अजय देवगन की सबसे फेमस और पसंदीदा थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का आखिरी पार्ट यानी ‘दृश्यम 3: द कॉन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में ऑडियंस का दिल जीतने में पूरी तरह कामयाब रहा. पूरे देश के सिनेमाघरों में इस फिल्म को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. विजय सालगांवकर के किरदार में अजय देवगन ने एक बार फिर अपनी शानदार अदाकारी से बड़े पर्दे पर जान फूंक दी. हालांकि, इस बार फिल्म की कहानी ओरिजनल मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ से बिल्कुल ही अलग रखी गई है, जिसके क्लाइमेक्स ने लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
2015 में मलयालम मेगास्टार मोहनलाल की फिल्म ‘दृश्यम’ से शुरू हुआ ये थ्रिलर सिलसिला 2026 में अपने आखिरी पड़ाव तक पहुंच चुका है, लेकिन हिंदी रीमेक में. इस बार डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने कहानी में बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव करते हुए हिंदी ऑडियंस की पसंद को ध्यान में रखते हुए तीसरे पार्ट को ओरिजिनल फिल्म से काफी अलग दिशा दी है. 4 महीने के अंतर पर आई दोनों फिल्मों के क्लाइमैक्स में इतना फर्क देखने को मिलेगा, जिसका अंदाजा ऑडियंस को पहले बिल्कुल नहीं था, जो उनको पसंद भी आ रहा है और अंदाजा कमाई से लगाया जा सकता है.

इस बार फिल्म की कास्टिंग बेहद मजबूत रखी गई है, जिसकी बदौलत हर सीन में जबरदस्त सस्पेंस देखने को मिलता है. लीड रोल में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्ता ने अपने पुराने किरदारों को उसी संजीदगी के साथ आगे बढ़ाया. इसके अलावा कहानी में नया रोमांच भरने के लिए जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे मंझे हुए कलाकारों को भी शामिल किया गया है. सभी कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय से लोगों का दिल जाती लिया. करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद आई इस फिल्म ने ऑडियंस की उम्मीदों को पूरी तरह पूरा किया है.
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, बॉक्स ऑफिस के मैदान में अजय देवगन की फिल्म ने उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज रफ्तार पकड़ ली है. मई के महीने में रिलीज हुई साउथ के सुपरस्टार मोहनलाल की ओरिजिनल ‘दृश्यम 3’ ने दुनिया भर के थिएटर्स से कुल 239 करोड़ रुपये का लाइफटाइम बिजनेस किया था, लेकिन विजय सालगांवकर का जादू ओरिजिनल कहानी पर भी भारी पड़ा. 2 अक्टूबर को रिलीज हुई अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कॉन्क्लूजन’ ने सिर्फ 7 दिनों में मोहनलाल की फिल्म के लाइफटाइम आंकड़े को पार कर एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है.

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘दृश्यम 3: द कॉन्क्लूजन’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले गुरुवार यानी सातवें दिन 11.10 करोड़ रुपये की बेहद मजबूत कमाई दर्ज की है. इस कमाई में आने वाले समय में और भी बढ़त देखने को मिल सकती है. इससे ठीक एक दिन पहले यानी छठे दिन भी फिल्म ने 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करके अपनी मजबूत पकड़ दिखाई थी. लगातार मिल रहे पॉजिटिव रिव्यूज और वर्ड ऑफ माउथ के दम पर ये फिल्म वीकडेज में भी शानदार पकड़ बनाए हुए है, जिससे ट्रेड पंडित भी काफी हैरान और मेकर्स काफी खुश हैं.
सैकनिल्क के ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, अपने पहले ही हफ्ते के अंदर फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 243.60 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. ये आंकड़ा साबित करता है कि फिल्म को लेकर ऑडियंस में किस कदर दीवानगी बनी हुई है. साल 2022 में आई इसकी पिछली कड़ी यानी ‘दृश्यम 2’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर लगभग 240 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था, लेकिन इस बार तीसरे पार्ट ने उस पूरे लाइफटाइम कलेक्शन को महज 7 दिनों के अंदर पीछे छोड़ दिया है. ये तेज रफ्तार दिखाती है कि फ्रेंचाइजी की पॉपुलैरिटी समय के साथ कितनी ज्यादा बढ़ चुकी है.

सैकनिल्क के शुरुआती ट्रेंड्स पर नजर डालें तो ये फिल्म अब अजय देवगन के पूरे फिल्मी सफर की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. आम तौर पर रीमेक फिल्मों को लेकर ऑडियंस में थोड़ा संकोच रहता है, मगर इस फिल्म की मजबूत स्क्रीनप्ले और अलग क्लाइमेक्स ने सारी पुरानी धारणाएं बदल कर रख दी हैं. सिनेमाघरों में चल रहे हाउसफुल शोज इस बात का सबूत हैं कि लोग इसे बार-बार देखना पसंद कर रहे हैं. खासकर मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों जगहों पर फिल्म को एक जैसा जबरदस्त प्यार मिल रहा है.
सैकनिल्क के वर्ल्डवाइड आंकड़ों के मुताबिक, इस फिल्म का डंका सिर्फ देश के अंदर ही नहीं बल्कि विदेशों में भी खूब बज रहा है. दुनिया भर के थिएटर्स से ये फिल्म अब तक 360 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. विदेशी बाजारों यानी ओवरसीज से ही फिल्म की झोली में लगभग 80 करोड़ रुपये आ चुके हैं. खाड़ी देशों, अमेरिका और ब्रिटेन में भी फिल्म को बंपर दर्शक मिल रहे हैं. आने वाले दूसरे वीकेंड में इस कमाई में और भी बड़ा उछाल आने की पूरी संभावना जताई जा रही है, जिससे इसके नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है.