)
एक वक्त था, जब हिंदी सिनेमा को देश की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री माना जाता था. इस इंडस्ट्री में छोटे-बड़े शहरों के सभी कलाकारों का काम करने का सपना होता था. कुछ सितारे अपने रीजनल सिनेमा से करियर की शुरुआत करते थे, लेकिन नजरें हर किसी की मुंबई, सपनों की नगरी पर ही होती थीं. हालांकि, कुछ वर्षों में इंडस्ट्री में काफी बदलाव देखने को मिला है.
साल 2002 में 'मैंने दिल तुझको दिया' से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं समीरा रेड्डी ने साउथ सिनेमा में भी जमकर काम किया है. समीरा रेड्डी ने गोवा में अपने दो बच्चों की परवरिश पर ध्यान देने के लिए कई सालों तक फिल्मों से दूरी बना ली थी. हाल ही में उन्होंने संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' से वापसी की है, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके बेबाक और आम लोगों से जुड़े रहने वाले अंदाज की वजह से ऐसा लगता ही नहीं कि वे कभी फिल्मों से दूर थीं.
हाल ही में एक्ट्रेस ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में फिल्मों में वापसी के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे संजय ने उनके शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए उन्हें वीकेंड पर शूटिंग करने की सुविधा दी, ताकि वे हफ्ते के बाकी दिनों में अपने बच्चों के साथ रह सकें. उन्होंने नई माताओं के काम के घंटों को लेकर चल रही बहस पर भी अपनी राय रखी और बताया कि क्यों दक्षिण भारतीय सिनेमा में उनका अनुभव बॉलीवुड के मुकाबले कहीं ज्यादा संतोषजनक रहा है.

समीरा रेड्डी ने बताया कि संजय दत्त के साथ काम करने का अनुभव काफी शानदार रहा. संजय के साथ पहले भी दो-तीन फिल्में कर चुकी हूं, इसलिए उनके साथ फिर से काम करना बहुत सहज रहा. इस फिल्म को संजय ने ही प्रोड्यूस किया था और उनका व्यवहार बहुत अच्छा था. पिछले कुछ सालों से मैंने फीचर फिल्में या OTT प्रोजेक्ट्स इसलिए नहीं किए, क्योंकि मैं गोवा में रहती हूं और अपने बच्चों की देखभाल में पूरी तरह व्यस्त रहती हूं. मेरी सुबह से रात तक की जिंदगी मेरे बच्चों के इर्द-गिर्द घूमती है और शूटिंग के लिए उन्हें हफ्तों तक छोड़कर जाना मेरे लिए बहुत मुश्किल था. लेकिन संजय ने मेरी सुविधा का ध्यान रखते हुए सुझाव दिया, 'आप बस वीकेंड पर आकर शूटिंग कर लें.' इस व्यवस्था की वजह से मैंने दो-तीन महीनों तक हर वीकेंड शूटिंग की और मुझे यह बहुत अच्छा लगा.
उन्होंने बताया कि जब मैंने संजय की फिल्म के लिए शूटिंग की, तो लगातार काम किया. मुझे लंबे समय तक काम करने या एक्स्ट्रा शिफ्ट करने से कोई दिक्कत नहीं हुई, क्योंकि मैं अपने प्रोड्यूसर के लिए काम को अच्छे से और समय पर पूरा करना चाहती थी, खासकर इसलिए क्योंकि मैं मुंबई में नहीं रहती. लेकिन जब भी जरूरत पड़ी है, मैंने एक्स्ट्रा शिफ्ट भी की हैं.
हालांकि, एक नई मां होने के नाते बहुत ज्यादा दबाव होता है. ब्रेस्टफीडिंग, हार्मोनल बदलाव और काम को एक साथ संभालना आसान नहीं होता. अगर कोई प्रोड्यूसर उस एक्ट्रेस की स्थिति को समझकर कुछ बदलाव कर सके, तो यह दोनों तरफ से समझने वाली बात है. लेकिन अगर प्रोड्यूसर के लिए ऐसा करना मुमकिन न हो, तो बाकी सबको भी यह बात समझनी चाहिए. अगर प्रोड्यूसर के नजरिए से देखें, तो फिल्म सेट पर हर दिन बहुत बड़ा आर्थिक निवेश लगा होता है और काम में देरी होने से काफी नुकसान हो सकता है.
इस स्थिति के दोनों पहलुओं को समझने और उनका सम्मान करने की जरूरत है. हालांकि, मैं दीपिका पादुकोण के विशेष रुख पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती, लेकिन मैं समझती हूं कि वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं और अगर उन्हें यही चाहिए था, तो यही उनकी जरूरत रही होगी. लेकिन इस मामले में आप केवल एकतरफा नजरिया नहीं रख सकते.

वहीं, समीरा रेड्डी ने बताया कि साउथ सिनेमा में मेरा अनुभव बहुत शानदार रहा. मैंने चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, सूर्या, अजित और मोहनलाल जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया और मेरे निजी अनुभव बहुत अच्छे रहे. हर किसी का सफर अलग होता है, लेकिन मेरे लिए साउथ फिल्मों का अनुभव बॉलीवुड के अनुभव से कहीं बेहतर था.

साउथ में मुझे जो सम्मान, कलात्मक महत्व, पारिश्रमिक और स्टारडम मिला, वह हिंदी सिनेमा में मिले अनुभव से कहीं अधिक था. आज भी, 18 साल बाद, साउथ के दर्शकों से मुझे जो प्यार और सम्मान मिलता है, वह बेमिसाल है. जहां बॉलीवुड का कोई प्रशंसक शायद कहे, 'अरे हां, समीरा रेड्डी नाम की कोई अभिनेत्री थी.' वहीं, साउथ के दर्शक आज भी मुझसे बहुत गर्मजोशी से मिलते हैं और कहते हैं, 'हम आपसे बहुत प्यार करते हैं. आप 'वारनम आयिरम' की हमारी मेघना हैं.' मेरे दिल में साउथ फिल्मों के लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी और मैं खुद को हमेशा सबसे पहले एक साउथ एक्ट्रेस ही मानूंगी.