)
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा एक्टर डिनो मोरिया को हिरासत में लिए जाने के बाद महाराष्ट्र की पॉलिटिक्स और फिल्म इंडस्ट्री में अचानक हड़कंप मच गया है. पॉलिटिशियन आदित्य ठाकरे से करीब संबंधों के कारण इस कार्रवाई को बेहद सेंससिटिव माना जा रहा है. इस मामले में बढ़ा-चढ़ाकर बिल पेश करने, फर्जी वर्क लॉग तैयार करने और बाढ़ रोकथाम एवं ड्रेनेज व्यवस्था के लिए निर्धारित सार्वजनिक धन के कथित तौर पर डायवर्जन के आरोप हैं.
वहीं, तकरीबन 15 करोड़ रुपये के मिठी नदी डिसिल्टिंग घोटाले को लेकर उनसे पहले भी सवाल-जवाब हो चुके हैं. हिरासत के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है, जिससे इस मामले की आंच सीधे सियासी हलकों तक पहुंचने के आसार बन गए हैं.
#WATCH | Mumbai | Actor Dino Morea reaches Mumbai Police Commissioner’s Office to join the investigation in Mithi River desilting alleged scam being investigated by Mumbai EOW https://t.co/BXZ5TnJjV4
— ANI (@ANI) October 2, 2026
वहीं, मुंबई पुलिस की EOW ने कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये के मीठी नदी सफाई घोटाले के सिलसिले में एक्टर डिनो मोरिया से करीब 6-7 घंटे पूछताछ की और बाद में उन्हें जाने दिया गया. EOW इस मामले से जुड़े पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है और हो सकता है कि उनसे दोबारा पूछताछ करें.
साल 2025 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुंबई और कोच्चि में 15 प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें अभिनेता डिनो मोरिया का घर भी शामिल था. इस कार्रवाई के तहत उन लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाया गया, जो जांच के दायरे में आए ठेकेदारों और अधिकारियों से जुड़े थे. जांच में पाया गया कि आरोपी केतन कदम और जय जोशी ने मैटप्रॉप कंपनी और बीएमसी (BMC) के स्टॉर्म वॉटर ड्रेन्स विभाग के अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके यह घोटाला अंजाम दिया था.
घोटाले के मुख्य आरोपी केतन कदम के कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के दौरान अभिनेता डिनो मोरिया और उनके भाई का नाम सामने आया. दोनों ने कई मौकों पर केतन कदम से बातचीत की थी. जांच अधिकारियों का मानना है कि डिनो मोरिया और केतन कदम सिर्फ दोस्त नहीं हैं, बल्कि उनके बीच संदिग्ध वित्तीय लेन-देन भी हो सकता है. इसी वजह से डिनो को जांच के दायरे में शामिल कर पूछताछ की जा रही है.
मीठी नदी से गाद निकालने (डीसिल्टिंग) के इस प्रोजेक्ट की शुरुआत साल 2005 की मुंबई बाढ़ के बाद बीएमसी और अन्य एजेंसियों द्वारा की गई थी. इसका मुख्य उद्देश्य मलबे को हटाकर नदी के तल का रखरखाव करना और बाढ़ प्रबंधन में सुधार करना था. हालांकि, बाद की जांच में कागजों पर दिखाए गए काम और जमीनी हकीकत के बीच भारी अंतर पाया गया. मई 2025 की पहली एफआईआर में 3 बीएमसी अधिकारियों, ठेकेदारों, बिचौलियों और निजी कंपनियों के अधिकारियों समेत 13 लोगों को आरोपी बनाया गया.
डिनो मोरिया ने साल 1999 में फिल्म ‘प्यार में कभी कभी’ से रिंकी खन्ना के अपोजिट बॉलीवुड में डेब्यू किया था, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. इसके बाद 2000 में उन्होंने तमिल फिल्म ‘कंदुकोंदैन कंदुकोंदैन’ में काम किया. फिर साल 2002 में आई विक्रम भट्ट की हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘राज’ (Raaz) ने इतिहास रच दिया. बिपाशा बसु के साथ उनकी केमिस्ट्री और फिल्म के गानों को दर्शकों ने काफी पसंद किया, जिससे डिनो रातोंरात स्टार बन गए.
'राज' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद डिनो को ‘गुनाह’, ‘प्लान’, ‘अक्सर’, ‘फाइट क्लब’ और ‘हॉलीडेज’ जैसी कई फिल्मों में काम मिला. हालांकि, इनमें से कोई भी फिल्म 'राज' जैसा जादू दोबारा नहीं चला सकी. जैसे-जैसे फिल्में फ्लॉप होने लगीं, उन्हें मिलने वाले रोल्स कम होते गए और डिनो धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए.