)
बिहार में नवंबर की शुरुआत के साथ ही अब धीरे-धीरे ठंड ने अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है. सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस की जा रही है. घरों में AC-कूलर तो बंद हो ही गए थे, अब पंखे की रफ्तार पर भी ब्रेक लग चुका है. इसी के साथ अब जैकेट, स्वेटर और शॉल की भी वापसी हो गई है. सुबह-शाम इनकी जरूरत महसूस की जा रही है.
बीते कुछ दिन पहले राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर देखने को मिला, जिससे राज्य के कई जिलों में बारिश हुई. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, आज (5 नवंबर 2026) को बिहार के किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी गई है.
इसका मतलब यह है कि राज्य भर में मौसम पूरी तरह से शुष्क (dry weather) बना रहेगा. बिहार में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है. सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा (fog) छाए रहने की संभावना जताई गई है. वहीं, दिन के समय धूप खिलेगी. अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकतर स्थानों पर मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा
पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.
सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर के साथ-साथ सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.
रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा और औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है.
भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने की संभावना है.