मशहूर अमेरिकी टीवी शो ‘प्रिटी लिटिल लायर्स’ में अपने शानदार अभिनय से पहचान बनाने वाले एक्टर कीगन एलन के साथ बीच सड़क बेहद दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है. कीगन एलन पर दो अनजान नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया और हथियार के दम पर उनके साथ मारपीट की और उन्हें लूट लिया. इस हमले में एक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनके माथे से खून बहने लगा. इस पूरी वारदात के बाद एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे लहूलुहान काफी डरे हुए और हांफते हुए नजर आ रहे हैं.
इस खौफनाक घटना की खबर सामने आते ही पूरी हॉलीवुड इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच सनसनी फैल गई. सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कीगन एलन बेहद सहमे हुए नजर आए और उनके माथे से खून लगातार टपक रहा था. अपनी आपबीती सुनाते हुए एक्टर ने बताया कि दो लड़कों ने अचानक उन पर पिस्तौल और चाकू तान दिया और उनसे उनकी कीमती घड़ी छीन ली. इसके बाद सामने आए एक वीडियो क्लिप में ये साफ देखा गया कि दो नकाबपोश बदमाश उन्हें घेरे हुए थे और उनके साथ मारपीट करते नजर आते हैं और एक्टर नीचे बैठ जाते हैं.

जैसे ही एक्टर अपनी कलाई से घड़ी उतारकर उन्हें देने लगे, तभी एक बदमाश ने बिना किसी बात के उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया और फिर दोनों लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके फरार हो गए. इस हमले के बाद कीगन ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द और गुस्सा जाहिर किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘वेस्ट हॉलीवुड अब बिल्कुल सुरक्षित नहीं रह गया. दो नौजवान लड़कों ने पिस्तौल और चाकू दिखाकर मेरी जान लेने की धमकी दी और वे सिर्फ एक घड़ी के लिए मुझे मार ही डालते, लेकिन भगवान ने मेरी जान बचा ली. एक घड़ी के बदले मेरी जान जा सकती थी’.
इसके साथ ही एक्टर ने लोकल एडमिनिस्ट्रेशन और नेताओं पर भी सवाल खड़े किए और उम्मीद जताई कि शहर में लगे कैमरे इन खतरनाक अपराधियों को जल्द पकड़वाने में मदद करेंगे. इस सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद लोकल पुलिस का ऑफिशियलल बयान भी सामने आया है. अमेरिकी मीडिया संस्थान ई न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि एक संदिग्ध ने पीड़ित की तरफ चांदी के रंग की पिस्तौल तानी थी, जबकि दूसरे साथी ने चाकू दिखाकर उनकी कलाई की घड़ी और ब्रेसलेट मांगा. इसके फौरन बाद आरोपी ने पिस्तौल के पिछले हिस्से से एक्टर के चेहरे और सिर पर जोरदार वार कर दिया.
लूटपाट को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर एक अज्ञात गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए. पुलिस की टीम अब इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस हमले में कीगन एलन के माथे पर गहरा कट लगा है, जिससे काफी खून बह गया था. वारदात की सूचना मिलते ही लॉस एंजिल्स काउंटी फायर डिपार्टमेंट की मेडिकल टीम तुरंत घटना वाली जगह पर पहुंच गई थी. डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही एक्टर की प्राथमिक जांच की और उनके जख्मों पर फर्स्ट एड दिया.
हालांकि, चोट लगने के बावजूद एक्टर ने आगे के इलाज के लिए अस्पताल जाने से मना कर दिया. पेज सिक्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये पूरी डरावनी लूटपाट वेस्ट हॉलीवुड के मशहूर सांता मोनिका बुलेवार्ड इलाके में हुई, जो हमेशा काफी बिजी माना जाता है. सरेआम हुई इस हिंसक घटना की खबर जैसे ही इंटरनेट पर फैली, कीगन एलन के चाहने वाले हैरान रह गए और उनके पोस्ट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. दुनिया भर में मौजूद उनके फैंस ने एक्टर की सलामती को लेकर गहरी चिंता जताई और उनके जल्द ठीक होने की दुआ की. कई लोगों ने बीच सड़क पर हुई इस तरह की खुली गुंडागर्दी पर भारी नाराजगी जाहिर की है और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन से सख्त एक्शन लेने की मांग उठाई है.