App

‘कमाल कर दिया पायलट जी...’, घायल स्मित मच्छार ने बचाई 180 यात्रियों की जान, बहादुरी के मुरीद हुए सलमान खान; दिल से किया सैल्यूट

Salman Khan Praise Capt Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट के हमले के बाद प्लेन तेजी से गिरने लगा. गंभीर जख्मों के बावजूद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने 180 से ज्यादा जिंदगियां बचा लीं. सलमान खान और जावेद अख्तर भी इस जांबाज पायलट के मुरीद हो गए हैं. जानिए इस रोंगटे खड़े करने वाली घटना की पूरी कहानी.

‘कमाल कर दिया पायलट जी...’, घायल स्मित मच्छार ने बचाई 180 यात्रियों की जान, बहादुरी के मुरीद हुए सलमान खान; दिल से किया सैल्यूट
Image Credit: कैप्टन स्मित मच्छार की सलमान खान ने जमकर की तारीफ

दुबई से तेल अवीव की उड़ान भर रहा फ्लाईदुबई का विमान एफजेड1073 जब आसमान में था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि वहां एक खौफनाक मंजर देखने को मिलेगा. 30 सितंबर को घटी इस घटना ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया. इस विमान में 180 से ज्यादा लोग सवार थे और सफर बिल्कुल नॉर्मल लग रहा था. तभी कॉकपिट के अंदर अचानक से भारी बवाल शुरू हो गया. सामने आई जानकारी के मुताबिक, को-पायलट ने लीड पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला हुआ. अचानक हुए इस वार से कॉकपिट का बैलेंस बिगड़ गया और प्लेन तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा.

कैप्टन स्मित मच्छार बुरी तरह लहूलुहान हो चुके थे और उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मौत के मुंह में फंसे यात्रियों के बारे में सोचा. कॉकपिट का दरवाजा अंदर से बंद था और नीचे गिरते प्लेन को संभालना लगभग नामुमकिन था. दर्द से जूझते हुए भी स्मित ने गजब की सूझबूझ दिखाई और किसी तरह कॉकपिट का गेट खोल दिया. दरवाजा खुलते ही केबिन क्रू और यात्रियों ने तेजी दिखाते हुए हमलावर को-पायलट को दबोच लिया. प्लेन में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों की मदद से फ्लाइट को सऊदी अरब के ताबूक में सुरक्षित उतार लिया गया.

मौत के मुंह से खींच लाए 180 जिंदगियां

आसमान में सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर जिस तरह कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की जान बचाई, उसकी तारीफ अब हर तरफ हो रही है. अस्पताल में भर्ती इस जांबाज कैप्टन के इलाज की खबर मिलते ही देशभर के लोग उनके ठीक होने की दुआ कर रहे हैं. जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि आखिर कॉकपिट में ऐसा क्या हुआ था, जिसने को-पायलट को इतना हिंसक बना दिया. सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों तक सिर्फ स्मित मच्छार के अदम्य साहस और समझदारी की बातें चल रही हैं, जिन्होंने एक बहुत बड़े विमान हादसे को टाल दिया.

जावेद अख्तर ने की सर्वोच्च सम्मान की मांग

कैप्टन स्मित के इस कारनामे की गूंज जब बॉलीवुड के गलियारों में पहुंची, तो जाने-माने राइटर और गीतकार जावेद अख्तर खुद को तारीफ करने से नहीं रोक पाए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कैप्टन के जज्बे को दिल से सलाम किया. जावेद अख्तर ने कहा, ‘हैट्स ऑफ टू स्मित मच्छार!! इसमें कोई शक नहीं कि वह महावीर चक्र जैसे देश के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार के हकदार हैं’. उनके इस बयान का देशभर के लोगों ने खुलकर समर्थन किया. लोगों का भी मानना है कि हवा में इतनी बड़ी मुसीबत से 180 से ज्यादा लोगों को बचाना किसी जंग जीतने से कम नहीं है.

सलमान खान ने भी ठोकी बहादुरी की दाद

जावेद अख्तर के बाद बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हो गए. सलमान खान ने देर रात 12 बजकर 23 मिनट पर अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. सलमान खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं. आपके साथ उड़ान भरना खुशी की बात होगी. वेल डन ब्रो’. इसके साथ ही सलमान ने हैशटैग स्मित मच्छार भी लिखा. सुपरस्टार के इस रिएक्शन के बाद उनके फैंस भी कैप्टन की जमकर सराहना कर रहे हैं और उनके पोस्ट पर प्यार लुटा रहे हैं.

दुनियाभर में गूंज रहा भारतीय पायलट का नाम

हॉस्पिटल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे कैप्टन स्मित मच्छार आज देश के हर नागरिक के लिए रियल लाइफ हीरो बन चुके हैं. संकट की सबसे कठिन घड़ी में उन्होंने जिस तरह का धैर्य, सूझबूझ और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वे दुनिया भर के पायलटों के लिए एक मिसाल बन गया है. सोशल मीडिया पर आम जनता से लेकर बड़े-बड़े दिग्गज तक उन्हें सलाम भेज रहे हैं. हर कोई यही कह रहा है कि अगर उस दिन कैप्टन ने जरा भी हिम्मत हारी होती, तो 180 से ज्यादा परिवार तबाह हो जाते. यही वजह है कि उनकी जांबाजी की मिसाल आने वाले कई सालों तक दी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More