)
मथुरा के राया थाना क्षेत्र के गज्जू गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जयपुर-बरेली हाईवे के पास बेकाबू कार ने एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में बाप, बेटे और पोते की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है तीनों हाईवे के किनारे खेत में काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी.
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है.
काल बनकर आई तेज रफ्तार कार
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे गांव के 70 वर्षीय जवाहर सिंह, उनके 42 वर्षीय बेटे हमवीर सिंह और 24 वर्षीय पोता अंकित अपने खेत में बने पूर्वजों की समाधि के रख-रखाव, रंगाई-पुताई और सजावट का काम कर रहे थे. तीनों सुबह के समय काम में व्यस्त थे, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रही एक लाल रंग की कार तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित हो गई.
कार की इतनी तेज रफ्तार थी कि वह हाईवे से सीधे खेत में जा घुसी और काम कर रहे तीनों लोगों को रौंदते हुए करीब 70 मीटर दूर जाकर पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि जवाहर सिंह, उनके बेटे हमवीर और पोते अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हाईवे पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे के बाद गुस्साए गांव वालों ने जयपुर-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग को लेकर शवों को उठाने से रोक दिया. सूचना मिलते ही मौके पर चार थानों की पुलिस टीम पहुंची. वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाकर शांत करने में जुट गए. बताया जा रहा है कि कार चला रहा युवक अमन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल है, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. जिसकी वजह से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)