)
मध्य प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव नजर नहीं आ रहा है, लेकिन प्रदेश में तापमान लगातार गिरता चला जा रहा है. वहीं तापमान गिरने से प्रदेश में सर्दी भी बढ़ती जा रही है. इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के रीवा, जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बारिश भी दर्ज की गई है. हालांकि, कुछ जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. आइए आपको प्रदेश के मौसम के बारे में विस्तार से बताते हैं.
IMD भोपाल से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिला है. वहीं शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से 6.4°C तक खासरूप से कम रहा है. रीवा, जबलपुर संभागों के जिलों में सामान्य से 3.1-3.2°C तक काफी कम रहा और बाकी सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहा है.
वहीं, मौसम विभाग ने आगे बताया कि उत्तर भारत के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण ऊपरी वायुमंडल में हवाओं का रुख बदला हुआ है. इसके अलावा, दक्षिणी गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के आसपास भी ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी गतिविधियों का असर आने वाले दिनों में मौसम पर देखने को मिल सकता है.
साथ ही मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 24 नवंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है. इनमें अनुपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट जिले शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने आगे बताया कि प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने वाला है. लेकिन अगले तीन दिन 25, 26, 27 नवंबर को न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है.
ये भी पढ़ेंः UP में ठंड की एंट्री! पूर्वांचल में घने कोहरे का अलर्ट, जानें 24 नवंबर को लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे कम तापमान भोपाल में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा तापमान 30.8°C दर्ज किया गया है.
1. भोपाल में सबसे कम तापमान 12.4°C दर्ज किया गया.
2. ग्वालियर में तापमान 12.8 °C रिकॉर्ड किया गया.
3. शिवपुरी में तापमान 13.0 °C रहा है.
4. दतिया में तापमान 13.3 °C दर्ज किया गया है.
5. दमोह में तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.