)
टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड की धरती पर ऐसा धमाका किया है, जिसने ODI क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में हलचल मचा दी है. किंग कोहली ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मैच में सिर्फ 51 गेंदों पर 74 रन की तूफानी पारी खेलकर एक के बाद एक कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. इस दौरान उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इतना ही नहीं, विराट कोहली ODI क्रिकेट के इतिहास में चारों SENA देशों में 50 या उससे ज्यादा की बल्लेबाजी औसत रखने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं.
विराट कोहली की इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यूजीलैंड को 5 विकेट (DLS) से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली. विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में ODI क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा की बल्लेबाजी औसत दर्ज करने का अनोखा कारनामा किया है. ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड वनडे से पहले कीवी धरती पर कोहली का बल्लेबाजी औसत 49.66 था, लेकिन 74 रन की शानदार पारी के बाद यह बढ़कर 51.53 हो गया. इसी के साथ उन्होंने चारों SENA देशों में 50 प्लस ODI औसत का खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
विराट कोहली ने बुधवार को अपने शानदार ODI करियर में एक और उपलब्धि जोड़ी है. विराट कोहली ODI इतिहास में ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिनका चारों SENA देशों, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में औसत 50 या उससे अधिक है. भारत के इस दिग्गज बल्लेबाज ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान यह कारनामा किया, जहां उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों पर शानदार 74 रन बनाए. 13 चौकों और एक छक्के से सजी उनकी इस पारी का स्ट्राइक रेट 145 से अधिक रहा.
विराट कोहली का अब साउथ अफ्रीका में बल्लेबाजी औसत 76.38, इंग्लैंड में बल्लेबाजी औसत 51.48, न्यूजीलैंड में बल्लेबाजी औसत 51.53 और ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी औसत 50.03 का है. विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका में 993 ODI रन, इंग्लैंड में 1493 ODI रन, न्यूजीलैंड में 670 ODI रन और ऑस्ट्रेलिया में 1401 ODI रन बनाए हैं.
ऑकलैंड की इस पारी के दौरान विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के एक और बड़े रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. वे वनडे मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने कुल 8,741 रन बनाए हैं, जो तेंदुलकर के 8,720 रनों के रिकॉर्ड से अधिक है. विराट कोहली ने 180 मैचों की 169 पारियों में 66.21 के औसत और 95.03 के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक और 46 अर्धशतक शामिल हैं.
सफल रन-चेज में विराट कोहली के आंकड़े और भी शानदार हैं. भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 114 ODI मैचों की 108 पारियों में 89.95 की औसत और 98 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 6477 रन बनाए हैं. इसमें 25 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं, और उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI रन बनाने के मामले में विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है.
अब इन दोनों बल्लेबाजों के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 1971 रन दर्ज हैं. विराट कोहली ने 37 पारियों में 57.97 की औसत और 97.86 के स्ट्राइक रेट से यह मुकाम हासिल किया है, जिसमें 7 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं. रिकी पोंटिंग ने इतने ही रन बनाने के लिए 51 मैचों की 50 पारियां ली थीं, जिसमें उनका औसत 45.83 रहा था और उन्होंने 6 शतक व 12 अर्धशतक लगाए थे.
विराट कोहली नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13000 वनडे रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं. विराट कोहली ने 254 ODI मैचों की 251 पारियों में नंबर-3 बल्लेबाज के तौर पर 61.61 की औसत से 13062 रन बनाए हैं. उनके इस आंकड़े में 48 शतक और 70 अर्धशतक शामिल हैं, जिसमें उनका हाइएस्ट स्कोर 183 रन है.
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से, विराट कोहली ने 16 ODI मैचों में 77.07 की औसत से 1002 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं. इस साल भी वे ODI में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. कोहली ने 10 ODI मैचों में 69.55 की औसत और 120.61 के स्ट्राइक रेट से 626 रन बनाए हैं. इसमें 2 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं, और उनका हाइएस्ट स्कोर नाबाद 139 रहा है.