App

Bigg Boss 20: 'जेल में डालो' पैपराजी के बाद AI Deepfake Videos पर भड़के सलमान खान, सख्त कार्रवाई की मांग

Salman Khan On AI Deepfake Videos: 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार में सलमान खान ने AI से बने वीडियो के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताई. उन्होंने इसके खिलाफ सख्त कानून और सेंसरशिप की मांग की है.

Bigg Boss 20: 'जेल में डालो' पैपराजी के बाद AI Deepfake Videos पर भड़के सलमान खान, सख्त कार्रवाई की मांग
Image Credit: AI Deepfake Videos पर भड़के सलमान खान

‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार में सलमान खान इन दिनों सिर्फ कंटेस्टेंट्स की क्लास ही नहीं लगा रहे, बल्कि सोशल मीडिया से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रख रहे हैं. पिछले हफ्ते उन्होंने पैपराजी के उस रवैये पर नाराजगी जताई थी, जिसमें एक्ट्रेसेस की तस्वीरें गलत या अजीब एंगल से क्लिक की जाती हैं. सलमान ने महिलाओं से ऐसे फोटोग्राफर्स के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर उन्हें थप्पड़ मारने तक की बात कही थी. अब इस वीकेंड का वार में एक्टर ने एक बार फिर सोशल मीडिया का मुद्दा उठाया, लेकिन इस बार उनका निशाना AI से बनाए जा रहे फर्जी वीडियो और आवाजों पर था.

सलमान ने बताया कि AI की मदद से किसी की आवाज को कॉपी कर उसे ऐसी बातें कहते हुए दिखाया जा सकता है, जो उसने असल जिंदगी में कभी कही ही नहीं. उन्होंने कहा कि उनके खुद के भी AI से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं. एक्टर की चिंता इस बात को लेकर थी कि आम लोग कई बार ऐसे वीडियो को सच मान सकते हैं, जबकि उसे बनाने वाला व्यक्ति जानता है कि पूरा कंटेंट नकली है.


'ऐसे लोगों को जेल में डाल देना चाहिए'

सलमान ने सवाल उठाया कि आखिर कोई जानबूझकर किसी की आवाज और पहचान का इस्तेमाल करके उसे ऐसी बात कहते हुए क्यों दिखाएगा, जो उसने कभी कही ही नहीं. उनका कहना था कि ये सिर्फ मजाक नहीं, बल्कि किसी की इमेज और पहचान को नुकसान पहुंचाने वाली बात हो सकती है. AI वीडियो पर अपनी बात रखते हुए सलमान का गुस्सा साफ नजर आया. उन्होंने कहा कि जो लोग अनजाने में फर्जी वीडियो को असली समझकर शेयर कर देते हैं, उनकी बात अलग है, लेकिन जो लोग जानते-बूझते हुए ऐसा कंटेंट तैयार करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

सोशल मीडिया पर सेंसरशिप की उठाई मांग

सलमान ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जो लोग इसे वीडियोज बना रहे हैं उन्हें जेल भेजना चाहिए और कहा कि जब तक एक-दो लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह की चीजें शायद रुकेंगी नहीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर सेंसरशिप और ज्यादा सख्त नियमों की जरूरत पर भी जोर दिया. सलमान ने ये भी कहा कि वो इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने वाले हैं.

फेक वीडियो को लेकर पहले भी कोर्ट जा चुके सलमान

AI और अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल को लेकर सलमान पहले भी कानूनी कदम उठा चुके हैं. साल 2025 में उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख करते हुए अपनी तस्वीर, आवाज, नाम और पहचान के बिना परमिशन इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ सिक्योरिटी मांगी थी. कोर्ट के रिकॉर्ड में AI की मदद से उनकी आवाज और तस्वीर के इस्तेमाल समेत कई तरह के कथित दुरुपयोग का जिक्र है. कोर्ट ने अंतरिम तौर पर उनकी व्यक्तित्व संबंधी पहचान का बिना परमिशन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए थे. ऐसे में 'बिग बॉस 20' में AI के गलत उपयोग पर सलमान की नाराजगी को उनके पहले उठाए गए कानूनी कदमों जुड़ा हुआ भी देखा जा रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More