)
हिंदी सिनेमा के जाने-माने राइटर और गीतकार जावेद अख्तर रविवार, 15 नवंबर को अपनी पत्नी शबाना आजमी के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए. इस दौरान 81 साल के जावेद साहब व्हीलचेयर पर बैठे नजर आए. वहां मौजूद पैपराजी ने जैसे ही इस कपल को देखा, तो फोटोज क्लिक करने की रिक्वेस्ट की. फोटोग्राफरों ने उनसे पूछा, ‘क्या आप खड़े होकर एक फोटो दे सकते हैं’. लोगों और कैमरामैन का दिल रखते हुए जावेद अख्तर तुरंत व्हीलचेयर से उठ खड़े हुए. उन्होंने अपनी पत्नी शबाना के साथ बहुत प्यार और सादगी से कैमरे के सामने पोज दिए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है.
एयरपोर्ट पर जावेद अख्तर को व्हीलचेयर पर देखकर उनके चाहने वालों के मन में कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, जावेद अख्तर या शबाना आजमी की तरफ से इस बारे में कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है कि उन्हें व्हीलचेयर का सहारा क्यों लेना पड़ा. उनकी सेहत को लेकर कपल की ओर से कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जिस तरह से वे बिना किसी परेशानी के उठकर खड़े हुए और कैमरों का सामना किया, उससे उनके फैंस ने राहत की सांस ली. सोशल मीडिया पर इस वीडियो और तस्वीरों के सामने आने के बाद लोग उनकी अच्छी सेहत की दुआ कर रहे हैं.
Shabana Azmi & Javed Akhtar’s Decades-Long Togetherness Is All About Love & Care! ❤️ #shabanaazmi #javedakhtar #filmibeat #bollywood https://t.co/2zQm5v6otR
— FilmiBeat (@filmibeat) November 15, 2026
जावेद अख्तर की ये झलक ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ ही हफ्ते पहले शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर अपने पति के संघर्ष के दिनों को याद किया था. पिछले महीने अक्टूबर में शबाना ने एक भावुक पोस्ट लिखकर बताया था कि कैसे जावेद अख्तर खाली हाथ मुंबई आए थे और अपनी मेहनत से हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े नाम बने. शबाना ने जावेद की एक पुरानी और रेयर फोटो साझा करते हुए लिखा था, ‘4 अक्टूबर 1964 को एक नौजवान लड़का अपनी जेब में सिर्फ 27 नए पैसे और आंखों में बड़े सपने लेकर बॉम्बे सेंट्रल स्टेशन पर उतरा था. जिंदगी ने उसे कई कड़े सबक सिखाए’.
शबाना आजमी ने अपने पोस्ट में जावेद अख्तर के उन मुश्किल हालातों का भी जिक्र किया था, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. उन्होंने बताया था कि मुंबई आने के बाद जावेद के पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं था. शबाना ने लिखा था, ‘उन्होंने फुटपाथ पर, रेलवे स्टेशनों पर और कई स्टूडियो के कंपाउंड में सोकर रातें गुजारीं. एक दिन ऐसा भी आया जब उनके पास तीन दिनों तक खाने के लिए कुछ नहीं था और तन ढकने के लिए सिर्फ फटे हुए कपड़े ही बचे थे’. इस भयंकर गरीबी और भूख के बावजूद जावेद अख्तर ने कभी हार नहीं मानी और अपने सपनों को जिंदा रखा.

अपनी पोस्ट में शबाना आजमी ने आगे लिखा था कि जब जावेद अख्तर पूरी तरह टूटने की कगार पर थे, तब भी उनके अंदर का हौसला कभी कम नहीं हुआ. शबाना के मुताबिक, जावेद ने खुद से कहा था, ‘मैं यूं ही मरने के लिए नहीं पैदा हुआ था, ये दिन बदलेंगे’ और वाकई उनकी किस्मत बदली. शबाना ने लिखा था कि 4 अक्टूबर 1964 को जो 19 साल का लड़का लगभग खाली हाथ था, उसने 4 अक्टूबर 2026 तक के सफर में भारत को कुछ सबसे यादगार शब्द और गावे दिए हैं. उन्होंने लोगों को इंस्पायर करते हुए कहा था कि अगर जावेद ये कर सकते हैं, तो आप भी कर सकते हैं, बस कभी हार मत मानिए.
शबाना आजमी का ये पोस्ट जावेद अख्तर के मुंबई आने के 62 साल पूरे होने के मौके पर सामने आया था. मालूम हो कि जावेद अख्तर और शबाना आजमी बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा और सम्मानित जोड़ों में से एक हैं. दोनों ने 9 दिसंबर 1984 को शादी की थी और अगले महीने ये कपल अपनी शादी की 42वीं सालगिरह मनाने जा रहा है. शबाना अक्सर अपने सोशल मीडिया पर अकाउंट पर अपने पति जावेद अख्तर की पुरानी तस्वीरें, उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े दिलचस्प किस्से फैंस के साथ साझा करती रहती हैं, जिन्हें लोग खूब पसंद करते हैं. दोनों का साथ में फैंस खू पसंद भी करते हैं.