सिनेमाघरों में इस शुक्रवार एक साथ कई बड़ी फिल्मों ने दस्तक दी. टिकट काउंटर्स पर दर्शकों को खींचने के लिए इन फिल्मों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. हर कोई अपनी पसंद की फिल्म देखने थिएटर पहुंच रहा है. कोई एक्शन फिल्म का दीवाना है, तो किसी को सस्पेंस और ड्रामा पसंद आ रहा है. हालांकि, इस भारी क्लैश के बीच सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने बाकी सभी फिल्मों को बहुत पीछे छोड़ दिया है. बॉक्स ऑफिस पर ऐसा माहौल बन गया है कि बाकी चार फिल्में अपना बजट निकालने और ऑडियंस को खींचने के लिए बड़े पर्दे पर जूझती नजर आ रही हैं.
कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘जेलर 2’ ने भारत में नेट 144.60 करोड़ का तगड़ा कलेक्शन कर लिया है. देश में इसका कुल ग्रॉस 169.65 करोड़ रुपये पहुंच गया है. विदेशों से भी फिल्म ने 147.50 करोड़ रुपये बटोरे हैं, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस 317.15 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म ने पहले दिन 59.70 करोड़, दूसरे दिन 37.10 करोड़ और तीसरे दिन 47.80 करोड़ रुपये कमाए. वहीं, ‘राणाबाली’ ने भारत में नेट 16.55 करोड़ और दुनियाभर में 26.65 करोड़ का बिजनेस किया. ‘नई नवेली’ ने 7.25 करोड़, ‘प्रहार’ ने 5.50 करोड़ और ‘स्ट्रीट फाइटर’ ने केवल 2.46 करोड़ रुपये जुटाए हैं.

‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में 16 अक्टूबर को बड़े स्केल पर रिलीज हुई है. इस धांसू एक्शन थ्रिलर का डायरेक्शन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है. फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर लीड रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथ मोहनलाल, शिव राजकुमार और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े सितारे अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं. करीब 200 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में ही अपनी लागत से काफी ज्यादा कमाई निकाल ली है. फिल्म की कहानी, रजनीकांत का अंदाज और अनिरुद्ध का म्यूजिक ऑडियंस को थिएटर्स तक खींचने में पूरी तरह कामयाब रहा है, जैसा हमेशा से होता आया है.
दूसरी तरफ रिलीज हुई विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना की ‘राणाबाली’ एक बड़े बजट की एक्शन ड्रामा फिल्म है. करीब 50 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में ठीकठाक पकड़ बनाई, लेकिन ‘जेलर 2’ के सामने इसकी रफ्तार सुस्त पड़ गई. दूसरे दिन इस फिल्म ने 7.30 करोड़ की कमाई की. वहीं, यामी गौतम की ‘नई नवेली’ एक फैमिली ड्रामा हॉरर कॉमेडी फिल्म है. लगभग 15 से 20 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म लिमिटेड ऑडियंस तक पहुंच पाई. दूसरे दिन इसकी कमाई में मामूली सुधार दर्ज हुआ है. शनिवार को यानी दूसरे दिन इस फिल्म ने 4 करोड़ की कमाई की.

‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ एक बायोग्राफिकल कोर्टरूम ड्रामा है, जो जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और अहम मुकदमों पर आधारित है. इस संजीदा फिल्म का डायरेक्शन मंजीत सिंह ने किया है और इसमें लीड रोल में बॉलीवुड के जाने-माने मंझे हुए राजकुमार राव उनके किरदार में नजर आ रहे हैं. करीब 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म कानूनी दांव-पेचों को बहुत ही सादगी से दिखाती है. फिल्म ने दो दिनों में घरेलू स्तर पर 5.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं. माउथ पब्लिसिटी के दम पर इसके आंकड़े आगे सुधरने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है. दूसरे दिन फिल्म ने 2.35 करोड़ की कमाई की.
आखिर में में बात करें ‘स्ट्रीट फाइटर’ की, तो ये एक गेम पर आधारित एक्शन एंटरटेनर फिल्म है, जिसे यंग ऑडियंस को ध्यान में रखकर बनाई गई है. करीब 15 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म में नए और यंग कलाकारों ने अपने मार्शल आर्ट्स के जौहर दिखाए हैं. हालांकि, भारी कंपटीशन के चलते फिल्म को बहुत कम स्क्रीन्स मिली हैं. पहले दिन 1.05 करोड़ और दूसरे दिन 1.41 करोड़ रुपये कमाकर इसने दो दिनों में कुल 2.46 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. अगर आने वाले दिनों में दर्शक नहीं बढ़े, तो इसका सफर मुश्किल हो सकता है. अब देखना आने वाले दिनों में ये कितनी कमाई कर सकती है.