App

'मिस्टर इंडिया' के लिए बोनी कपूर ने लगा दिया था सबकुछ दांव पर, फिल्म डूबती तो बर्बाद हो जाता पूरा परिवार!

हिंदी सिनेमा की मशहूर कल्ट क्लासिक फिल्म 'मिस्टर इंडिया' का लोगों में अपना अलग ही क्रेज है. फिल्म का आज भी लोगों में काफी क्रेज है. इस फिल्म की गिनती उन फिल्मों में होती है, जिसने हिंदी सिनेमा में सुपरहीरो की परिभाषा को ही बदल दिया था.

'मिस्टर इंडिया' के लिए बोनी कपूर ने लगा दिया था सबकुछ दांव पर, फिल्म डूबती तो बर्बाद हो जाता पूरा परिवार!

बॉलीवुड की कल्ट क्लासिक फिल्म 'मिस्टर इंडिया' तो आपने कई बार देखी होगी. यह फिल्म हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में गिनी जाती है, जिसने हिंदी सिनेमा में सुपरहीरो की परिभाषा ही बदल दी. फिल्म का निर्माण बोनी कपूर ने केवल सात दिनों में किया था, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. जब बोनी कपूर के पिता सुरिंदर मुंबई आए थे, तब परिवार को राज कपूर के गैराज में रहना पड़ता था. हालांकि, परिस्थितियां धीरे-धीरे बदलने लगी थीं. उनके पिता ने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई, लेकिन बाद में उन्हें दिल की बीमारी हो गई और ऐसे में बोनी कपूर को परिवार की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी.

11 नवंबर को बोनी कपूर अपना 71वां जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे. उनकी गिनती हिंदी सिनेमा के चुनिंदा फिल्ममेकर्स में होती है, जिन्होंने 80-90 के दशक में 'मिस्टर इंडिया', 'जुदाई', 'नो एंट्री' और 'वांटेड' जैसी सुपरहिट फिल्मों से इंडस्ट्री का चेहरा ही बदल दिया. उनका जन्म साल 1953 में हुआ था. बोनी कपूर का परिवार पहले से ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ था. उनके पिता सुरिंदर कपूर भी फिल्म प्रोड्यूसर थे, जिन्होंने अपने बेटों को फिल्मों की दुनिया में कदम रखने के लिए प्रेरित किया था. अनिल कपूर और संजय कपूर दोनों ही बोनी कपूर के छोटे भाई हैं. आप शायद ये नहीं जानते होंगे कि बोनी कपूर का असली नाम अचल कपूर है. इस बात का खुलासा उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में किया था. उन्होंने बताया था कि 'स्कूल के दिनों में वह काफी दुबले-पतले थे, इसलिए उन्हें बोनी कहकर पुकारा जाने लगा.'

फिल्म में बोनी कपूर ने लगा दिया था सारा पैसा

निर्देशक शेखर कपूर ने रणवीर इलाहाबादिया के साथ दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि 1987 की अपनी मशहूर फिल्म 'मिस्टर इंडिया' की शूटिंग के दौरान एक्टर अनिल कपूर बहुत डरे हुए थे. उन्हें इस बात की चिंता थी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करेगी. सलीम-जावेद द्वारा लिखी गई 'मिस्टर इंडिया' को बोनी कपूर और सुरेंद्र कपूर ने प्रोड्यूस किया था. उन्होंने इस सुपरहीरो फिल्म को बनाने में अपने परिवार का सारा पैसा लगा दिया था. उस समय यह एक नया कॉन्सेप्ट था, जो एक अदृश्य आदमी (इनविजिबल मैन) के इर्द-गिर्द घूमता था.

बोनी कपूर ने मिस्टर इंडिया के रीबूट की पुष्टि की | बॉलीवुड समाचार - द  इंडियन एक्सप्रेस

वहीं, शेखर कपूर ने याद करते हुए कहा था कि 'अनिल कपूर फिल्म शुरू होने के दिन भी डरे हुए थे और फिल्म रिलीज होने के समय भी. वह बहुत डरते हैं. बोनी कपूर और अनिल कपूर दोनों ही बहुत डरे हुए थे और सोच रहे थे कि क्या फिल्म चलेगी या नहीं. उन्हें लग रहा था कि 'हमारा सारा पैसा, पूरे परिवार का पैसा इसमें लगा है, सब खत्म हो जाएगा.' तो वह डर बना हुआ था. कोई पक्का भरोसा नहीं था कि फिल्म चलेगी या नहीं.'

'मिस्टर इंडिया' को बनाने के दौरान निर्देशक ने बताया कि वे अपने 11 साल के रूप से बातचीत करते थे. वे इस बचपन वाले रूप का इस्तेमाल यह परखने के लिए करते थे कि कोई शॉट या डायलॉग बच्चों को पसंद आएगा या नहीं. उन्होंने कहा था कि 'मैंने कभी ऐसी फिल्म नहीं बनाई, जिसमें सभी किरदार मैं खुद न रहा होऊं. मैं मोगैम्बो था, मैं 'हवा-हवाई' भी था और 'मिस्टर इंडिया' तथा बाकी सभी बच्चे भी मैं ही था. वरना आप ऐसी फिल्म बनाएंगे कैसे?'

बता दें कि 'मिस्टर इंडिया' 1987 में रिलीज हुई थी और इसे बोनी कपूर ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में अनिल कपूर ने एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाई है, जो एक अनाथालय चलाता है और उसे एक ऐसी घड़ी मिल जाती है, जिससे वह अदृश्य हो सकता है. फिल्म में श्रीदेवी भी थीं, जिन्होंने एक सख्त पत्रकार का किरदार निभाया था. शेखर कपूर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अमरीश पुरी ने मोगैम्बो, सतीश कौशिक ने कैलेंडर, हरीश पटेल ने रूपचंद और अन्नू कपूर ने एडिटर गायतोंडे का रोल किया था. 'मिस्टर इंडिया' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी.

Boney Kapoor pens an emotional tribute on 13th day Kriya ceremony for late  mother | - The Times of India

इंडस्ट्री के सफल निर्माताओं में से एक बोनी कपूर

बता दें कि बोनी कपूर आज इंडस्ट्री के सबसे सफल निर्माताओं में से एक माने जाते हैं, लेकिन उन्होंने इसके लिए काफी संघर्ष किया था. उन्होंने 20 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था. एक इंटरव्यू में बोनी कपूर ने बताया था कि साल 1975 में केवल 20 साल की उम्र में उन्होंने मनमोहन देसाई के यहां काम करना शुरू कर दिया था. अगले साल डायरेक्टर शक्ति सामंत को असिस्ट किया. शक्ति सामंत के साथ 'अनुरोध', 'महबूबा', 'ग्रेट गैंबलर' और 'आनंद आश्रम' जैसी फिल्मों में सहायक के रूप में काम किया.

बोनी कपूर ने बताया कि उस समय पॉकेट मनी के रूप में उन्हें बहुत कम पैसे मिलते थे. शक्ति सामंत के यहां काम करने से पहले उन्हें रोजाना 5 रुपये 50 पैसे मिलते थे. 'अनुरोध' में शक्ति सामंत को असिस्ट करने के लिए उन्हें 5 हजार रुपये मिले थे. फिल्म उद्योग में इस शुरुआती अनुभव के बावजूद बोनी कपूर को शुरू में फिल्मों में कोई दिलचस्पी नहीं थी और वे एक धागा-व्यापार कंपनी में अपना पेशेवर करियर बनाना चाहते थे. एक इंटरव्यू में बोनी कपूर ने कहा था कि 'मेरा मन एक्टर बनने का था, लेकिन पक्का इरादा नहीं किया था. अनिल एक्टर बनने के लिए मुझसे ज्यादा गंभीर था, तो मैंने सोचा कि किसी को तो उसके पीछे खड़ा रहना चाहिए.'

'हम पांच' की थी पहली फिल्म प्रोड्यूस

बोनी कपूर ने बतौर फिल्म निर्माता अपनी पहली फिल्म 'हम पांच' प्रोड्यूस की, जिसने मिथुन चक्रवर्ती और अमरीश पुरी जैसे अभिनेताओं को बॉलीवुड में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. बोनी कपूर ने हिंदी फिल्म उद्योग के कई बड़े सितारों को भी लॉन्च किया. फिल्म 'वो सात दिन' से उनके भाई अनिल कपूर, 'प्रेम' से उनके छोटे भाई संजय कपूर और तब्बू और 'कोई मेरे दिल से पूछे' से अभिनेत्री ईशा देओल ने डेब्यू किया. 1987 में रिलीज हुई फिल्म 'मिस्टर इंडिया' बोनी कपूर के करियर की सबसे अहम फिल्म मानी जाती है. इस फिल्म में उनके भाई अनिल कपूर और श्रीदेवी मुख्य भूमिकाओं में थे. उन्होंने हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक 'रूप की रानी चोरों का राजा' का निर्माण 1993 में किया. 1997 में उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर हिट रही फिल्म 'जुदाई' का निर्माण किया, जिसमें श्रीदेवी और अनिल कपूर एक बार फिर उर्मिला मातोंडकर के साथ नजर आए.

I am still madly in love with Sridevi: Boney Kapoor | Entertainment News

बोनी कपूर ने एक नहीं, की दो शादियां

बताया जाता है कि 'मिस्टर इंडिया' फिल्म के दौरान बोनी कपूर और श्रीदेवी के बीच नजदीकियां बढ़ीं. बाद में दोनों ने शादी कर ली और उनकी दो बेटियां जान्हवी कपूर और खुशी कपूर हैं. बोनी कपूर की पहली शादी मोना शौरी कपूर से हुई थी. मोना और बोनी कपूर के दो बच्चे अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर हैं. मोना से तलाक के बाद बोनी कपूर ने 1996 में श्रीदेवी से शादी कर ली थी. उनके जीवन में सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब 2018 में उनकी पत्नी श्रीदेवी का दुबई में निधन हो गया. इस हादसे ने बोनी कपूर को तोड़ दिया.

इनपुट आइएएनएस के साथ भी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kajol Gupta

Kajol Gupta

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More