)
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मोस्ट अवेटेड मूवी ‘रामायण’ को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है. इस मेगा बजट फिल्म में सिर्फ शानदार सेट या VFX ही नहीं, बल्कि इसका म्यूजिस भी लोगों का दिल जीत रहा है, जिसे ऑस्कर विनर एआर रहमान ने कंपोज किया है, जबकि मशहूर कवि और राइटर कुमार विश्वास ने इसके खूबसूरत बोल लिखे हैं. बॉलीवुड के कई बड़े सिंगर्स ने अपनी आवाज देकर गानों में जान फूंक दी. फिल्म के अब तक चार गाने रिलीज हो चुके हैं, लेकिन प्रभु श्री राम और माता सीता के विवाह पर बना ‘जुड़ी जोड़ी’ गाना लोगों के दिल में उतर गया.
ये गाना लोगों का जितना इमोशनल और मंत्रमुग्ध कर रहा है, इसके बनने के पीछे की कहानी भी उतनी ही दिलचस्प और हैरान करने वाली है. बहुत कम लोगों को जानते हैं कि जिस गाने को आज हर कोई गुनगुना रहा है, वो पहली बार में पास नहीं हुआ था. इस गाने के शब्दों को अंतिम रूप देने में कुमार विश्वास को खासी मेहनत करनी पड़ी थी. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा को मनचाहा भाव हासिल करने के लिए कई बार नए बोल लिखवाने पड़े. आखिरकार जब 7वीं बार में नई लाइनें तैयार होकर सामने आईं, तब जाकर ये गाना फाइनल हो सका और उसने सीधे सबके दिलों में उतर गया.
फ़िल्म ‘रामायण’ का नया गीत ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज़ हो चुका है, जिसे युगवक्ता @DrKumarVishwas जी ने शब्द दिए हैं। प्रभु श्रीराम और माता सीता के पावन प्रेम को समर्पित इस सुंदर गीत को सुनिए और अपना स्नेह दीजिए🌸🙏 #KumarVishwas #JudiJodiSong #Ramayana https://t.co/sfznYbRLpz
— Kumar Vishwas Office (@OfficeOfDKV) October 29, 2026
हाल ही में कवि कुमार विश्वास ने खुद फिल्म के एक खास प्रिव्यू इवेंट के दौरान इस पूरे किस्से के बारे में बताया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने बताया कि राम-सिया के विवाह प्रसंग के लिए उन्होंने जो शुरुआती गाना तैयार किया था, वो नमित मल्होत्रा को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पाया था. उन्हें लग रहा था कि शब्दों में वो गहरा आध्यात्मिक और पारंपरिक खिंचाव अभी बाकी है. कुमार विश्वास के मुताबिक, नमित जी उनसे बार-बार कहते थे, ‘कुमार साहब, आपके पास वो खास शब्द मौजूद हैं, लेकिन आप मुझे निकाल कर नहीं दे रहे. मुझे पूरा भरोसा है कि वो बात आपके अंदर ही है’.
लगातार कोशिशों के बाद जब 7वीं बार कलम चली, तो वो जादुई बोल निकलकर सामने आ गए जिनका सबको इंतजार था. कुमार विश्वास ने जैसे ही नया मुखड़ा सुनाया, ‘जुड़ी जोड़ी जनम जनमों की जनक घर गूंजे है सिया सिया राम’, वैसे ही नमित मल्होत्रा खुशी से चहक उठे. उन्होंने तुरंत कहा, ‘बस, मुझे ठीक यही शब्द चाहिए थे’. कुमार विश्वास का कहना है कि कलाकारों से उनका बेहतरीन काम बाहर निकलवाना ही एक सच्चे प्रोड्यूसर और डायरेक्टर की असली खूबी होती है. इस गाना को मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने गाया है और ये अब तक 11 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है.
इतना ही नहीं, कवि कुमार विश्वास को इस बात का पूरा भरोसा है कि उनका नया गाना ‘जुडी जोडी’ आने वाले दिनों में हर हिंदुस्तानी परिवार की शादी का सबसे खास और जरूरी हिस्सा बन जाएगा. जहां भी बेटी का ब्याह होगा, वहां ये गाना अपनी सादगी और मिठास घोलेगा. इस गाने के बोल हमारी पुरानी परंपरा और संस्कारों से सीधे जुडते हैं, इसलिए लोग इसे सुनकर दिल से जुडा हुआ महसूस कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग इस पर जमकर वीडियो और रील्स बना रहे हैं. श्रेया घोषाल की सुरीली आवाज और कुमार विश्वास के सादगी भरे बोलों की हर कोई खूब तारीफ कर रहा है.
फिल्म का डायरेक्शन नितेश तिवारी ने किया है. फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) के अलावा रवि दुबे (लक्ष्मण), सनी देओल (हनुमान), अरुण गोविल (दशरथ), लारा दत्ता (कैकेयी), इंदिरा कृष्णन (कौशल्या), सोनल झा (सुमित्रा), रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा), काजल अग्रवाल (मंदोदरी), शीबा चड्ढा (मंथरा), आदिनाथ कोठारे (भरत), नितीश शर्मा (शत्रुघ्न) समेत कई और कलाकार नजर आएंगे. ये फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी. पहला पार्ट आज यानी 5 नवंबर को रिलीज हो रहा है और दूसरा पार्ट अगले साल 2027 दिवाली पर रिलीज होगा.