)
मलयालम सिनेमा जगत से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. अपनी हालिया वेब सीरीज ‘कप्पी स्क्वाड’ से बतौर डायरेक्टर अपने सफर की शानदार शुरुआत करने वाले यंग फिल्ममेकर बेलराज कलारिकल अब हमारे बीच नहीं रहे. शनिवार को महज 27 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. उनके निधन की खबर सामने आते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके फैंस भी गहरे सदमे में डूब गए हैं. किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि इतना होनहार और यंग डायरेक्टर इतनी जल्दी दुनिया छोड़कर चला गया.
शुरुआती रिपोर्ट्स में ये आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन उनके निधन की असली वजह का अभी साफ पता नहीं चल पाया है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेलराज का शव कोच्चि शहर के एक होटल के कमरे में मिला. इस खबर ने हर तरफ सनसनी मचा दी. उनके इस तरह अचानक और असमय चले जाने से मलयालम सिनेमा के तमाम कलाकार और क्रू मेंबर्स सन्न रह गए, क्योंकि अभी कुछ ही दिन पहले उनकी पहली डायरेक्टोरियल सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हुई थी, जिसे खूब पसंद किया गया.
सिनेमा एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, होटल के कमरे में बेलराज के शव मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन जरूरी जांच में जुट गई है. इस दर्दनाक हादसे ने पूरी इंडस्ट्री को अंदर तक हिला कर रख दिया है. फिल्ममेकर और एक्टर राहुल रिजी नायर ने बेलराज के असमय निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने बेलराज को एक बेहद काबिल, विजनरी डायरेक्टर और अपना सच्चा दोस्त बताया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट लिखकर बेलराज को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि बेलराज जैसे टैलेंटेड इंसान का इतनी जल्दी चले जाना बेहद असहनीय और दिल तोड़ देने वाला पल है.
जिस ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर उनकी वेब सीरीज ‘कप्पी स्क्वाड’ रिलीज हुई थी, उसने भी इस होनहार यंग डायरेक्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया. अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा, ‘कुछ लोग जिंदगी में बहुत जल्दी चले जाते हैं. बेलराज ने अपनी मेहनत से ‘कप्पी स्क्वाड’ को पर्दे पर जीवंत कर दिया था. काश हमें उनके साथ आगे भी कई बेहतरीन कहानियां दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिलता. आप भले ही इतनी कम उम्र में चले गए, लेकिन अपने काम और यादों के जरिए हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे’. इस पोस्ट के बाद फैंस भी संवेदनाएं जता रहे हैं.
बेलराज कलारिकल ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए कई सालों तक कड़ी मेहनत की थी. वे ‘फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज’ के फाउंडिंग मेंबर्स में से एक थे. ये वही प्रोडक्शन हाउस है, जिसके नाम ‘ओट्टामुरी वेलिच्चम’ जैसी नेशनल लेवल पर फिल्म और ‘केरल क्राइम फाइल्स' जैसी सुपरहिट सीरीज बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. एक इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर उतरने से पहले बेलराज ने ‘निझल’, ‘मधुरम’ और ‘डाकिनी’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में बतौर असिस्टेंट काम सीखा था. इसके अलावा उन्होंने राहुल रिजी नायर के साथ ‘डाकिनी’, ‘कीडम’ और ‘खो खो’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में भी को-डायरेक्टर के तौर पर काम किया था.
फिल्ममेकर बेलराज कलारिकल ने कुछ ही समय पहले अपनी निजी जिंदगी में एक नए और खूबसूरत सफर की शुरुआत की थी. वे करीब 6 साल से आथिरा बिंदु साबू के साथ रिश्ते में थे और इसी साल 11 सितंबर 2026 को दोनों ने बड़े प्यार से शादी रचाई थी. अभी उनकी नई शादी की खुशियां घर में चल ही रही थीं कि शादी के ठीक एक महीने बाद इस दिल दहला देने वाले हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया. इस मनहूस खबर ने उनके परिवार, नई नवेली दुल्हन और करीबियों को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. किसी के पास भी इस गम को बयां करने के लिए शब्द नहीं बचे हैं.