26वें IIFA अवॉर्ड्स की विनर्स लिस्ट: 3000 करोड़ी Dhurandhar ने जीते 12 अवॉर्ड, बेस्ट एक्टर-एक्ट्रेस बने रणवीर सिंह-अनीत पड्डा
IIFA अवार्ड्स के 26वें सीजन के विनर्स का ऐलान हो चुका है. इस बार रणवीर सिंह की 3000 करोड़ी फिल्म ‘धुरंधर’ ने सबसे ज्यादा ट्राफियां जीतकर सबको हैरान कर दिया और फैंस का दिल जीत लिया. वहीं, नए चेहरों और ओटीटी की दुनिया में भी जोरदार टक्कर देखने को मिली. चलिए बताते हैं विनर्स की पूरी लिस्ट.
इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) के 26वें एडिशन के विनर्स की लिस्ट सामने आ चुकी है. IIFA के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर शुक्रवार को सभी विनर्स के नामों का खुलासा कर दिया गया है. इस बार के नतीजों ने सिनेमा प्रेमियों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. बड़े पर्दे से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक कई बेहतरीन फिल्मों और कलाकारों को उनके शानदार काम के लिए सम्मानित किया गया. अवार्ड्स की इस नई लिस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस अपने पसंदीदा सितारों को जमकर बधाई दे रहे हैं.
इस बार के पूरे IIFA अवार्ड इवेंट में आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी स्पाई एक्शन ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त धूम देखने को मिली. रणवीर सिंह के लीड रोल वाली और बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई करने वाली इस फिल्म ने बड़े-बड़े अवार्ड्स अपने नाम किए. साथ ही ‘सैयारा’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों ने भी कई बड़े अवार्ड्स अपने नाम दर्ज किए. वहीं, अगर बात डिजिटल स्पेस यानी ओटीटी कैटेगरी की करें, तो आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ ने पूरी तरह से अपना दबदबा बनाकर रखा.
रणवीर सिंह और अनीत पड्डा ने मारी बाजी
IIFA के इस मंच पर बेस्ट एक्टर का खिताब ‘धुरंधर’ में बेहतरीन अदाकारी दिखाने के लिए रणवीर सिंह की झोली में गया. वहीं, फिल्म ‘सैयारा’ में अपने दिल छू लेने वाले अभिनय के दम पर अनीत पड्डा ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड जीता. नए कलाकारों की बात करें तो अहान पांडे को ‘सैयारा’ के लिए बेस्ट मेल डेब्यू और राषा थडानी को फिल्म ‘आजाद’ के लिए बेस्ट फीमेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला. सपोर्टिंग रोल्स में हुमा कुरैशी को ‘जॉली एलएलबी 3’ और संजय दत्त को ‘धुरंधर’ के लिए बेस्ट एक्टर चुना गया.
पॉपुलर और टेक्निकल कैटेगरी के विनर
IIFA के पॉपुलर और टेक्निकल दोनों ही सेक्शंस में फिल्मों का जलवा दिखा. जहां बेस्ट फिल्म ‘धुरंधर’ बनी, वहीं बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म का अवार्ड ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को मिला. बेस्ट डायरेक्टर का खिताब आदित्य धर को मिला. म्यूजिक की दुनिया में शाश्वत सचदेव, इरशाद कामिल, फहीम अब्दुल्ला और श्रेया घोषाल ने ‘धुरंधर’ और ‘सैयारा’ के गानों से माहौल बनाया. टेक्निकल अवार्ड्स में सिनेमाटोग्राफी, स्क्रीनप्ले, डायलॉग, एडिटिंग और साउंड डिजाइन जैसे कई बड़े अवॉर्ड्स सीधे ‘धुरंधर’ के खाते में गए, जबकि बैकग्राउंड स्कोर और VFX में ‘छावा’ आगे रही.
OTT और डिजिटल प्लेटफॉर्म का जलवा
डिजिटल सिनेमा और वेब सीरीज की दुनिया में भी कई बेहतरीन कहानियों को सराहा गया. डिजिटल फिल्म सेक्शन में ‘बारामूला’ ने बेस्ट पिक्चर और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का अवार्ड अपने नाम किया. वहीं, फिल्म ‘स्टोलन’ के लिए करण तेजपाल को बेस्ट डायरेक्शन और अभिषेक बनर्जी को बेस्ट लीड एक्टर का अवार्ड मिला. वेब सीरीज की दौड़ में ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को बेस्ट सीरीज का तमगा मिला. इसी सीरीज के लिए आर्यन खान ने बेस्ट डायरेक्टर का सम्मान जीता, जबकि राघव जुयाल और आन्या सिंह ने अपने सपोर्टिंग किरदारों से बाजी मारी.
IIFA के अगले सफर का एलान
अवॉर्ड्स की इस लंबी लिस्ट के बीच IIFA के अगले वर्जन को लेकर भी एक बड़ा अपडेट सामने आया है. IIFA का 27वां संस्करण पहले साल 2026 में आयोजित होने वाला था, लेकिन अब इसके शेड्यूल में बदलाव कर दिया गया है. अब ये ग्रैंड इवेंट अगले साल जनवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा. इसके लिए अबू धाबी के बेहद खूबसूरत यास आइलैंड में मौजूद एतिहाद एरिना को चुना गया है. जहां दुनिया भर के बॉलीवुड सितारे एक बार फिर एक ही छत के नीचे जुटेंगे और भारतीय सिनेमा के शानदार सफर का जश्न मनाएंगे.
विनर्स की पूरी लिस्ट
बेस्ट फिल्म: धुरंधर (ज्योति देशपांडे, आदित्य धर, लोकेश धर)
बेस्ट अंतर्राष्ट्रीय फिल्म: अवतार: फायर एंड ऐश (20वीं सेंचुरी स्टूडियो, जॉन लैंडौ, जेम्स कैमरून)
बेस्ट डायरेक्टर: आदित्य धर - धुरंधर
बेस्ट लीड एक्ट्रेस: अनीत पड्डा - सैयारा
बेस्ट लीड एक्टर: रणवीर सिंह - धुरंधर
बेस्ट मेल डेब्यू: अहान पांडे - सैयारा
बेस्ट फीमेल डेब्यू: राशा थडानी - आजाद
बेस्ट एक्ट्रेस (को-स्टार): हुमा कुरेशी - जॉली एलएलबी 3
बेस्ट एक्टर (को-स्टार): संजय दत्त - धुरंधर
नेगेटिव रोल में बेस्ट एक्टर: अक्षय खन्ना - धुरंधर
बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर: शाश्वत सचदेव - धुरंधर
बेस्ट ओरिजनल स्टोरी: आदित्य धर - धुरंधर
बेस्ट स्टोरी: होमबाउंड (बशारत पीर, सुमित रॉय, नीरज घेवान)
बेस्ट सॉन्ग: इरशाद कामिल - सैयारा
बेस्ट प्लेबैक सिंगर (मेल): फहीम अब्दुल्ला - सैयारा
बेस्ट प्लेबैक सिंगर (महिला): श्रेया घोषाल - सैयारा (रीप्राइज)
टेक्निकल अवॉर्ड्स
बेस्ट सिनेमैटोग्राफी: विकाश नौलखा - धुरंधर
बेस्ट स्क्रीनप्ले: आदित्य धर - धुरंधर
बेस्ट डायलॉग: आदित्य धर - धुरंधर
बेस्ट एडिटिंग: शिवकुमार वी. पणिक्कर - धुरंधर
बेस्ट कोरियोग्राफी: बॉस्को लेस्ली मार्टिस - आवन जावन, वॉर 2
बेस्ट साउंड डिजाइन: बिश्वदीप चटर्जी - धुरंधर
बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर: ए आर रहमान - छावा
बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स: असेम्बलेज एंटरटेनमेंट, रिडिफाइन - छावा
डिजिटल फिल्म कैटेगरी
बेस्ट पिक्चर – बारामूला
बेस्ट स्टोरी (ओरिजिनल) – बारामूला
बेस्ट डायरेक्शन – (स्टोलन) करण तेजपाल
बेस्ट लीड परफॉर्मेंस (मेल) – अभिषेक बनर्जी (स्टोलन)
बेस्ट परफॉर्मेंस (फीमेल लीड रोल) – सान्या मल्होत्रा (मिसेज)
डिजिटल सीरीज कैटेगरी
बेस्ट सीरीज – द बैड्स ऑफ बॉलीवुड
बेस्ट डायरेक्शन – आर्यन खान (द बैड्स ऑफ बॉलीवुड)
बेस्ट परफॉर्मेंस (मेल को-स्टार) – राघव जुयाल (द बैड्स ऑफ बॉलीवुड)
बेस्ट परफॉर्मेंस (सपोर्टिंग रोल- फीमेल) – आन्या सिंह (द बैड्स ऑफ बॉलीवुड)
बेस्ट परफॉर्मेंस (लीड- मेल) – जयदीप अहलावत ('पाताल लोक 2')
बेस्ट एक्ट्रेस (लीड) – तिलोत्तमा शोम (पाताल लोक 2)
बेस्ट डॉक्यूसीरीज/डॉक्यूफिल्म: द रोशन (नेटफ्लिक्स, राकेश रोशन और शशि रंजन)
बेस्ट रियलिटी/नॉन-स्क्रिप्टेड: द ट्रेटर्स (प्राइम वीडियो)