खूबसूरती से निभाया है, वह सच में देखने लायक है.
जानी-मानी क्रिटिक्स ने की यश की खूब तारीफ
तमिल सिनेमा की जानी-मानी क्रिटिक्स श्रीदेवी श्रीधर ने इस फिल्म के तमिल रूप को 4 स्टार दिए. उनका मानना है कि पूरी टीम ने गजब की मेहनत की है और इसे बडे पर्दे पर देखने का अलग ही आनंद आता है. शुरुआत के तीस मिनट तो इतने असरदार हैं कि ‘रावण’ के किरदार में यश पूरी तरह स्क्रीन पर छा जाते हैं. फिल्म का पूरा माहौल, उसकी बातचीत और कमाल के विजुअल्स ऑडियंस को आखिर तक बांधे रखते हैं. अगर आप सिनेमा देखने के शौकीन हैं, तो ये ऐसी फिल्म है, जिसे घर पर नहीं बल्कि हाल में जाकर ही देखना चाहिए. हर किसी को एक बार थिएटर में इस शानदार एक्सपीरियंस का हिस्सा जरूर बनना चाहिए.