)
धन-समृद्धि देने वाले दिन धनतेरस पर मां लक्ष्मी, धन कुबेर की पूजा करने के साथ-साथ सोना-चांदी, गाड़ी, कपड़े, बर्तन, गहने जैसी समृद्धिदायक चीजें खरीदी जाती हैं. लेकिन शॉपिंग के लिए निकलते वक्त लोग घर के सारे जरूरी सामानों की लिस्ट साथ ले जाते हैं और खरीदी करते हैं. इसमें कई ऐसी चीजें खरीद लेते हैं, जिन्हें धनतेरस के दिन खरीदना अशुभ होता है. ज्योतिष के अनुसार, धनतेरस के दिन ये चीजें खरीदने से घर में दरिद्रता, नकारात्मकता, बीमारियां और मुसीबतें आ सकती हैं.
लोहे का सामान, स्टील के बर्तन : धनतेरस के दिन सोना, चांदी, तांबा, पीतल के बर्तन या अन्य सामान खरीदें लेकिन लोहे का सामान खरीदने की भूल न करें. लोहे का सीधा संबंध शनि से है. स्टील के बर्तन भी लोहे का ही रूप हैं, ऐसे में इस दिन स्टील के बर्तन भी न खरीदें. वरना जिंदगी में मुसीबतों का अंबार लग सकता है. हर काम में देरी होगी.
तेल : तेल का संबंध भी शनि देव से है, जाहिर है त्योहार के मौके पर इन सब सामानों की जरूरत होती है, ऐसे में इसे एक दिन पहले ही ले लें या धनतेरस के अगले दिन लें.
कांच-प्लास्टिक के सामान : इसी तरह धनतेरस के दिन कांच या प्लास्टिक का सामान न खरीदें, ये आसानी से टूट जाते हैं, जबकि धनतेरस के दिन उन चीजों की खरीदारी करनी चाहिए, जो लंबे समय तक चलें. इसलिए इस दिन घर, गहने आदि खरीदते हैं या निवेश करते हैं. इसके अलावा प्लास्टिक, कांच का संबंध राहु ग्रह से हैं, जो जिंदगी में नकारात्मकता, भ्रम बढ़ाते हैं.
जूते-चप्पल, नुकीली चीजें : इसके अलावा धनतेरस के दिन जूते-चप्पल, नुकीली चीजें जैसे चाकू, कैंची आदि भी न खरीदें. ये जिंदगी में नकारात्मकता, रिश्तों में कड़वाहट, मानसिक उलझन बढ़ाती हैं.
यदि आप धनतेरस के दिन ये चीजें खरीदते हैं तो जाने-अनजाने अपने घर में शनि-राहु का न्योता देकर बुला रहे हैं.
यदि आपकी जेब सोना-चांदी खरीदने की इजाजत नहीं दे रही तो 50 रुपए के धनिया के बीज, झाड़ू, चावल जैसी शुभ चीजें खरीदना भी मां लक्ष्मी की कृपा दिलाता है और धन-समृद्धि बढ़ाता है. यदि तांबी-पीतल का बर्तन खरीद रहे हैं तो उसमें कुछ दाने साबुत चावल के डालकर ही घर लाएं. इतना ही नहीं मिट्टी का पात्र खरीदकर उसमें चावल भरकर भी घर में लाना बेहद शुभ होता है.
(Disclaimer- इस खबर में दी गई धनतेरस शॉपिंग से जुड़ी बातें धार्मिक मान्यताओं, लोक परंपराओं और ज्योतिषीय जानकारियों पर आधारित हैं. इसका उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है. Zee News इन बातों की वैज्ञानिक पुष्टि नहीं करता है और किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देता है. शॉपिंग से जुड़ा कोई भी फैसला अपनी समझ और जरूरत के हिसाब से ही लें.)