)
आकाश शर्मा/मुरादाबाद: कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गाजियाबाद में होने वाली भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा, बसपा की बैठक, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान और अखिलेश यादव के बयानों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है.
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार के कामकाज में बाधा डाल रहे हैं. पूरे देश में अराजकता और अनिश्चितता का माहौल बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर विदेशी ताकतों की मदद से लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है. इसी के विरोध में भाजपा ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का आयोजन किया है, जिसका नेतृत्व आज मुख्यमंत्री करेंगे.
बसपा की लखनऊ में होने वाली बैठक पर मंत्री ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी एक बड़ी राजनीतिक पार्टी है. वह चुनावी तैयारी के तहत बैठक कर रही है. लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने और जनता के बीच अपना एजेंडा लेकर जाने का संवैधानिक अधिकार है.
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर मचे बवाल पर मंत्री ने कहा कि महाराज जी ने इस पर खेद प्रकट कर दिया है. इसके बाद यह विषय समाप्त हो जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है और न ही किसी राजनीतिक व्यक्ति का बयान है. वह हमारे संत हैं और इस पर अब राजनीति नहीं होनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव की साधु-संतों और संस्कृति के प्रति मानसिकता पर भी सवाल उठाए.
अखिलेश यादव द्वारा यूपी में विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा पर तंज कसते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वे पहले मुख्यमंत्री योगी जी को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज कर रहे थे. सीएम ने चैलेंज स्वीकार करते हुए वहां से किस्मत आजमाने की बात कही थी. लेकिन अब अखिलेश जी अयोध्या तो दूर, पूरे प्रदेश में ही चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. इससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में उनकी और सपा की वास्तविक स्थिति क्या है.