)
उत्तराखंड मौसम: नवंबर का आखिरी हफ्ता शुरू होते ही उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों को अब हल्की ठंडी हवा का अहसास होने लगा है. दिन में भले ही धूप खिल रही हो, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखा रही है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 24 नवंबर को पूरे उत्तराखंड में मौसम साफ और सूखा बना रहेगा. प्रदेश में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहने से दिन में धूप का अच्छा साथ मिलेगा.
राजधानी देहरादून में आज सुबह से ही आसमान साफ नजर आ रहा है. दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंड जरूर महसूस होगी. मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. यानी दिन में मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन रात होते ही स्वेटर और जैकेट की जरूरत पड़ने लगेगी.
मैदानी इलाकों की तुलना में पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर कहीं ज्यादा महसूस हो रहा है. ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है. नैनीताल, मसूरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चमोली जैसे इलाकों में सुबह के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं. स्थानीय लोगों के साथ-साथ घूमने आए पर्यटकों को भी अब गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है.
फिलहाल उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. मौसम विभाग ने 24 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रदेश के लिए कोई भी मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है. इसका मतलब है कि अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ ही बना रहेगा. ये खबर पर्यटकों के लिए राहत भरी है. जो लोग पहाड़ों की सैर पर जाने का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए ये हफ्ता घूमने के लिए काफी अच्छा रहने वाला है.
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 28 नवंबर तक प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क ही बना रहेगा।दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलती रहेगी, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान गिरने से ठिठुरन बनी रहेगी. मौसम विशेषज्ञों की मानें तो दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड और बढ़ सकती है. इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर साथ रखें, खासकर बुजुर्ग और बच्चे ठंड से बचकर रहें.