SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

500 साल की उम्र का दावा, जॉर्ज पंचम से इंदिरा-राजीव गांधी तक कनेक्शन! अब देवराहा बाबा पर बनेगी फिल्म 'मचान बाबा'

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद अब रहस्यमयी संत देवराहा बाबा की जिंदगी पर फिल्म 'मचान बाबा' बनाने का ऐलान हुआ है. देवराहा बाबा की उम्र 500 साल से ज्यादा होने के दावे किए जाते रहे हैं. जॉर्ज पंचम से लेकर इंदिरा गांधी तक उनसे जुड़ी कहानियां भी चर्चा में रही हैं.

Written By Swati Singh
Published: Oct 12, 2026, 03:02 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 03:11 PM IST
Image Credit: देवराहा बाबा की रहस्यमयी दुनिया पर फिल्म
Join

नीब करौरी बाबा से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद अब भारतीय संत परंपरा के एक और रहस्यमयी संत देवराहा बाबा की कहानी बड़े पर्दे पर आने जा रही है. 'हनुमान अंश' 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कारोबार कर चुकी है. देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म का नाम 'मचान बाबा' है. मेकर्स ने फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी कर दिया है और इसे 2027 में रिलीज करने की प्लानिंग है.

उम्र आज भी बनी हुई है रहस्य

देवराहा बाबा की पहचान नदी किनारे जमीन से कई फीट ऊपर बने मचान पर रहने वाले संत के रूप में रही. लेकिन उनके जीवन को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी उम्र का है. उनके जन्म की कोई सर्वमान्य तारीख मौजूद नहीं है और भक्तों और अलग-अलग राइटर के विवरणों में उनकी उम्र को लेकर अलग-अलग दावे मिलते हैं. लेखक अभिजीत सेन की किताब में भी उनकी असाधारण दीर्घायु से जुड़े विवरणों और जनस्मृतियों को खंगालने की कोशिश की गई है. कुछ कथाओं में बाबा के 500 वर्ष से अधिक उम्र तक जीवित रहने के दावे भी मिलते हैं. हालांकि, ऐसे दावों का कोई ऐतिहासिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं.

जॉर्ज पंचम से लेकर इंदिरा-राजीव तक

देवराहा बाबा से जुड़े प्रसंगों को दिलचस्प बनाने वाली बात यह भी है कि अलग-अलग दौर के कई बड़े राजनीतिक नाम उनके साथ जुड़े दिखाई देते हैं. पुराने विवरणों में किंग जॉर्ज पंचम की 1911 में देवराहा बाबा से मुलाकात का दावा किया गया है. इस प्रसंग का उल्लेख 2009 में संसद की एक बहस के दौरान भी सामने आया था. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बाबा से मुलाकात का किस्सा भी काफी चर्चित है. सत्ता से बाहर होने के बाद उनके बाबा से आशीर्वाद लेने और बाद में कांग्रेस के ‘हाथ’ चुनाव चिन्ह से इस घटना को जोड़ने वाली कहानी लंबे समय से प्रचलित है.

 हालांकि इस संबंध को प्रमाणित ऐतिहासिक तथ्य के बजाय जनश्रुति के रूप में ही देखा जाता है. वहीं, 1989 में राजीव गांधी की देवराहा बाबा से मुलाकात को राम मंदिर शिलान्यास से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में भी अलग-अलग विवरणों में दर्ज किया गया है.

 

 

ब्रिटेन और अमेरिका के कारोबारी बना रहे फिल्म

'मचान बाबा' और 'हनुमान अंश' के बीच भी एक दिलचस्प आध्यात्मिक कड़ी है. नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा लगभग एक ही दौर में सक्रिय रहे. फिल्म की रिसर्च में सामने आए भक्त-संस्मरणों और मौखिक विवरणों में दोनों संतों की मुलाकातों का जिक्र मिलता है. इन विवरणों के मुताबिक नीब करौरी बाबा, देवराहा बाबा का विशेष सम्मान करते थे.

फिल्म को ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता OBE और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विकल्प पालीवाल प्रोड्यूस कर रहे हैं. ब्रिटेन के कारोबारी जगत में ‘Paper Queen’ के नाम से चर्चित पूनम गुप्ता अब इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण में कदम रख रही हैं. वहीं दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल मूल रूप से लखनऊ के हैं और वर्तमान में ऑस्टिन, टेक्सास में आईटी तथा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं.

पूनम गुप्ता ने कहा, 'देवराहा बाबा का जीवन आध्यात्मिकता, इतिहास और रहस्य का अनोखा संगम है. उनकी कहानी में कई ऐसी परतें हैं जो आज भी लोगों में जिज्ञासा पैदा करती हैं. हमारी कोशिश इसे गंभीर रिसर्च, श्रद्धा और सिनेमाई संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की है.'

वहीं, निर्माता विकल्प पालीवाल ने कहा, ''मचान बाबा' की कहानी पूरी तरह भारतीय जड़ों से निकली है, लेकिन इसमें मौजूद विश्वास, रहस्य और मानवीय जिज्ञासा की अपील वैश्विक है.' बता दें कि ये फिल्म ओजस फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है. ओजस फिल्म्स, सॉफ्टवेयर और एआई कंपनी ओजस सॉफ्टेक की फिल्म एवं कंटेंट इकाई है. ओजस सॉफ्टेक के प्रमुख डिजिटल ब्रांड्स में एस्ट्रोसेज एआई शामिल है. फिल्म फिलहाल रिसर्च और प्री-प्रोडक्शन के चरण में है. मेकर्स का कहना है कि ‘मचान बाबा’ का फोकस केवल चमत्कारों पर नहीं होगा, बल्कि देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े आस्था, इतिहास, राजनीति और रहस्य की अलग-अलग परतों को भी सामने लाया जाएगा.‘मचान बाबा’ को 2027 में रिलीज करने की योजना है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES