App

दिवाली से पहले काशी, मथुरा और अयोध्या को दहलाने की धमकी: BHU, स्कूल और नगर निगम निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

दिवाली से पहले वाराणसी में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी भरे ईमेल में BHU, स्कूलों, नगर निगम और प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाने का दावा किया गया है. पुलिस अलर्ट पर है.

दिवाली से पहले काशी, मथुरा और अयोध्या को दहलाने की धमकी: BHU, स्कूल और नगर निगम निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
Image Credit: Varanasi Bomb Threat

जयपाल/वाराणसी: दिवाली से पहले वाराणसी (Varanasi) में बम धमाकों की धमकी मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं. कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से वाराणसी नगर निगम (Varanasi Municipal Corporation) के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया है. 

 स्कूलों और मंदिरों में बम धमाके करने की चेतावनी

ई-मेल में 8 नवंबर को स्कूलों और मंदिरों में बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही 8 नवंबर से 27 नवंबर तक सिलसिलेवार धमाके करने की बात कही गई है.  इसमें वाराणसी के अलावा अयोध्या और मथुरा को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है.पुलिस कमिश्नरेट और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.

BHU, केंद्रीय विद्यालय और सेंट्रल हिंदू स्कूल का नाम

धमकी भरे ई-मेल में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल और नगर निगम कार्यालय का जिक्र है. इसके बाद BHU प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. BHU के चीफ प्रॉक्टर ने केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य से मुलाकात कर सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए. दोनों स्कूलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. नगर निगम को धमकी मिलने के बाद नगर आयुक्त ने पुलिस के बड़े अधिकारियों और सिगरा पुलिस को सूचना दी है.

मंदिरों और संस्थानों की सुरक्षा बढ़ी

धमकी के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट और केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. नगर निगम कार्यालय, BHU, स्कूलों और प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सच्चाई का पता लगा रही हैं. धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हैं.

 यह पहली बार नहीं है. इससे पहले भी अयोध्या और राम मंदिर को कई बार धमकी मिल चुकी है. हर बार जांच में धमकी अफवाह निकली या आरोपी पकड़ा गया.

हालिया धमकियां-वर्ष 2025 और 2026

1. फरवरी 2026 - अयोध्या कचहरी
अयोध्या न्यायालय परिसर में ही 18 बम लगाने की धमकी मिली थी.  धमकी के बाद पूरी कचहरी को खाली कराना पड़ा था. बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली थी.

2. 13 और 16 फरवरी 2026-अयोध्या कचहरी
'सुन्नियान दासन' नामक एक आईडी / व्यक्ति द्वारा अयोध्या कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. दो अलग-अलग तारीखों पर यही धमकी दोहराई गई.

3. सितंबर 2025 - अयोध्या राम मंदिर
डायल 112 पर राम मंदिर को 21 सितंबर को बम से उड़ाने की कॉल आई थी. कॉल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई थीं. बाद में जांच में यह कॉल बरेली के एक बच्चे द्वारा यूट्यूब वीडियो देखकर की गई अफवाह निकली थी.

4. अप्रैल 2025 - राम मंदिर, अयोध्या

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तमिलनाडु के रूट से एक धमकी भरा ई-मेल मिला था. इसके बाद अयोध्या में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More