App

दिल्ली के द्वारका में 3 किलो गांजे के साथ तस्कर अरेस्ट.. चांदी के गहने और 59 हजार रुपये भी मिले

हरिदास नगर थाना पुलिस ने 3.032 किलोग्राम गांजे के साथ नवीन को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से चांदी के आभूषण, 59 हजार रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी बरामद हुई है

दिल्ली के द्वारका में 3 किलो गांजे के साथ तस्कर अरेस्ट.. चांदी के गहने और 59 हजार रुपये भी मिले
Image Credit: Delhi police File Photo Zee Media Library

दिल्ली के द्वारका जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 3.032 किलोग्राम गांजा, चांदी के आभूषण और 59 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय नवीन के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं.

नशा तस्करी रोकने के लिए बनाई गई थी विशेष टीम

पुलिस के अनुसार, द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर इलाके में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. नजफगढ़ सब-डिवीजन के एसीपी राज कुमार की देखरेख में बनी इस टीम का नेतृत्व बाबा हरिदास नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार कर रहे थे. टीम में एसआई ध्यानेंद्र प्रताप, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल राजेश भाटी शामिल थे. टीम को इलाके में गश्त बढ़ाने और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी.

स्कूटी पर थैला लेकर जा रहा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिसकर्मी नजफगढ़ स्थित बंगाली क्लिनिक के पास गुप्ता मार्केट वाली गली में पहुंचे. वहां एक व्यक्ति स्कूटी पर सफेद प्लास्टिक का थैला लेकर जाता दिखाई दिया. उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोक लिया और थैले की तलाशी ली. तलाशी के दौरान थैले से 3.032 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके अलावा पुलिस को एक अन्य थैले से चांदी के आभूषण और 59 हजार रुपये नकद मिले. इसके बाद पुलिस ने स्कूटी को भी जब्त कर लिया.

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चार मामले

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नवीन पुत्र महावीर के रूप में बताई. वह दिल्ली के नजफगढ़ स्थित इंदिरा मार्केट, नई अनाज मंडी का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बाबा हरिदास नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, नवीन के खिलाफ वर्ष 2019 से 2025 के बीच एनडीपीएस एक्ट और दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत चार मामले पहले से दर्ज हैं.

गांजे की सप्लाई करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. बरामद चांदी के आभूषणों और नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत नशे की खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. IANS Input

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Pandey

Gaurav Pandey

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More