App

नई नवेली, रणबाली, प्रहार और स्ट्रीट फाइटर... किस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दिखाया अपना कमाल? 9 करोड़ कमाकर की शुरुआत

2026 Box Office Collection Clash: सिनेमाघरों में इस शुक्रवार चार अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली. एक्शन, ड्रामा, हॉरर-कॉमेडी और रोमांस के इस दंगल में एक फिल्म ने बाजी मारते हुए पहले दिन शानदार कमाई की. चलिए बताते हैं कौन-सी फिल्म आगे निकली और किसने कितनी कमाई की.

नई नवेली, रणबाली, प्रहार और स्ट्रीट फाइटर... किस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दिखाया अपना कमाल? 9 करोड़ कमाकर की शुरुआत
Image Credit: बॉक्स ऑफिस पर एक साथ रिलीज हुईं चार बड़ी फिल्में

सिनेमाघरों में इस हफ्ते दर्शकों को जबरदस्त घमासान देखने को मिला. बड़े पर्दे पर ‘नई नवेली’, ‘रणबाली’, ‘प्रहार’ और ‘स्ट्रीट फाइटर’ जैसी चार अलग-अलग जॉनर की फिल्में एक साथ रिलीज हुईं. चारों ही फिल्मों ने अपने-अपने अंदाज, कहानी और स्टारकास्ट के सहारे टिकट काउंटर पर दर्शकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. सिनेमा देखने वालों के सामने इस बार कई तरह के ऑप्शन मौजूद थे. किसी फिल्म में बड़े सितारों की टोली, तो किसी फिल्म के शानदार गाने, तो किसी फिल्म की कहानी लोगों को खींच रही थी. कुल मिलाकर ये हफ्ता एंटरटेनमेंट के शौकीनों के लिए काफी खास रहा.

हॉरर और कॉमेडी के यूनिक मेल वाली फिल्म ‘नई नवेली’ सिनेमाघरों में आ चुकी है. ये फिल्म शादी के बाद जिंदगी में आने वाले नए मोड़ों और रिश्तों की उलझनों को बहुत ही हल्के फुल्के अंदाज में दिखाती है. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने पहले दिन करीब 3.25 करोड़ रुपये की ठीकठाक कमाई की है. कम बजट और लिमिटेड प्रमोशन को देखते हुए ये शुरुआत बिल्कुल खराब नहीं है. सिनेमा हॉल से फिल्म देखकर निकल रहे परिवार इसकी काफी तारीफ कर रहे हैं. अगर दर्शकों का ये प्यार इसी तरह मिलता रहा तो आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में अच्छा खासा उछाल देखने को मिल सकता है.

Box Office Collection Clash

‘रणबाली’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा

जबरदस्त एक्शन और बदले के ताने-बाने पर बनी ‘रणबाली’ ने थियेटरों में आते ही बाकी सभी फिल्मों को पछाड़ दिया. रिलीज से पहले ही लोगों के बीच इसको लेकर गजब का क्रेज था. पहले दिन ही इस फिल्म ने करीब 9.25 करोड़ रुपये बटोरकर सबको हैरान कर दिया. सुबह के पहले शो से ही सिनेमाहॉल खचाखच भरे नजर आए, जिसका सीधा फायदा टिकटों की पहले से हुई भारी बुकिंग को मिला. फिल्म कारोबार पर नजर रखने वाले जानकारों का कहना है कि आम लोगों को ये एक्शन ड्रामा बेहद पसंद आ रहा है. ऐसे में ये उम्मीगद लगाई जा सकती है कि आने वाले दिनों में ये धांसू कमाई कर सकती है.

कोर्टरूम ड्रामा ‘प्रहार’ की शुरुआत

सोशल मुद्दों और ज्यूडिशियल सिस्टम को सामने लाती फिल्म ‘प्रहार’ ने रिलीज के पहले दिन पर्दे पर ठीक-ठाक कमाई की. सीरियस किस्म की फिल्में पसंद करने वाले दर्शकों ने इस कोर्टरूम ड्रामे को काफी सराहा. शुरुआती आंकड़ों की बात करें तो पहले दिन इस फिल्म ने 2.35 करोड़ रुपये जुटाए. बजट और कहानी को देखते हुए इसे एक अच्छी शुरुआत मानी जा रही है. कोर्ट रूम के अंदर के डायलॉग्स और कलाकारों की दमदार एक्टिंग दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखती है. अब सबकी नजरें शनिवार और रविवार की कमाई पर टिकी हैं. उम्मीद है कि ये फिल्म आगे और अच्छी कमाई कर सकती है.

2026 Box Office Collection Clash

‘स्ट्रीट फाइटर’ की धीमी रफ्तार

कमजोर हालात से जूझते एक आम योद्धा की कहानी दिखाने वाली एक्शन फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ पहले दिन दर्शकों को खींचने में नाकाम रही. सिनेमाघरों में फिल्म की शुरुआत काफी ठंडी रही और ये पहले दिन केवल 1.05 करोड़ रुपये ही कमा सकी. किसी बड़े सितारे का चेहरा न होना और प्रमोशन की भारी कमी इसके कमजोर परफॉर्मेंस की असल वजह बनी. पर्दे पर दिखाया गया एक्शन दमदार होने के बावजूद इतनी धीमी रफ्तार ने मेकर्स की पेशानी पर बल ला दिए हैं. अब इस फिल्म का पूरा भविष्य दर्शकों के वर्थ ऑफ माउथ, शनिवार और रविवार को होने वाली टिकटों की सेल्स पर टिका है.

पहले दिन की टक्कर का नतीजा

अगर चारों फिल्मों की पहले दिन की कुल कमाई पर नजर डालें, तो ‘रणबाली’ 9.25 करोड़ रुपये के साथ सबसे मजबूत बनकर उभरी है. दूसरे नंबर पर 3.25 करोड़ रुपये के साथ ‘नई नवेली’ रही, जबकि 2.35 करोड़ रुपये के साथ ‘प्रहार’ तीसरे स्थान पर टिकी है. वहीं, ‘स्ट्रीट फाइटर’ 1.05 करोड़ रुपये के साथ सबसे पीछे छूट गई. आंकड़ों से साफ जाहिर है कि एक्शन और बड़े कैनवास वाली फिल्म को दर्शकों ने पहली पसंद बनाया. अब ये देखना काफी दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में पॉजिटिव चर्चा के दम पर कौन-सी फिल्म अपनी रफ्तार को और आगे बढ़ा पाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More