)
मार्वल की अगली फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ अगले महीने सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है और इसे लेकर फैंस का क्रेज अभी से आसमान छू रहा है. भारत में इस सुपरहीरो मूवी के रिलीज होने में अभी पूरे 24 दिन का समय बाकी है, लेकिन टिकटों की सेल ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया है. फिल्म ने रिलीज से इतना पहले ही 50 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग का बड़ा आंकड़ा पार करके सबको चौंका दिया है. बॉक्स ऑफिस के आंकड़े रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक देशभर में फिल्म की कुल एडवांस कमाई 52.21 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.
इस कलेक्शन में ब्लॉक की गई सीटें भी जुड़ी हुई हैं, वहीं अगर बिना ब्लॉक सीटों की बात करें तो फिल्म ने 44.37 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है. टिकट सेल की रफ्तार को देखें तो इस फिल्म ने देश के 74 से ज्यादा शहरों में कुल 7,611 शोज के लिए करीब 8.25 लाख टिकट सेल कर दिए हैं. ये आंकड़ा ब्लॉक की गई सीटों को मिलाकर सामने आया है. अगर ब्लॉक सीटों को इस गिनती से हटा दिया जाए, तो भी फिल्म के 7.04 लाख टिकट सेल हो चुके हैं. रिलीज से करीब तीन हफ्ते पहले ही टिकटों की इतनी भारी मांग देखकर ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं. फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर धमाकेदार होड़ मची है.

सैकनिल्क के आंकड़ों के हिसाब से, फिल्म के ओपनिंग डे यानी 17 दिसंबर को सबसे ज्यादा कमाई होने की उम्मीद है. पहले दिन के लिए ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 22.77 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं, जो कुल एडवांस कमाई का करीब 44 प्रतिशत हिस्सा है. बाकी दिनों की बात करें तो शुक्रवार 18 दिसंबर के लिए 11.05 करोड़, शनिवार 19 दिसंबर के लिए 10.54 करोड़ और रविवार 20 दिसंबर के लिए 7.85 करोड़ रुपये की टिकटें बिक चुकी हैं. ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद चारों दिनों की ये कमाई क्रमशः 20.30 करोड़, 9.21 करोड़, 8.68 करोड़ और 6.18 करोड़ रुपये बैठती है. इस सभी आकंड़ों ने फैंस के होश उड़ा दिए.
इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच इतनी ज्यादा दीवानगी होने की सबसे बड़ी वजह मशहूर एक्टर रॉबर्ट डाउनी जूनियर की मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में फिर से वापसी है, लेकिन इस बार वे अपने पुराने और सबके पसंदीदा किरदार टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन बनकर नहीं आ रहे, बल्कि फिल्म के सबसे खतरनाक विलेन ‘डॉक्टर डूम’ के रोल में दिखाई देने वाले हैं. इतना ही नहीं, उनके साथ क्रिस इवांस भी एक बार फिर स्टीव रोजर्स बनकर इस फ्रेंचाइजी में लौट रहे हैं. पुराने मार्वल फैंस के लिए ये खबर किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है. इन दोनों सुपरस्टार्स के एक साथ आने से फिल्म का क्रेज अब दोगुना हो चुका है.
कहानी और नए किरदारों के हिसाब से ये फिल्म फैंस को सिनेमाघरों में बिल्कुल अलग रोमांच देने वाली है. ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में पहली बार मार्वल की अलग-अलग दुनिया के बड़े सुपरहीरोज एक ही स्क्रीन पर साथ काम करते नजर आएंगे. इस फिल्म में पुराने एवेंजर्स के साथ-साथ फैंटास्टिक फोर और एक्स-मेन के जाने-माने किरदार भी आपस में हाथ मिलाते दिखेंगे. इतने सारे दिग्गज सुपरहीरोज का एक साथ आना और एक बड़ी लड़ाई का हिस्सा बनना ही फैंस को थिएटर्स की तरफ खींच रहा है. यही बड़ी वजह है कि फिल्म के रिलीज होने से काफी समय पहले ही लोगों ने अपनी-अपनी टिकटें बुक करनी शुरू कर दी हैं.
एंथनी रूसो और जो रूसो के डायरेक्शन में बनी ये मेगा बजट फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ भारत में 17 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. खास बात ये है कि ये फिल्म अमेरिका में 18 दिसंबर को रिलीज होगी, यानी इंडियन ऑडियंस इसे अमेरिकी ऑडियंस से एक दिन पहले देख पाएंगे. भारत में इसे अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जा रहा है. फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस के अलावा क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, वैनेसा किर्बी, एंथनी मैकी, पॉल रुड, फ्लोरेंस पुघ, सिमू लियू, सेबेस्टियन स्टैन, इयान मैककेलेन और पैट्रिक स्टीवर्ट जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे.