App

करवा चौथ के बाद अब छठ पर बॉलीवुड की नजर! क्या बिहार-UP के दर्शकों को साधने की है नई रणनीति?

आज से छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है. हर तरफ छठ के गीत सुनाई दे रहे हैं. छठ पूजा बिहार के लोगों के लिए सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अब भारतीय सिनेमा का भी हिस्सा बनता जा रहा है. बीते कुछ समय से बॉलीवुड की फिल्मों में भी छठ त्योहार की झलक देखने को मिल रही है. हाल ही में एक्ट्रेस ने बताया कि छठ की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे उनके जैसे कलाकारों की वर्षों की मेहनत है.

करवा चौथ के बाद अब छठ पर बॉलीवुड की नजर! क्या बिहार-UP के दर्शकों को साधने की है नई रणनीति?

छठ पूजा का त्योहार आज 13 नवंबर से शुरू हो गया है और 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. बिहार और पूर्वांचल में छठ के त्योहार की काफी मान्यता है. औरतें सूर्य को अर्घ्य देती हैं, ताकि उनके बच्चों की उम्र लंबी हो, स्वास्थ्य ठीक रहे और परिवार को सुख-समृद्धि मिले. इस त्योहार को दिवाली के बाद मनाया जाता है. भोजपुरी फिल्मों में इसे बड़े ही गर्व से मनाया और दिखाया जाता है. छठ की बढ़ती लोकप्रियता का असर अब भारतीय सिनेमा में भी देखने को मिल रहा है. जहां हिंदी सिनेमा में सालों से होली, दिवाली, रक्षाबंधन, गणेशोत्सव और करवाचौथ जैसे त्योहारों को दिखाया जाता था, वहीं अब छठ के पर्व को भी दिखाया जाने लगा है. धीरे-धीरे फिल्मों का कल्चर भी बदलता जा रहा है.

हाल ही में आई आयुष्मान खुराना की फिल्म 'वन' और सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में भी छठ पूजा को दिखाया गया है. छठ महापर्व की बढ़ती लोकप्रियता और बॉलीवुड में इसे मिल रही जगह पर एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि छठ पूजा पर कई म्यूजिक वीडियो बनाए हैं. इतना ही नहीं, छठ पूजा के इर्द-गिर्द घूमने वाली फिल्मों का भी निर्माण कर चुकी हैं.

बॉलीवुड की पसंद रहा करवा चौथ, अब छठ की बारी

सालों से करवा चौथ हिंदी सिनेमा के सबसे पहचाने जाने वाले त्योहारों और रीति-रिवाजों में से एक रहा है. 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (1995), 'हम दिल दे चुके सनम' (1999), 'कभी खुशी कभी गम' (2001) और 'बागबान' (2003) जैसी फिल्मों में इसे रोमांटिक या पारिवारिक कहानियों के हिस्से के रूप में दिखाया गया है. व्रत, चांद और छलनी, ये सब बॉलीवुड की जानी-पहचानी तस्वीरें बन गईं, यहां तक कि उन लोगों के बीच भी जो उन समुदायों से नहीं हैं, जहां पारंपरिक रूप से यह त्योहार मनाया जाता है. वहीं, छठ जो मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ा है, उसे मुख्यधारा के हिंदी सिनेमा में वैसी जगह नहीं मिल पाई है. हालांकि, अब इसमें बदलाव आता दिख रहा है.

छठ की तरफ बढ़ रहा बॉलीवुड का रुझान

दरअसल, बिहार से ताल्लुक रखने वाली एक्ट्रेस और निर्माता नीतू चंद्रा ने हाल ही में NDTV से खास बातचीत की थी. इस दौरान नीतू ने बताया कि बॉलीवुड का रुझान अब छठ की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन कहीं न कहीं इसका बीज हमने ही बोया है. जब हमने 10-12 साल पहले छठ पर वीडियो बनाने शुरू किए थे, तब लोगों ने उनकी काफी सराहना की थी और फिर धीरे-धीरे छठ पूरी दुनिया में मनाया जाने लगा.

Chhath Puja | 2026, Hinduism, History, Rituals, Key Deities, Celebrations,  Bihar, & India | Britannica

कैसे लोकप्रिय हुआ छठ का पर्व

उन्होंने बताया कि छठ पर उनके द्वारा बनाए गए वीडियो इंटरनेट के माध्यम से दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचे. हमारे वीडियो को लाखों-करोड़ों व्यूज मिले हैं. उन्हें देखने के बाद बहुत सारे लोग छठ मनाना शुरू करते हैं और इसकी खास बात यह है कि यह एक ऐसा पर्व है, जिसे खुले स्थानों पर मनाया जाता है, न कि घरों के अंदर. ऐसे में हर कोई देखता है कि यह क्या हो रहा है. इसी तरह छठ पर्व भी हर जगह लोकप्रिय हो गया.

लोकप्रियता ने खींचा निर्माताओं का ध्यान

वहीं, नीतू चंद्रा ने बताया कि छठ पूजा की बढ़ती लोकप्रियता ने ही फिल्म निर्माताओं का ध्यान खींचा है. उनका मानना है कि जब कोई चीज लोकप्रिय होती है तो बॉलीवुड उसे व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल करने लग जाता है. आप खुद सोचिए कि अब छठ पूजा कितनी लोकप्रिय हो गई है कि अगर निर्माता इसे फिल्मों में शामिल करेंगे तो छठ के जितने भी श्रद्धालु हैं, वे इस फिल्म को जरूर देखेंगे और उनका परिवार भी देखेगा. इसके अलावा, पूरी दुनिया में छठ इतना ज्यादा लोकप्रिय हो गया है कि हर कोई फिल्म जरूर देखना चाहेगा, लेकिन कहीं न कहीं इसका बीज हमने ही बोया है.

बिहार के रंग में रंगीं तमन्ना भाटिया, छठ की आस्था में हुईं लीन, बोली- छठी  मैया से जुड़ाव महसूस किया

हिंदी फिल्मों में मिल रहा छठ को महत्व

इसी बीच नीतू चंद्रा ने खुशी भी जाहिर की कि हिंदी फिल्मों में भी छठ पूजा को महत्व मिल रहा है. चंद्रा ने बताया कि इस पर्व की बढ़ती पहचान और इसे मिल रहे प्यार का ही संकेत है. मैं व्यक्तिगत रूप से जब महसूस करती हूं कि छठ को फिल्मों में जिस अंदाज से दिखाया जा रहा है, यह बेहद गर्व की बात है. बहुत खुशी होती है कि छठ को इतनी तवज्जो मिल रही है और इतना महत्व भी दिया जा रहा है.

Yeh Prem Mol Liya Title Track: छा गई आयुष्मान-शरवरी की केमिस्ट्री, फैन्स को  पसंद आया गाना | ayushmann khurrana and sharvari's yeh prem mol liya title  track out-watch video | Times Now

गौरतलब हो कि बीते कुछ महीनों के अंदर ही हिंदी सिनेमा की तरफ से कुछ फिल्में ऐसी आई हैं, जिनमें छठ पूजा को बेहतरीन तरीके से पेश किया गया है. सबसे पहले एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया नजर आए हैं. दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इस फिल्म के अलावा सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' भी शामिल है. फिल्म के टाइटल ट्रैक में हीरो-हीरोइन को छठ पूजा मनाते देखा गया है. फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ नजर आएंगे.

कहीं स्टोरी की डिमांड तो कहीं ऑडियंस

इन दोनों फिल्मों के पीछे दो बड़े कारण हैं. कहीं स्टोरी की डिमांड है तो कहीं बिहार-UP की ऑडियंस को थिएटर तक खींचने का तरीका भी है. सबसे पहले फिल्म 'द वन' की बात करें तो इसकी कहानी ही बिहार के एक 400 साल पुराने मंदिर की है, जिसे फिल्म में एक फोकलोर के तरीके से पेश किया गया है. कहानी की डिमांड के हिसाब से फिल्म में छठ पूजा को दिखाया गया है.

वहीं, दूसरी ओर सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के गाने में छठ पूजा को दिखाया गया है. गाने को देखकर ऐसा लगता है कि शरवरी वाघ का किरदार बिहार से ताल्लुक रखता है. इसलिए उनके परिवार में छठ का महत्व है. इसी वजह से दोनों सूर्य को अर्घ्य चढ़ाते नजर आते हैं. हालांकि, यह तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही कन्फर्म होगा.

भोजपुरी सिनेमा से बॉलीवुड तक पहुंचा छठ

चार दिनों तक चलने वाला यह हिंदू त्योहार सूर्य देव और छठी देवी (जिन्हें छठी मैया भी कहा जाता है) को समर्पित है. श्रद्धालु कठिन व्रत रखते हैं और नदियों, तालाबों या अन्य जलाशयों के किनारे इकट्ठा होकर पूजा करते हैं. वे पहले डूबते हुए सूर्य को और फिर अगली सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हैं. भारतीय सिनेमा के लिए छठ कोई बिल्कुल नई चीज नहीं है. बिहार और आस-पास के क्षेत्रों की फिल्मों और गानों में यह त्योहार लंबे समय से दिखाई देता रहा है. लेकिन यह पहली बार है जब मुख्यधारा के बॉलीवुड ने इसे अपनाया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kajol Gupta

Kajol Gupta

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More