App

Pratap Film Review : पुलिस और अपराध की दुनिया के बीच फंसा एनकाउंटर स्पेशलिस्ट, अमित साध का बेहतरीन कमबैक

फिल्म 'प्रताप' में अमित साध एक ऐसे एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के किरदार में नजर आते हैं, जो पुलिस महकमे और अपराध की दुनिया के बीच उलझकर रह जाता है. दमदार कहानी, रोमांचक मोड़ और अमित साध की शानदार अदाकारी इस फिल्म को खास बनाती है. यह उनके करियर का प्रभावशाली कमबैक है.

Pratap Film Review : पुलिस और अपराध की दुनिया के बीच फंसा एनकाउंटर स्पेशलिस्ट, अमित साध का बेहतरीन कमबैक
Image Credit: फिल्म पोस्टर

फिल्म: 'प्रताप'  
कलाकार: अमित साध, ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुनाजी, सीमा बिस्वास, दुष्यंत वाघ  
निर्देशक: सचिन सराफ  
निर्माता: प्रदीप रंगवानी   
अवधि: 2 घंटे 15 मिनट  
रेटिंग: 3

Pratap Film Review: पुलिस और अपराध की दुनिया हमेशा से भारतीय सिनेमा का दिलचस्प विषय रही है,लेकिन निर्माता प्रदीप रंगवानी और निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म 'प्रताप' इस जॉनर को एक अलग और दिलचस्प मोड़ देती है. यह सिर्फ एक दबंग पुलिस अधिकारी की कहानी नहीं,बल्कि उस इंसान के टूटते आत्मविश्वास,संघर्ष, प्रतिष्ठा और अस्तित्व की लड़ाई है,जो कभी कानून का सबसे ताकतवर चेहरा हुआ करता था और आज खुद कानून के कठघरे में खड़ा है.

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका विषय और उसकी ट्रीटमेंट है.यहां एक्शन के साथ सस्पेंस,इमोशन,राजनीतिक दबाव और सिस्टम की पेचीदगियों को भी बखूबी पिरोया गया है.कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है,दर्शकों के सामने कई ऐसे सवाल खड़े होते हैं,जो फिल्म को सिर्फ एक पुलिस ड्रामा तक सीमित नहीं रहने देते.

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म की कहानी दबंग एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे (अमित साध)के इर्द-गिर्द घूमती है. प्रताप का नाम अपराधियों के बीच खौफ का दूसरा नाम है.एक दिन उसे सूचना मिलती है कि मुंबई में एक खूंखार अपराधी छिपा हुआ है. वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचता है और पार्किंग में अपराधी को पकड़ लेता है. इसी दौरान हार्ट अटैक से उस अपराधी की मौत हो जाती है.लेकिन, घटनास्थल पर मौजूद किसी शख्स द्वारा इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाता है. वीडियो को इस तरह पेश किया जाता है, मानो प्रताप ने उस अपराधी की हत्या की हो.देखते ही देखते हालात बदल जाते हैं. जिस अधिकारी को कभी सरकार और जनता का हीरो माना जाता था,वही अब लोगों की नजरों में सवालों के घेरे में आ जाता है.

मामला सिर्फ एक वीडियो तक सीमित नहीं रहता, बल्कि प्रताप के पिछले 26 एनकाउंटर भी जांच के दायरे में आ जाते हैं. जेल पहुंचने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. यहां उसका सामना सख्त जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) से होता है जिस प्रताप के इशारे पर कभी अपराधियों की दुनिया कांपती थी,अब वही जेल की चार दीवारी के भीतर एक आम कैदी की जिंदगी जीने को मजबूर है.

कहानी में कई मोड़ आते हैं और जैसे-जैसे प्रताप की मुश्किलें बढ़ती हैं,दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जाती है. क्या प्रताप अपनी बेगुनाही साबित कर पाएगा? क्या उसे फिर से अपना सम्मान और पहचान मिल पाएगी? और सबसे अहम,इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की सच्चाई क्या है? इन सवालों के जवाब फिल्म के रोमांचक घटनाक्रम और चौंकाने वाले क्लाइमेक्स में मिलते हैं.

अमित साध का प्रभावशाली अभिनय

अमित साध इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं. प्रताप रानाडे के किरदार में उन्होंने अपने अभिनय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. एक तरफ वर्दी में उनका दबंग, निडर और आक्रामक अंदाज है, तो दूसरी तरफ जेल की सलाखों के पीछे अपनी ही जिंदगी से जूझता एक बेबस इंसान. इन दोनों बिल्कुल अलग व्यक्तित्वों के बीच अमित साध जिस सहजता से संतुलन बनाते हैं,वो शानदार है.

उनकी आंखों में दिखता गुस्सा,चेहरे पर उभरती बेबसी,आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने का दर्द और खुद को बेगुनाह साबित करने की बेचैनी किरदार को गहराई देते हैं.अमित साध ने सिर्फ एक पुलिस अधिकारी का किरदार नहीं निभाया,बल्कि उसके भीतर चल रहे भावनात्मक तूफान को भी पर्दे पर जीवंत किया है.'प्रताप'को अमित साध के दमदार कमबैक के तौर पर देखा जा सकता है.वहीं, सीमा बिस्वास ने जेलर मीरा सेन के किरदार में अपनी अनुभवी अदाकारी की मजबूत छाप छोड़ी है. उनका सख्त व्यक्तित्व और संवाद अदायगी किरदार को विश्वसनीय बनाते हैं. तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी ने भी अपनी भूमिकाओं में प्रभाव छोड़ा है. ईशा देओल का अभिनय ठीक-ठाक है और सितारों ने सभी अच्छा काम किया है.

निर्देशन और तकनीकी पक्ष

निर्देशक सचिन सराफ ने एक ऐसे विषय को चुना है, जिसमें एक्शन और थ्रिलर के साथ भावनात्मक ड्रामे की भी भरपूर गुंजाइश है. उन्होंने कहानी को केवल एनकाउंटर और पुलिसिया कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एक ताकतवर अधिकारी के अचानक बदलते हालात, जेल की कठोर दुनिया और न्याय व्यवस्था के बीच उसके संघर्ष को भी प्रमुखता दी है.

फिल्म की खासियत यह है कि जेल के माहौल, वहां के अनुशासन और कैदियों की जिंदगी को वास्तविकता के करीब दिखाने की कोशिश की गई है. प्रताप के व्यक्तित्व में आने वाला बदलाव और उसके मानसिक संघर्ष को कहानी के साथ धीरे-धीरे विकसित किया गया है. हालांकि कुछ हिस्सों में कहानी की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती है, लेकिन निर्देशक मुख्य कथानक की पकड़ बनाए रखने में सफल रहे हैं.

बैकग्राउंड स्कोर सस्पेंस और ड्रामे को मजबूती देता है. कई महत्वपूर्ण दृश्यों में संगीत तनाव को बढ़ाने के साथ दर्शकों की उत्सुकता भी बनाए रखता है. एडिटिंग कहानी को आगे बढ़ाने में मदद करती है, हालांकि कुछ हिस्सों में थोड़ी और कसावट फिल्म को अधिक प्रभावी बना सकती थी.

क्यों देखें मूवी?

'प्रताप'सिर्फ एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की कहानी नहीं,बल्कि वर्दी,सत्ता,प्रतिष्ठा,न्याय और इंसानी स्वाभिमान के बीच चलने वाली एक दिलचस्प जंग है. फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि जिस व्यवस्था का हिस्सा बनकर एक अधिकारी अपनी पहचान और ताकत हासिल करता है,परिस्थितियां बदलने पर वही व्यवस्था उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है.भले ही फिल्म की रफ्तार कुछ जगहों पर धीमी होती है, लेकिन इसका विषय, सस्पेंस और क्लाइमेक्स दर्शकों को बांधे रखते हैं. खासकर अमित साध का अभिनय और फिल्म का चौंकाने वाला अंत इसकी सबसे बड़ी उपलब्धी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More