)
‘हनुमान अंश’ जब 7 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतना लंबा और यादगार सफर तय करेगी. धीरे-धीरे इस कहानी ने आम ऑडियंस के दिल में ऐसी जगह बनाई कि लोग बार-बार इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए थिएटर पहुंचे. फिल्म ने हर हफ्ते अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और सिनेमाघरों में भारी भीड़ जुटाई. करीब दो महीने तक लगातार जबरदस्त कमाई करने के बाद अब पहली बार इसकी तेज रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक लगता दिखाई दे रहा है.
दरअसल, 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने एंट्री मारी, जिसके आते ही बॉक्स ऑफिस का पूरा गणित बदल गया, क्योंकि ये ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म है. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 62वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने देशभर के 1578 शोज से सिर्फ 0.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. 2 महीने के शानदार सफर में ये पहली बार है, जब इसकी कमाई 1 करोड़ रुपये से कम दर्ज हुई है, लेकिन फिर भी ये कमाई कर रही है.

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबकि, इस नए कलेक्शन के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 327.28 करोड़ रुपये और कुल ग्रॉस कलेक्शन 386.56 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, विदेशी बाजारों में फिल्म ने 62वें दिन 0.05 करोड़ रुपये बटोरे, जिससे इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 39.95 करोड़ रुपये पहुंच गया. दुनिया भर में कुल ग्रॉस कमाई अब 426.51 करोड़ रुपये हो चुकी है. दूसरी तरफ ‘दृश्यम 3’ ने महज 6 दिनों में 300 करोड़ का आंकड़ा पार करके बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है.
‘दृश्यम 3’ की भारी डिंमांड के चलते सिनेमाघरों ने ‘हनुमान अंश’ के शोज में कटौती भी की गई. जहां 1 अक्टूबर को इस फिल्म के करीब 4300 शोज चल रहे थे, वहीं 2 अक्टूबर को ये गिनती 1100 रह गई. हालांकि, वीकेंड पर कुछ जगहों पर शोज थोड़े बढ़ाए गए, लेकिन इस अचानक आई गिरावट ने सीधे कमाई पर असर डाला. फिल्म की शुरुआत बेहद मामूली थी. रिलीज के समय इसे केवल 300 स्क्रीन्स मिली थीं और शुरुआती दिनों में गिरते-गिरते इसके पास सिर्फ 30 स्क्रीन्स बची थीं. बाद में इसने बड़ी सक्सेस हासिल की.

अक्सर लोग ये जानना चाहते हैं कि थिएटर में चलने के बाद कोई फिल्म मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर कब आती है. आमतौर पर किसी भी फिल्म को सिनेमाघरों से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पहुंचने में 4 से 8 हफ्ते का वक्त लग जाता है. हालांकि, ये समय पूरी तरह से फिल्म की टिकट खिड़की पर कमाई, निर्माताओं की सोच और डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ हुए समझौते पर टिका होता है. अगर कोई फिल्म सिनेमाघरों में लगातार टिकट बेच रही हो, तो निर्माता उसकी डिजिटल स्ट्रीमिंग को आगे खिसका देते हैं, ताकि थिएटर की कमाई पर असर न पड़े.
फिलहाल ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी है और दर्शक अभी भी इसे बड़े पर्दे पर देखने पहुंच रहे हैं. यही वजह है कि फिल्म के मेकर्स इसे जल्दी में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने का कोई फैसला नहीं लेंगे. जब तक थिएटर में दर्शक आते रहेंगे, इसका डिजिटल आना टलता रहेगा. अगर आने वाले दिनों में भी इसकी कमाई इसी तरह स्थिर बनी रहती है, तो इसे ओटीटी पर देखने के लिए दर्शकों को कम से कम 6 से 10 हफ्ते का और इंतजार करना पड़ सकता है. घर बैठे फिल्म देखने वालों को थोड़ा धैर्य रखना होगा.