किसी भी कीमत पर बिना वीजा जाना चाहता था विदेश, IGI एयरपोर्ट में घुसने वाला निकला हरियाणा का एथलीट
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन घुसने की कोशिश करने वाले सोनीपत निवासी एथलीट कुनाल को CISF ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश करने वाले आरोपी युवक की पहचान एथलीट कुनाल के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि कुनाल ने जब जबरदस्ती एयरपोर्ट में घुसने की कोशिश की तो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया.
IGI एयरपोर्ट में घुसने की कोशिश करने वाला युवक निकला एथलीट
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी कुनाल हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. वह एथलीट है और पश्चिम बंगाल में ट्रेनिंग करता है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि कुनाल किसी भी कीमत पर विदेश जाना चाहता था. कुनाल के पास वीजा और कोई वैध ट्रैवल डॉक्यूमेंट नहीं था. इसके कारण वह जबरदस्ती एयरपोर्ट में घुसने लगा था और बाद में पकड़ा गया.
संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज
अधिकारियों ने बताया कि CISF की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. आगे नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.
CISF जवानों को चकमा देकर एयरपोर्ट में घुसा था एथलीट
इससे पहले, सामने आए वीडियो में आरोपी युवक को सीआईएसएफ कर्मियों को चकमा देते हुए जबरदस्ती एयरपोर्ट के अंदर घुसते हुए देखा गया. यह घटना टर्मिनल 3 के डिपार्चर गेट पर हुई, जहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे टर्मिनल में अनधिकृत रूप से घुसने की कोशिश करते देखा. सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोका और 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) की मदद से उसे पकड़ लिया.
सीआईएसएफ के अनुसार, घुसने की कोशिश के कुछ ही सेकंड के भीतर उस व्यक्ति को रोक लिया गया और काबू में कर लिया गया. डिपार्चर गेट पर तैनात कर्मियों और क्यूआरटी के बीच समय रहते तालमेल बिठाने से उस व्यक्ति को बिना जरूरी यात्रा दस्तावेजों के एयरपोर्ट के प्रतिबंधित टर्मिनल में घुसने से रोका जा सका.
इसके साथ ही, सीआईएसएफ ने अपनी त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक संभावित सुरक्षा चूक को रोक दिया. सीआईएसएफ ने अपने बयान में कहा कि उसके कर्मी एयरपोर्ट की सुरक्षा से समझौता करने की किसी भी कोशिश का जवाब देने के लिए हमेशा सतर्क और तैयार रहते हैं.
(Input: आईएएनएस)