)
हिंदी सिनेमा के कामयाब दौर की बात हो और सुभाष घई और अलका याग्निक की जोड़ी का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है. नब्बे के दशक से लेकर आज तक, इस मशहूर फिल्ममेकर और सुरों की मल्लिका ने मिलकर कई ऐसे नगमे दिए हैं, जो आज भी लोगों की जुबान पर चढ़े रहते हैं. अब एक बार फिर वही पुराना जादू मंच पर बिखरने वाला है, जिसे लेकर म्यूजिक लवर में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. दिग्गज फिल्मकार सुभाष घई हिंदी सिनेमा में अपने शानदार 50 साल पूरे होने का जश्न मनाने जा रहे हैं.
इस खास मौके पर उन्होंने 'क्या जमाना था' नाम से एक ग्रैंड म्यूजिकल कॉन्सर्ट का आयोजन किया है, जो आने वाले 11 दिसंबर, 2026 को मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में होगा. इस खास शाम को यादगार बनाने के लिए घई अपनी सिनेमाई सफर से जुड़ी सबसे पसंदीदा आवाजों को एक मंच पर ला रहे हैं. इसके लिए खुद मशहूर सिंगर अलका याग्निक के घर पहुंचे और उन्हें इस जश्न का हिस्सा बनने के लिए पर्सनली इनवाइट किया. सुभाष घई के इस प्यार भरे न्योते को अलका ने भी एक बड़ी सी मुस्कान के साथ तुरंत स्वीकार कर लिया.
इस खास मुलाकात की झलक सुभाष घई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के साथ शेयर की. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि अलका याग्निक एक बार फिर से चमकने के लिए तैयार हैं,उनकी आवाज,उनकी चमक और उनका जज्बा आज भी वैसा ही है. घई ने बताया कि जब वो रात को अलका के घर गए और उन्हें 11 दिसंबर, 2026 के कॉन्सर्ट के लिए इनवाइट किया, तो उन्हें बहुत खुशी हुई.इनविटेशन मिलते ही अलका अपनी जगह से खड़ी हुईं और मुस्कुराते हुए बोलें,'मैं आऊंगी.' घई के हिसाब से,उनके इस जवाब ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल खुश कर दिया.
अलका याग्निक के लिए ये कॉन्सर्ट बहुत खास होने वाला है,क्योंकि इससे वो लंबे ब्रेक के बाद पब्लिक इवेंट में वापसी कर रही हैं. खबरों के मुताबिक, साल 2024 में उन्होंने पहली बार खुलासा किया था कि एक अचानक हुए वायरल अटैक के कारण वो सेंसरिन्यूरल हायरिंग लॉस (सुनने की क्षमता में कमी) जैसी गंभीर समस्या से जूझ रही हैं.
कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने ये भी माना था कि वो अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई हैं और इस बीमारी की वजह से उन्हें काम करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं,जिस वजह से वो कई कंपोजर्स के ऑफर्स भी स्वीकार नहीं कर पा रही थीं. ऐसे में उनका मंच पर लौटना उनके फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है.
सुभाष घई और अलका याग्निक का म्यूजिक से जुड़ा रिश्ता बहुत गहरा रहा है. दोनों ने 'खलनायक','ताल','परदेस' और 'यादें' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम कर हिंदी सिनेमा को कई यादगार गीत दिए हैं. 'क्या जमाना था' कॉन्सर्ट में घई के 50 साल के सफर का जश्न मनाने के लिए 70 लोगों का एक विशाल ऑर्केस्ट्रा मौजूद रहेगा. इस शाम में मशहूर म्यूजिशियन मिथुन घई की फिल्मों के कुछ सबसे पसंदीदा गानों को नए अंदाज में पेश करेंगे,जो लोगों को पुरानी यादों और मधुर संगीत की एक अलग ही दुनिया में ले जाएगा.