App

चतरा में NTPC प्लांट में स्ट्रक्चर गिरने से 3 मजदूरों की मौत, कई मजदूर घायल

चतरा के NTPC प्लांट में स्ट्रक्चर ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई. जबकि, कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इन घायल मजूदरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

चतरा में NTPC प्लांट में स्ट्रक्चर गिरने से 3 मजदूरों की मौत, कई मजदूर घायल
Image Credit: चतरा में बड़ा हादसा: NTPC प्लांट में स्ट्रक्चर ढहने से तीन मजदूरों की जान गई (Z News)

चतरा जिला के टंडवा स्थित NTPC प्लांट में 18 नवंबर बुधवाक को एक बड़ा हादसा हो गया है. यहां निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर गिरने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. इस दुर्घटना में कई अन्य मजदूर घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा CHP-JH-1 लोकेशन पर हुआ है.

मिली जानकारी के अनुसार, इस निर्माण कार्य का मुख्य ठेका थायसन कंपनी को मिला था, जबकि पेटी कांट्रेक्टर के रूप में सिंपलेक्स कंपनी ग्राउंड पर काम करा रही थी. शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा स्ट्रक्चर के डिजाइन में खामी के कारण हुआ है. घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई.

लातेहार में 18 वर्षीय समीता कुमारी सड़क हादसे में मौत

वहीं, लातेहार में 18 नवंबर बुधवार का दिन एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाले दर्द में बदल गया. रोज की तरह अपनी बड़ी बहन के साथ मजदूरी करने लातेहार जा रही 18 वर्षीय समीता कुमारी को क्या पता था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है. अभी दोनों बहनें काम पर पहुंच भी नहीं पाई थी कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने समीता को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर भी पलट गया.

घटना जिला मुख्यालय के अंबाटीकर के पास की बताई जा रही है. मृतका की पहचान मनिका थाना क्षेत्र के दुदू गांव निवासी समीता कुमारी (18 वर्ष), पिता श्रीराम सिंह के रूप में हुई है. उसकी बड़ी बहन कमीता ने बताया कि दोनों बहनें रोजाना काम और मजदूरी के सिलसिले में लातेहार आती थी. बुधवार की सुबह भी दोनों अपने घर से खुशी-खुशी काम के लिए निकली थी. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बहन को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया.

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर संतोष साव का बताया जा रहा है, जो बुधवार सुबह ईंट लेने के लिए कैमा की ओर जा रहा था. ट्रैक्टर को संतोष उरांव नामक चालक चला रहा था. दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य युवक जितेंद्र भुइयां, पिता सदीक भुइयां भी घायल हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था और वाहन की रफ्तार भी काफी तेज थी. इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर समीता को अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया. हालांकि, चालक के नशे में होने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

चतरा से धर्मेंद्र पाठक और लातेहार से संजीव गिरी की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More