)
हिंदी सिनेमा के ‘हीरो नंबर 1’ कहे जाने वाले गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के कथित अफेयर की खबरों ने इंटरनेट पर काफी बवाल मचा रखा है. इस मामले में कश्मीरा शाह और दिव्या खोसला जैसी एक्ट्रेसेस ने भी अपनी राय रखी, जबकि गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. लगातार हो रही बयानबाजी और ट्रोलिंग के बीच अब खुद कोमल रानी ने चुप्पी तोड़ी. उन्होंने शुक्रवार 2 अक्टूबर को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट साझा किया. इस पोस्ट के जरिए उन्होंने पर्सनल लाइम में दखल देने वालों पर जमकर भड़ास निकाली है.
कोमल रानी ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि कुछ लोग उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर इतने बेबाक बयान आखिर क्यों दे रहे हैं. उन्होंने साफ लिखा कि जब देश या समाज में कोई बड़ा मुद्दा उठता है, चाहे वो आतंकवाद हो, राजनीति हो, किसी कलाकार की मौत हो या किसी स्टार की कई शादियां, तब ये सेलेब्रिटीज कभी आगे आकर अपनी आवाज नहीं उठाते, लेकिन जब किसी की पर्सनल लाइफ की बात आती है, तो हर कोई इसे पब्लिकली तमाशा बनाने पर तुल जाता है. कोमल ने पूछा कि किसी को भी दूसरों की पर्सनल लाइफ पर बेवजह कमेंट्स करने और जज करने का हक किसने दिया.

साथ ही कोमल रानी स्वर्णकार ने गोविंदा के साथ पब्लिक प्लेस पर नजर आने की वजह भी खुलकर साफ कर दी है. उन्होंने बताया कि वे दोनों अपनी आने वाली नई फिल्म ‘रूपा’ के सिलसिले में साथ दिखाई दिए थे. अपने हीरो के साथ भगवान गणेश के दरबार में जाकर आने वाली फिल्म की कामयाबी के लिए प्रार्थना करना कोई शर्म की बात नहीं है. उन्होंने आलोचना करने वालों से सीधे सवाल किया कि किसी प्रोजेक्ट की सक्सेस के लिए दुआ मांगना भला कब से दिखावा या राष्ट्रीय मुद्दा बन गया. हमने केवल अपनी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ का एलान किया था, न कि किसी प्रेम प्रसंग का ऐलान किया.
एक्ट्रेस ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए साफ शब्दों में कहा कि कोई दूसरा ये तय नहीं कर सकता कि वे दोनों किस वजह से साथ खड़े हैं. उनका ये साथ पूरी तरह से काम और आने वाले प्रोजेक्ट के प्रमोशन से जुड़ा हुआ है. उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि वे आगे भी फिल्म से जुड़े काम के सिलसिले में एक साथ नजर आते रहेंगे. अगर किसी को उनके एक साथ दिखने से तकलीफ या जलन होती है, तो वे जलते रहें. इससे उनके काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. काम के लिए उनकी निष्ठा पूरी तरह से मजबूत बनी रहेगी. उनका ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है.
कोमल रानी ने बॉलीवुड की कुछ एक्ट्रेसेस पर भी बिना नाम लिए जोरदार तंज कसा है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि इंडस्ट्री में कुछ ऐसी एक्ट्रेसेस भी मौजूद हैं, जिनका अपना फिल्मी करियर अब पूरी तरह ठंडा पड़ चुका है. उनकी फिल्में सिनेमाघरों और बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं पा रही हैं. ऐसे लोगों के पास अपने पुराने ब्रांड टैग के सिवा अब कुछ भी नहीं बचा है. यही वजह है कि वे दूसरों के मामलों और विवादों में जबरन कूदकर लाइमलाइट हासिल करने की कोशिश कर रही हैं. ऐसे लोगों को सिर्फ लाइमलाइम में बने रहने के लिए दूसरों को निशाना नहीं बनाना चाहिए.
आखिर में कोमल रानी ने ऐसे सभी लोगों को अपनी हद में रहने की सख्त सलाह दी. उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि दूसरों को इतना ज्यादा नहीं उकसाना चाहिए कि उनका खुद का छिपा हुआ अतीत सबके सामने आ जाए. इसके साथ ही उन्होंने सभी क्रिटिसाइज करने वालों और सोशल मीडिया यूजर्स से हाथ जोड़कर अपील की है कि उनका नाम गोविंदा के साथ जोड़ना तुरंत बंद किया जाए. उन्होंने स्पष्ट साफ किया कि एक को-एक्टर के तौर पर काम करने का मतलब कोई पर्सनल रिश्ता नहीं होता है. इसलिए बिना किसी सच्चाई और फेक्ट के उड़ाई जा रही इन झूठी अफवाहों पर अब पूरी तरह विराम लगना चाहिए.