)
टीम इंडिया का चमकता सितारा और 'मॉडर्न मास्टर' के नाम से मशहूर विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर, 2026 को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. कहते हैं, 'शराब जितनी पुरानी हो, उतनी ही बेहतर होती है.' विराट कोहली पर ये कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है. अक्सर कहा जाता है कि 2016 और 2017 में वो अपने प्राइम फॉर्म में थे, लेकिन सच तो ये है कि 2026 में वो सबसे बेहतर हैं. आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं.
विराट कोहली अपना 38वां जन्मदिन न्यूजीलैंड में सेलिब्रेट कर रहे हैं. बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड में खेले गए सीरीज के पहले ODI में उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली. बर्थडे से एक दिन पहले उन्होंने फील्डिंग में भी कमाल किया और एक हाथ से हैरतअंगेज कैच लेकर अपने करोड़ों फैंस को भी खुश कर दिया. चाहे बैटिंग हो या फील्डिंग... 2026 वाला विराट किसी मायने में 2016 वाले से कम नहीं है. और यही वो वजह है जो कोहली को दुनिया के बाकी क्रिकेटर्स से अलग बनाता है.
विराट कोहली ने 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. इसी साल उन्होंने बतौर कप्तान भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप भी जिताया था. उन्हें वनडे स्क्वॉड में जगह तो मिल गई, लेकिन टीम में मौजूद बड़े सितारों के कारण प्लेइंग इलेवन में ज्यादा मौके नहीं मिले. 2008 में विराट ने सिर्फ 5 ODI खेले और 31.80 की औसत से 159 रन बनाए.
2009 में कहानी थोड़ी बदली. विराट कोहली को ज्यादा मौके मिलने लगे और 'चीकू' ने तत्कालीन कप्तान एमएस धोनी को बिल्कुल निराश नहीं किया. इस साल उन्होंने 10 ODI मैचों में 54.16 की औसत से 325 रन बनाए. इसी साल विराट ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का पहला शतक भी जड़ा. दिलचस्प है ना? जब कोहली ने 2009 में पहला ODI शतक जड़ा होगा, तो किसी ने उम्मीद भी नहीं की होगी कि ये खिलाड़ी 14 साल बाद महान सचिन तेंदुलकर के ODI में सबसे अधिक सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ देगा.

वैसे तो विराट कोहली के लिए 2008 से लेकर 2014 तक, कोई साल खराब नहीं रहा, लेकिन अगले तीन सालों तक उन्होंने दुनिया पर राज किया. ODI में उन्हें रोकना नामुमकिन के बराबर था. ऐसा लगता था, जैसे कोहली के लिए वनडे में शतक जड़ना और मैच जिताना रोज का काम हो. वो 30-40 रन बनाकर आउट होते थे, तो लगता था फेल हो गए हों. 2016 में विराट कोहली ने 92.37 की औसत और 100.00 के स्ट्राइक रेट से 10 मैचों में 739 रन बनाए. 2017 में उन्होंने 26 पारियों में 76.84 की औसत और 99.11 के स्ट्राइक रेट से 1460 रन बनाए. 2018 का आंकड़ा हैरतअंगेज रहा. विराट कोहली ने इस साल 14 मैचों में 133.55 की औसत और 102.55 के स्ट्राइक रेट से 1202 रन बनाए. इस साल उन्होंने ODI इंटरनेशनल में 6 शतक ठोके और 3 फिफ्टी भी जड़ी.

विराट कोहली ने 2026 में अब तक 10 मैचों में 69.55 की औसत से 626 रन बनाए हैं. अब आप सोचेंगे कि 2018 तो इससे बेहतर था, तो ऐसा नहीं है. दरअसल, पिछले 2-3 सालों में ODI क्रिकेट भी टी20 की रफ्तार से खेला जा रहा है. कोहली ने भी अपने अंदाज को बदला है. इस साल उन्होंने 120.61 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. इससे अधिक स्ट्राइक रेट उनके करियर में कभी नहीं आया है. इससे भी दिलचस्प बात ये है कि 2026 में वो अभी तक 18 छक्के लगा चुके हैं. साल 2023 में विराट कोहली ने 27 मैचों में 24 छक्के ठोके थे. 2026 में वो 10 मैचों में ही 18 सिक्स जड़ चुके हैं. ये आंकड़ा दिखाता है कि उन्होंने खुद को मॉडर्न गेम के हिसाब से कितना बदला है. यही वजह है कि 38 साल की उम्र में भी वो दुनिया पर राज कर रहे हैं और इस फॉर्मेट में उन्हें चुनौती देने वाला अभी भी कोई नहीं है.