App

'शाहरुख खान में बहुत ईगो है' सुनकर दूर भागते थे देवेन भोजानी, फिर किंग खान की एक बात ने बदल दी पूरी सोच

मशहूर एक्टर देवेन भोजानी ने खुलासा किया है कि 90 के दशक में वह अफवाहों के चलते शाहरुख खान से दूरी बनाकर रखते थे. जानिए कैसे शाहरुख खान की एक मुलाकात ने उनकी सारी गलतफहमी दूर कर दी.

'शाहरुख खान में बहुत ईगो है' सुनकर दूर भागते थे देवेन भोजानी, फिर किंग खान की एक बात ने बदल दी पूरी सोच
Image Credit: सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करके शाहरुख से दूरी बना रहे थे देवेन भोजानी (instagram/devenbhojani.official)

बॉलीवुड में कई बार स्टार्स के बारे में ऐसी बातें फैल जाती हैं जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं होता. कुछ ऐसा ही एक्सपीरियंस मशहूर एक्टर और डायरेक्टर देवेन भोजानी के साथ भी हुआ था. 90 के दशक में जब वह शाहरुख खान के साथ फिल्म 'जादू' की शूटिंग कर रहे थे, तब उन्होंने किंग खान के बारे में कई अजीब अफवाहें सुन रखी थीं, जिसकी वजह से वह शुरू में उनसे दूरी बनाकर रखते थे.

शाहरुख खान के ईगो को लेकर सुनी थीं अफवाहें

सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए देवेन भोजानी ने उन दिनों को याद किया जब वह शाहरुख खान के दोस्त का रोल निभा रहे थे. सिद्धार्थ ने जब उनसे पूछा कि क्या फिल्म जादू के वक्त वह शाहरुख से दूर रहते थे, तो देवेन ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने सुना था कि शाहरुख खान में बहुत ईगो है, वह नखरे दिखाते हैं और अमिताभ बच्चन व दिलीप कुमार जैसे दिग्गजों के बारे में भी ठीक से बात नहीं करते. देवेन ने माना कि एक दोस्त की बातों में आकर उनके दिमाग में शाहरुख को लेकर एक गलत इमेज बन गई थी, इसलिए वह आमतौर पर सबसे खुद जाकर मिलने के बावजूद शाहरुख से थोड़ा बचकर रह रहे थे.

जब शाहरुख ने खुद आगे बढ़कर की बात

देवेन भोजानी ने आगे बताया कि उनका यह भ्रम तब टूटा जब शाहरुख खान खुद चलकर उनके पास आए. शाहरुख ने मुस्कुराते हुए अपना हाथ बढ़ाया और कहा कि हेलो, मैं शाहरुख हूं, आपने जो जीता वही सिकंदर में बहुत अच्छा काम किया है. यह सुनकर देवेन हैरान रह गए और सोचने लगे कि वह इतने अच्छे इंसान के बारे में क्या-क्या गलत सोच रहे थे. देवेन ने कहा कि इतने बड़े स्टार होने के बावजूद शाहरुख खुद सामने से आए, जिससे सेट पर तुरंत कंफर्ट बन गया और दोनों के बीच अच्छी बातचीत शुरू हो गई.

10 साल बाद अलग नाम से रिलीज हुई थी फिल्म

बातचीत के दौरान जब फिल्म जादू के रिलीज न होने का जिक्र हुआ तो देवेन ने कहा कि उन्होंने सुना था कि यह फिल्म बाद में किसी दूसरे नाम से आई थी, लेकिन उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है. इस पर सिद्धार्थ कन्नन ने बताया कि करीब 10 साल बाद इस फिल्म को 'ये लम्हे जुदाई' के नाम से रिलीज किया गया था. फिल्म को पूरा करने के लिए कई हिस्सों में बॉडी डबल का इस्तेमाल हुआ था और शाहरुख खान के कुछ सीन्स की डबिंग भी किसी दूसरे आर्टिस्ट से करवाई गई थी.

देखें वीडियो-

 

टीवी और ओटीटी के जाने-माने कलाकार हैं देवेन

देवेन भोजानी भारतीय सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया का एक बेहद सम्मानित नाम हैं. अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन डायरेक्शन के लिए मशहूर देवेन ने साराभाई वर्सेस साराभाई, बा बहू और बेबी, ऑफिस ऑफिस और देख भाई देख जैसे कई यादगार शोज में काम किया है. फिल्मों और टीवी के अलावा वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी एक्टिव हैं और हाल ही में नेटफ्लिक्स पर मौजूद प्रोजेक्ट चुंबक में नजर आए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More