)
नेपाल के लोगों के लिए ‘रामायण’ की कहानी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके दिल और आस्था से जुड़ी एक गहरी भावना है. नेपाल का जनकपुर शहर माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है और यहां के लोगों की पहचान भगवान राम और माता सीता के विवाह से जुड़ी हुई है. इसी खास जुड़ाव के बीच प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा कमाल कर दिखाया है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा की कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पछाड़ते हुए नेपाल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ ने अपने तीसरे वीकेंड तक नेपाल में करीब 26.90 करोड़ नेपाली रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है, जो भारतीय रुपये में लगभग 16.81 करोड़ रुपये बैठता है. इस जबरदस्त कमाई के साथ फिल्म ने अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने वहां 26.46 करोड़ नेपाली रुपये कमाए थे. ये जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर पहले जिन भारतीय फिल्मों का राज चलता था, वे सभी साउथ की फिल्में ही थी, जिन्होंने छप्परफाड़ कमाई करते हुए अपना दबदबा बनाया था, लेकिन ‘रामायण’ ने इस ट्रेंड को पूरी तरह बदलते हुए नया मुकाम हासिल कर लिया है.

इस लिस्ट में ‘पुष्पा 2’ के साथ ही ‘बाहुबली 2’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’ और ‘आरआरआर’ जैसी बड़ी फिल्मों के नाम शामिल थे. अगर कमाई की बात करें तो प्रभास की ‘बाहुबली 2’ ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर 23 करोड़ नेपाली रुपये बटोरे थे, जबकि यश की ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का कलेक्शन 19.80 करोड़ नेपाली रुपये रहा था. इसके अलावा राम चरण और जूनियर एनटीआर की ‘आरआरआर’ ने भी 17.12 करोड़ नेपाली रुपये की शानदार कमाई की थी. इन आंकड़ों को देखकर साफ समझ आता है कि नेपाल की ऑडियंस में साउथ की डब फिल्मों का कितना जबरदस्त क्रेज रहा है, लेकिन ‘रामायण’ ने रिलीज के साथ इन सभी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
इस दमदार कमाई के साथ ही फिल्म ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. वहां की टॉप फिल्मों की लिस्ट में अब तक सिर्फ तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा का ही बोलबाला रहा है और कोई भी ओरिजिनल हिंदी फिल्म नंबर वन की कुर्सी तक नहीं पहुंच सकी थी. ऐसे में ‘रामायण’ पहली ऐसी बॉलीवुड मूवी बन गई है, जिसने नेपाल के ऑल-टाइम भारतीय बॉक्स ऑफिस चार्ट में टॉप पर अपनी जगह पक्की कर ली है. ये सक्सेस इसलिए भी काफी खास है, क्योंकि दूसरी फिल्मों ने ये मुकाम थिएटर्स में कई हफ्तों तक चलने के बाद हासिल किया था, जबकि नितेश तिवारी की इस फिल्म ने तीन हफ्ते से भी कम समय में ये बड़ा कमाल कर दिखाया है.

नेपाल में इस फिल्म को जो इतना जबरदस्त प्यार मिल रहा है, उसके पीछे सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि लोगों की गहरी आस्था और संस्कृति भी जुड़ी हुई है. नेपाल के मधेश इलाके में बसा जनकपुर शहर पुराने समय में मिथिला की राजधानी हुआ करता था, जहां राजा जनक का राज था. लोगों की ऐसी मान्यता है कि माता सीता का जन्म इसी धरती पर हुआ था और भगवान राम से शादी होने से पहले उनका पूरा बचपन यहीं बीता था. आज भी जनकपुर का शानदार जानकी मंदिर पूरे नेपाल के सबसे बड़े और खास तीर्थ स्थलों में गिना जाता है. हर दिन हजारों की गिनती में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं और ‘रामायण’ से जुड़े रीति-रिवाजों को धूमधाम से मनाते हैं.
इसके साथ ही माता सीता और नेपाल के बीच का ये नाता सिर्फ मंदिर की दीवारों तक ही नहीं रुका है, बल्कि ये वहां के आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में रचा-बसा है. हर साल जनकपुर में ‘विवाह पंचमी’ का त्योहार बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है, जो हमें भगवान राम और माता सीता की शादी की याद दिलाता है. इस खास मौके पर पूरे शहर में शानदार शोभायात्राएं निकाली जाती हैं और पुराने रीति-रिवाजों के साथ जश्न मनाया जाता है. इस उत्सव में नेपाल के लोगों के साथ-साथ भारत से भी भारी संख्या में भक्त हिस्सा लेने पहुंचते हैं. इसके अलावा, जनकपुर दोनों देशों को आपस में जोड़ने वाले ‘रामायण टूरिज्म सर्किट’ का भी एक बहुत जरूरी हिस्सा है.

‘पुष्पा 2’ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब ‘रामायण’ की नजर नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर एक और नए इतिहास को रचने पर टिकी हुई है. फिल्म को 30 करोड़ नेपाली रुपये के इस खास क्लब में अपनी जगह बनाने के लिए अब केवल 3.10 करोड़ नेपाली रुपये की और कमाई करनी है. अगर ये फिल्म इस बड़े आंकड़े को छूने में कामयाब हो जाती है, तो ये नेपाल में किसी भी भारतीय फिल्म के लिए सफलता का एक नया पैमाना तय कर देगी. थिएटर में ऑडियंस की लगातार बनी हुई भीड़ और फिल्म की मजबूत पकड़ को देखते हुए ये मंजिल अब बिल्कुल भी मुश्किल नहीं लग रही. अब सारा दारोमदार इस बात पर है कि तीसरे वीकेंड ये कितनी कमाई कर पाती है.
नेपाल के साथ-साथ भारत और दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी रणबीर कपूर की ‘रामायण’ कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है. 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने 19 दिनों के सफर में भारत में 955.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इंडिया ग्रॉस कमाई 1141.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. भाषाओं के हिसाब से देखें तो फिल्म ने सबसे ज्यादा 725 करोड़ रुपये सिर्फ हिंदी से कमाए हैं. इसके अलावा कन्नड़ से 76.15 करोड़, तेलुगु से 56.90 करोड़, मलयालम से 49.95 करोड़ और तमिल वर्जन से 47.45 करोड़ रुपये का नेट कारोबार हुआ है. 18वें दिन तक वर्ल्डवाइड 1689.50 करोड़ कमाने के बाद, 19वें दिन के भारत के ग्रॉस आंकड़ों (15.15 करोड़) को मिलाकर फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई अब 1704.65 करोड़ रुपये के पार निकल गई है.