App

एमी विर्क से सिद्धू मूसेवाला तक, पंजाबी सिंगर्स पर कब-कब बरसीं गोलियां? जानें किसे मिली धमकी और किनकी हुई हत्या

एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में कलाकारों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले सिद्धू मूसेवाला की हत्या, परमिश वर्मा समेत कई सिंगर्स को धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ा. आइए जानते हैं, पंजाबी सितारों से जुड़े ऐसे मामलों की पूरी कहानी.

एमी विर्क से सिद्धू मूसेवाला तक, पंजाबी सिंगर्स पर कब-कब बरसीं गोलियां? जानें किसे मिली धमकी और किनकी हुई हत्या

पंजाबी इंडस्ट्री एक बार फिर फायरिंग की घटना को लेकर सुर्खियां बटोर रही है. दरअसल, बुधवार को पंजाबी सिंगर एमी विर्क के काफिले की एक गाड़ी पर कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में गोलियां चलने की खबर आई है. यह घटना उनके कॉन्सर्ट के बाद हुई. हालांकि. इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. लेकिन, यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी पंजाबी कलाकार की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हों.

दरअसल, बीते कई सालों में सिद्धू मूसेवाला की हत्या से लेकर कई पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा, गिप्पी ग्रेवाल, एपी ढिल्लों और करण औजला तक को लेकर फायरिंग और धमकी के मामले सामने आए हैं. आइए जानते हैं, अब तक किन-किन पंजाबी सिंगर्स और स्टार्स पर हमले या फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

सिद्धू मूसेवाला: सबसे सनसनीखेज मामला

Sidhu Moose Wala: Wildly Popular Rapper Who Posed With Guns

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम सिद्धू मूसेवाला का आता है. सिद्धू मूसेवाला को 29 मई 2022 की पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. सिंगर अपने दो साथियों के साथ गाड़ी में जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर फायरिंग कर दी. अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया. फिलहाल, मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है. साथ ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हाल में एक आरोपी की जमानत याचिका खारिज की है.

परमिश वर्मा: 2018 में चली थीं गोलियां

हालांकि, सिद्धू मूसेवाला ऐसे पहले सिंगर नहीं होती है, जिसपर हमला हुआ. इससे पहले अप्रैल 2018 में सिंगर और एक्टर परमिश वर्मा पर मोहाली में गोली चलाई गई थी. वह एक कॉन्सर्ट के बाद घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और फायरिंग की. इस हमले में परमिश वर्मा के पैर में गोली लगी थी, जबकि उनके दोस्त और टीम के सदस्य भी घायल हुए थे. इस हमले के बाद गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

नवजोत सिंह: 2018 में हुई थी हत्या

साल 2018, मई में पंजाबी सिंगर नवजोत सिंह उर्फ इसापुरिया विर्क की डेरा बस्सी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के दौरान वह म्यूजिक क्लास से घर लौट रहे थे. फिर बाद में उनकी गाड़ी के पास उनका शव मिला था, जिस पर गोलियों के कई निशान थे. हत्या के मामले में पुलिस ने कई साल बाद गिरफ्तारी की थी.

गिप्पी ग्रेवाल: कनाडा में घर के बाहर फायरिंग

वहीं, पंजाबी सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल पर भी कनाडा में हमले की खबर सामने आ चुकी है. साल 2023 में उनके कनाडा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की खबर सामने आई थी. बाद में एक गैंग ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी लेते हुए गिप्पी को सलमान खान से कथित नजदीकी को लेकर धमकी दी थी. गिप्पी ने बाद में इस घटना को लेकर बताया था कि उन्हें समझ नहीं आया कि उनके घर पर फायरिंग क्यों हुई. फिर साल 2026 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने उस घटना के बारे में बात करते हुए बताया था कि हमलावरों का मानना था कि वह सलमान खान के करीब हैं.

एपी ढिल्लों: कनाडा में घर को बनाया गया निशाना

सितंबर 2024 में पंजाबी-कनाडाई सिंगर एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के बाहर फायरिंग और आगजनी की घटना सामने आई थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था. बाद में इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई और जांच में गैंग से जुड़े एंगल की भी चर्चा हुई. इस घटना ने एक बार फिर विदेश में रह रहे पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए.

करण औजला: छह बार फायरिंग का दावा

सिंगर करण औजला ने भी खुद कनाडा में अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में बड़ा खुलासा किया था. साल 2025 में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनके घर या उनके खिलाफ छह बार फायरिंग की घटनाएं हुईं और उन्हें कई बार एक्सटॉर्शन कॉल्स और धमकियां भी मिलीं. इन घटनाओं के बाद उन्होंने कनाडा छोड़कर दुबई में रहने का फैसला किया.

प्रेम ढिल्लों: अमृतसर स्थित घर पर फायरिंग

फरवरी 2025 में पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों के अमृतसर स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई थी. एक गैंग ने कथित तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी ली और सोशल मीडिया पोस्ट में सिंगर पर सिद्धू मूसेवाला को 'धोखा देने' का आरोप लगाया.

सिर्फ फायरिंग नहीं, धमकियों का भी लंबा सिलसिला

हालांकि, पंजाबी कलाकारों पर सिर्फ गोलीबारी तक सीमित नहीं है. बल्कि कई स्टार्स को धमकियां भी मिल चुकी हैं. सबसे पहले बात करें मनकीरत औलख की, जिसे पिछले कुछ समय में विदेशी नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं. मार्च 2026 में उन्हें गैंगस्टर लकी पटियाल की ओर से कथित तौर पर धमकी मिलने की रिपोर्ट सामने आई थी.

इन घटनाओं में अक्सर एक्सटॉर्शन, पुरानी दुश्मनी, किसी दूसरे व्यक्ति से कथित नजदीकी या गैंग के नाम पर डर पैदा करने जैसे एंगल सामने आते हैं. खासकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और संगठित अपराध के कथित कनेक्शन को लेकर चर्चा काफी बढ़ी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More