आजकल सोशल मीडिया पर डीपफेक और AI की मदद से लगातार बड़े स्टार्स की फोटो-वीडियो वायरल हो रही है, जिसको लेकर फिल्म इंडस्ट्री काफी परेशान है और लगातार लीगल प्रोसेस पर ध्यान दे रही है. ताजा मामला हैदराबाद का है, जहां खुद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार की एक फर्जी AI फोटो इंटरनेट पर वायरल कर दी गई. इस फोटो को वायरल करने का सीधा कनेक्शन जाह्नवी कपूर और जूनियर एनटीआर के हालिया कॉन्ट्रोवर्शियल डीपफेक वीडियो से जुड़ा हुआ है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया है.
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने एक्स पर पोस्ट शेयर करके लोगों को सच्चाई से रूबरू कराया. उन्होंने उस वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट डाला, जिसमें दावा किया जा रहा था कि जाह्नवी कपूर के डीपफेक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. कमिश्नर ने साफ लफ्जों में बताया कि ये कोई असली फोटो नहीं, बल्कि AI से बनाई गई एक फर्जी फोटो है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे इस तरह की झूठी खबरों पर बिल्कुल भरोसा न करें और बिना जांच-पड़ताल किए किसी भी पोस्ट को आगे शेयर करने से बचें.

कमिश्नर सज्जनार ने इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों को सख्त मैसेज देते हुए कहा कि आज तकनीक इतनी आगे निकल चुकी है कि AI से बनी तस्वीरें एकदम असली जैसी लगती हैं. इसलिए सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चीज पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए. कोई तस्वीर देखने में कितनी भी असली लगे, इसका मतलब ये नहीं होता कि वो सच ही है. जब लोग बिना सोचे-समझे झूठी चीजों को शेयर करते हैं, तो अफवाहें बहुत तेजी से फैलती हैं. उन्होंने साइबर पुलिस और राज्य पुलिस को भी इस पोस्ट में टैग किया.
इस पूरे मामले में कमिश्नर ने सीधे तौर पर साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर को टैग करते हुए अपनी बात रखी. उन्होंने अभिनेता से कहा कि वे अपने कुछ फैंस की इस हरकत पर ध्यान दें, जो उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर झूठी बातें फैला रहे हैं, जिस सोशल मीडिया पेज ने ये फर्जी तस्वीर पोस्ट की थी, उसने मामला बिगड़ता देखकर अपनी पोस्ट हटा ली और कमेंट में कमिश्नर से माफी भी मांग ली. हालांकि, दूसरी तरफ जूनियर एनटीआर के फैंस का कहना है कि ऐसी फर्जी चीजें शेयर करने वाले लोग उनके असली फैंस बिल्कुल नहीं हो सकते.

ये सारा विवाद तब शुरू हुआ था जब जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर की हालिया फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘छुट्टमल्ले’ का एक अश्लील डीपफेक वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो के सामने आने के बाद जाह्नवी कपूर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा और इमोशनल पोस्ट शेयक किया. जाह्नवी ने कहा कि एक महिला के तौर पर उसकी सीमाएं क्या हैं और वे अपनी बॉडी को लेकर क्या फैसला लेती है, ये सिर्फ उनका पर्सनल हक है. ये मामला सिर्फ AI वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की सिक्योरिटी और समाज की सोच से भी जुड़ा हुआ है.
जाह्नवी कपूर के इस दर्दनाक बयान के बाद साउथ स्टार जूनियर एनटीआर ने भी इस हरकत पर सख्त ऐतराज जताया था. जूनियर एनटीआर ने साफ कहा था कि जिसने भी इस तरह का गंदा वीडियो बनाया है और इसे सोशल मीडिया पर फैलाया है, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दोनों कलाकारों के साथ खड़े होने के बजाय कुछ शरारती तत्वों ने अब पुलिस कमिश्नर के नाम पर झूठी गिरफ्तारी की कहानी गढ़ दी. इस पूरे घटनाक्रम ने ये साबित कर दिया है कि AI का गलत इस्तेमाल कितना खतरनाक रूप ले चुका है.