App

विजय सलगांवकर का जलवा: Drishyam 3 ने 8वें दिन तोड़ा ‘दृश्यम 2’ का रिकॉर्ड, जमकर बॉक्स ऑफिस लूट रही अजय देवगन की फिल्म

Drishyam 3 Collection Day 8: सिनेमाघरों में अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ की सुनामी थमने का नाम नहीं ले रही. महज 8 दिनों में 260 करोड़ कमाकर इस फिल्म ने अपनी ही पिछली फिल्म ‘दृश्यम 2’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब विजय सलगांवकर की नजर ‘तान्हाजी’ का रिकॉर्ड ध्वस्त करने पर टिकी है. जानिए बॉक्स ऑफिस का पूरा हाल.

विजय सलगांवकर का जलवा: Drishyam 3 ने 8वें दिन तोड़ा ‘दृश्यम 2’ का रिकॉर्ड, जमकर बॉक्स ऑफिस लूट रही अजय देवगन की फिल्म
Image Credit: थमने का नाम नहीं ले रही ‘दृश्यम 3’ का रफ्तार

अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है. सिनेमाघरों में आते ही इस फिल्म ने ऑडियंस को बांध लिया और शुरुआती 5 दिनों में ही देश भर से 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर दिखाया. रिलीज का एक हफ्ता पूरा होने के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर इसका दबदबा पहले जैसा ही बना हुआ है. अब फिल्म के 8वें दिन की कमाई के ताजा आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिसे देखकर ट्रेड पंडित भी हैरान हैं. सिनेमाघरों में ऑडियंस की लगातार आ रही भीड़ बता रही है कि इस बार भी विजय सलगांवकर का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है.

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबकि, फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार को रात 11 बजे तक देश भर के 14,561 शोज के जरिए करीब 14.50 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया है. गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को कमाई में लगभग 11 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. इस कमाई के जुड़ने के साथ ही भारत में ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ का कुल नेट कलेक्शन अब 260 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. अजय देवगन की इस नई फिल्म ने अपनी ही फ्रेंचाइजी की पुरानी फिल्म ‘दृश्यम 2’ के कुल 239.67 करोड़ रुपये के लाइफटाइम बिजनेस को बहुत पीछे छोड़ दिया है.

Drishyam 3 Collection

‘तान्हाजी’ के रिकॉर्ड पर टिकी निगाहें

अब इस फिल्म की नजर अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ का रिकॉर्ड तोड़ने पर टिक गई है. साल 2020 में पर्दे पर आई उस पीरियड ड्रामा फिल्म ने भारत में 279.59 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जिसे पार करने के लिए ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बेहद तेजी से आगे बढ़ रही है. जानकारों का मानना है कि जिस रफ्तार से दर्शक सिनेमाघरों में पहुंच रहे हैं, उसे देखते हुए ये मुकाम हासिल करना अब बस कुछ ही दिनों की बात रह गई है. वीकेंड पर कमाई में और भी बड़ा उछाल आने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.

पहले हफ्ते में दिखा था बंपर क्रेज

फिल्म का ये शानदार सफर एडवांस बुकिंग से ही शुरू हो गया था. 27 सितंबर से खुली टिकटों की बिक्री में ही मूवी ने रिलीज से पहले 27 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई कर ली थी. इसके बाद पहले दिन शुक्रवार को इसने 66.75 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग ली, जो हिंदी सिनेमा के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी और अजय देवगन के करियर की सबसे तगड़ी शुरुआत साबित हुई. इसके बाद शनिवार को 53.50 करोड़ और रविवार को उछाल लेते हुए 61 करोड़ रुपये बटोरे. सोमवार को वर्किंग डे होने के बावजूद कमाई नहीं थमी और पहला हफ्ता खत्म होते-होते कुल कलेक्शन 245.50 करोड़ के पार पहुंच गया.

मंझे हुए कलाकारों की जबरदस्त टोली

इस फिल्म के साथ ही अजय देवगन साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सितारों की लिस्ट में मजबूती से शामिल हो चुके हैं. विजय सलगांवकर के मशहूर रोल में अजय देवगन ने एक बार फिर अपनी सधी हुई अदाकारी से जान फूंक दी है. उनके साथ पर्दे पर श्रिया सरन ने नंदिनी और इशिता दत्ता ने अंजू के किरदार को बखूबी निभाया है. इसके अलावा एक्स-आईजी मीरा देशमुख के रौबदार रोल में तब्बू की मौजूदगी ने कहानी के रोमांच को दोगुना कर दिया है. इन सभी पुराने चेहरों की वापसी ने ऑडियंस की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं.

नए किरदारों ने बढ़ाया कहानी का रोमांच

इस बार सलगांवकर परिवार की मुश्किलों को और पेचीदा बनाने के लिए कहानी में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे दमदार कलाकारों की नई एंट्री कराई गई है. इसके साथ ही रजत कपूर, सौरभ शुक्ला और कमलेश सावंत जैसे बेहतरीन कलाकारों ने अपने किरदारों से ड्रामे को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया है. फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को स्टार स्टूडियो18 और पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले तैयार किया गया है. फिल्म की कमान डायरेक्टर अभिषेक पाठक के हाथों में है, जिन्होंने आमिल कियान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर ये कसी हुई और रोमांचक कहानी लिखी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More